'तुम्हारी सात पुश्तें भी कुछ नहीं बिगाड़ पाएंगी', Ranveer Singh और Rohit Shetty को फिर मिली धमकी, हैरी बॉक्सर का ऑडियो आया सामने
बॉलीवुड स्टार रणवीर सिंह और डायरेक्टर रोहित शेट्टी को एक बार फिर धमकी भरा ऑडियो मैसेज मिला है, जिसमें लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम सामने आया है. मुंबई पुलिस मामले की जांच कर रही है और दोनों सितारों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है.
बॉलीवुड स्टार रणवीर सिंह और फेमस डायरेक्टर रोहित शेट्टी को फिर से धमकी मिली है. यह धमकी लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ी बताई जा रही है, और इसमें गैंग के सदस्य हैरी बॉक्सर जिसे हरि चंद उर्फ हैरी बॉक्सर भी कहा जाता है, का नाम सामने आया है. धमकी वाले ऑडियो मैसेज में कथित तौर पर हैरी बॉक्सर ने कहा है, 'रणवीर सिंह, तूने रोहित शेट्टी को पुलिस में शिकायत करने की सलाह दी थी न? अब तुझे बताएंगे कि हमारी ताकत क्या है. तेरी सात पीढ़ियां भी कुछ नहीं बिगाड़ पाएंगी. तुम दोनों के जितने भी मैनेजर हैं, वो कहां रहते हैं, कब आते-जाते हैं, परिवार कहां है सब कुछ हमें पता है.
आगे कहा, 'एक-एक करके मैनेजरों को ठिकाने लगाना शुरू करेंगे, वरना सुधर जाओ.' यह धमकी इसलिए दी गई क्योंकि दोनों ने पुलिस में शिकायत की थी. साथ ही, इसमें पैसे की मांग (एक्सटॉर्शन) भी शामिल है – कुछ रिपोर्ट्स में 1 करोड़ से लेकर 10 करोड़ तक की रकम बताई गई है. धमकी रणवीर सिंह के मैनेजर के फोन पर आई थी.
हैरी बॉक्सर ने और क्या जिम्मेदारी ली?
हैरी बॉक्सर ने एक अन्य घटना की भी जिम्मेदारी ली है पुर्तगाल में भारतीय लोगों के पासपोर्ट जप्त करने या वहां के कुछ मामलों में फायरिंग की. गैंग विदेशों में भी सक्रिय है और VPN इस्तेमाल करके मैसेज भेजता है ताकि ट्रेस न हो सके.
ANI
पुलिस क्या कह रही है?
मुंबई पुलिस खासकर क्राइम ब्रांच का कहना है. यह ऑडियो मैसेज मीडिया और सोशल मीडिया से ही उन्हें मिला है. जांच चल रही है कि यह असली है या फेक क्योंकि आजकल AI से बहुत आसानी से ऐसे फर्जी ऑडियो बनाए जा सकते हैं. असली धमकी और नकली में फर्क करना मुश्किल होता है, लेकिन वे इसकी जांच कर रहे हैं. आवाज हैरी बॉक्सर से मिलती-जुलती बताई जा रही है, और इंटरपोल की मदद भी ली जा सकती है. रणवीर सिंह और रोहित शेट्टी की सुरक्षा बढ़ा दी गई है.
पूरी घटना क्या है?
कुछ दिन पहले यानी 31 जनवरी 2026 के आसपास रोहित शेट्टी के मुंबई स्थित घर शेट्टी टावर, जुहू के बाहर पांच राउंड फायरिंग हुई थी. कोई घायल नहीं हुआ, लेकिन यह घटना काफी चर्चा में रही. फायरिंग की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली थी. गैंग के सदस्यों जैसे शुभम लोंकर, अर्जुन बिश्नोई और हैरी बॉक्सर ने ऑडियो/सोशल मीडिया पर कहा था कि यह 'ट्रेलर' है, और रोहित शेट्टी को चेतावनी दी गई थी कि वे उनके काम में दखल न दें. इसके बाद 10 फरवरी के आसपास रणवीर सिंह को पहली धमकी मिली. अब दोनों को एक बार फिर नई धमकी मिली है.





