महाकाल के दरबार में Sara Arjun! धुरंधर की सक्सेस के बाद शिवभक्ति में डूबीं, Madhubala बायोपिक पर बड़ा अपडेट
धुरंधर से सुर्खियों में आईं सारा अर्जुन महाशिवरात्रि पर महाकाल मंदिर पहुंचीं और भस्म आरती में शामिल हुईं. इसी बीच मधुबाला बायोपिक और नई फिल्मों को लेकर भी उनका नाम चर्चा में बना.
20 साल की यंग एक्ट्रेस सारा अर्जुन (Sara Arjun) ने हाल ही में रणवीर सिंह और आदित्य धर की फिल्म 'धुरंधर' से बॉलीवुड में डेब्यू किया. इस फिल्म में शानदार एक्टिंग करके उन्होंने सबका ध्यान अपनी ओर खींचा और एक नई दमदार एक्ट्रेस के रूप में अपनी पहचान बना ली. फिल्म की सफलता के बाद अब 'धुरंधर' का सीक्वल भी काफी लोकप्रिय हो रहा है. सारा इस सफलता का पूरा आनंद ले रही हैं. फिलहाल सारा कई बड़ी प्रोडक्शन कंपनियों के साथ अपनी आने वाली फिल्मों को लेकर चर्चा कर रही हैं.
उनके अगले प्रोजेक्ट्स को लेकर काफी एक्साइटमेंट है. खबरों में बताया जा रहा है कि वे मधुबाला की बायोपिक में काम कर सकती हैं. इसके अलावा इम्तियाज अली की फिल्म 'हीर रांझा' में भी उनका नाम चर्चा में है. हालांकि ये सभी खबरें अभी सिर्फ अफवाहें हैं और कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है. इन सब व्यस्तताओं के बीच सारा अर्जुन भगवान शिव की भक्ति में बहुत ज्यादा समय दे रही हैं. हाल ही में वे ईशा फाउंडेशन के एक कार्यक्रम में भी नजर आई थीं और अब महाशिवरात्रि के मौके पर शनिवार को उन्होंने अपने परिवार के साथ उज्जैन के प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन किए.
महाकालेश्वर मंदिर में सारा अर्जुन
सारा अपने माता-पिता और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मंदिर पहुंचीं. वह वहां भस्म आरती में शामिल हुईं. गुलाबी रंग की सुंदर साड़ी पहने सारा उस दिन बेहद खूबसूरत और भक्तिभाव से भरी नजर आ रही थीं. भस्म आरती और दर्शन करने के बाद जब पत्रकारों ने उनसे बात की, तो सारा ने बताया कि उन्होंने मंदिर में कोई खास या बड़ी मांग नहीं की. उन्होंने बस भगवान शिव से स्वास्थ्य, धन और सफलता की सामान्य प्रार्थना की. उन्होंने कहा, 'यह अनुभव बहुत अद्भुत था. मैं पूरी तरह से हैरान रह गई थी. मेरा दिल खुश हो गया.'
मां के जन्मदिन पर मंदिर दर्शन
उस दिन सारा की मां का जन्मदिन भी था. जब पत्रकारों ने पूछा कि क्या यही वजह थी मंदिर आने की, तो सारा ने बहुत विनम्रता से जवाब दिया, 'हम इसे किसी खास दिन से नहीं जोड़ते. हम हर दिन भगवान का आशीर्वाद लेते रहते हैं. लेकिन हां, आज हमारे परिवार के लिए बहुत शुभ और खास दिन है.'
अगली फिल्म के बारे में क्या बोलीं सारा?
पत्रकारों ने उनसे ‘धुरंधर’ की सफलता के बाद उनकी अगली फिल्म के बारे में भी सवाल किया. सारा ने मुस्कुराते हुए इस सवाल को टाल दिया. उन्होंने ऊपर की ओर इशारा करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी सारी जिम्मेदारी और भविष्य भगवान शिव पर छोड़ दिया है.
मधुबाला बायोपिक की खबरें
इसी बीच, सारा अर्जुन को लेकर एक बड़ी खबर यह भी आ रही है कि वे 'मधुबाला' की भूमिका निभा सकती हैं. यह फिल्म संजय लीला भंसाली के समर्थन से बन रही है और जसमीत सिंह रीन इसके डायरेक्टर हैं. खबरों के अनुसार, सारा इस रोल के लिए काफी मेहनत कर रही हैं. वे मधुबाला के लुक, स्टाइल, बोलने के तरीके और स्टाइल को सही ढंग से समझने और अपनाने के लिए खास तैयारी कर रही हैं. फिल्म को एक इमोशनल ड्रामा के रूप में बनाया जा रहा है. यह फिल्म मधुबाला की सफलता के साथ-साथ उनके निजी जीवन के संघर्षों को भी दिखाएगी. हालांकि कुछ रिपोर्ट्स में यह भी कहा जा रहा है कि कल्याणी प्रियदर्शन से भी इस रोल के लिए बात की गई है. अभी तक मेकर्स की तरफ से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है.




