Shanaya Kapoor हुईं थी इमोशनल चीटिंग का शिकार, एक्ट्रेस के साथ 5 और लड़कियों को डेट कर रहा था एक्स
शनाया कपूर ने पॉडकास्ट में अपने एक्स बॉयफ्रेंड की इमोशनल चीटिंग का खुलासा किया. विदेश ट्रिप के दौरान सच सामने आया, ब्रेकअप के बाद 'गिल्टी इयररिंग्स' बनी यादगार.
एक्ट्रेस शनाया कपूर (Shanaya Kapoor) ने हाल ही में एक पॉडकास्ट में अपने पुराने रिश्ते की एक बहुत ही चौंकाने वाली और दुखद घटना के बारे में खुलासा किया है. यह बात उन्होंने 'रिलेशनशिप एडवाइस' नाम के पॉडकास्ट में बताई, जहां वे प्यार, चीट और इमोशनल धोखे जैसे टॉपिक पर चर्चा कर रही थी. शनाया ने बताया कि उनका एक एक्स- बॉयफ्रेंड था, जिसके साथ उनका रिश्ता उन्हें बहुत परफेक्ट लग रहा था. वे दोनों विदेश में छुट्टियां मना रहे थे. शनाया को लग रहा था कि उनकी जिंदगी अब सेट हो गई है. वे सोच रही थीं, "वाह, यह तो सच होने के लिए बहुत अच्छा है! यह सबसे बेहतरीन रिश्ता है, बस यही चाहिए था.'
सब कुछ इतना अच्छा चल रहा था कि उन्हें यकीन हो गया था कि यही उनका हमेशा का साथी है. लेकिन एक दिन सब कुछ बदल गया. वे रात के खाने के लिए बाहर जाने की तैयारी कर रहे थे. शनाया के फोन की बैटरी खत्म हो गई थी, इसलिए उन्होंने अपने बॉयफ्रेंड से टैक्सी बुक करने के लिए उसका फोन मांगा. फोन अनलॉक करते ही उन्हें एक मैसेज दिखा, जो उनकी एक्स-गर्लफ्रेंड का था. थोड़ा शक हुआ, तो उन्होंने चैट खोल ली. जो देखा, उससे उनके होश उड़ गए. उस चैट में बहुत आपत्तिजनक और फ्लर्ट वाली बातें थी. शनाया ने और गहराई से देखा, तो पता चला कि वह न सिर्फ उस एक लड़की से, बल्कि कुल पांच अन्य लड़कियों से भी इसी तरह मैसेज कर रहा था. वह उन सभी से ऐसे बात करता था जैसे वह सिंगल हो, कोई रिलेशनशिप में न हो.
क्या निकला स्क्रीनशॉट में?
जैसे मौसम कैसा है?, 'तुम मेरे शहर में हो, मिलते हैं?' वगैरह. शनाया को लगा कि यह तो बहुत बड़ा धोखा है. वे बहुत परेशान हो गईं तुरंत उन्होंने उन चैट्स के स्क्रीनशॉट ले लिए और स्नैपचैट पर अपने करीबी दोस्तों को भेजकर सलाह मांगी. उन दोस्तों में उनकी अच्छी सहेली अनन्या पांडे भी थी. अनन्या ने तुरंत कहा, 'तुरंत वहां से निकल आओ, ट्रेन पकड़ो और मेरे पास आ जाओ हम पास ही हैं.' लेकिन शनाया विदेश में थीं, अकेली और फंसी हुई महसूस कर रही थी. वे बोलीं, 'ट्रेन कैसे पकड़ूं? क्या करूं? उसके बाद के तीन दिन बहुत मुश्किल थे. शनाया ने बाहर से सब कुछ नॉर्मल दिखाया. डिनर पर गईं, घूमने गईं, लेकिन अंदर से टूट रही थी. वह दिखावा करती रहीं कि सब ठीक है, जबकि मन में यह धोखा बार-बार आ रहा था.
कोई फिजिकल चीज नहीं हुई
धीरे-धीरे उसके बॉयफ्रेंड को भी कुछ अजीब लगा. उसने शनाया को मनाने के लिए महंगे झुमके खरीदकर दिए. शनाया ने बाद में मजाक में उन्हें गिलटी इयररिंग्स कहा. ब्रेकअप हो गया, लेकिन शनाया ने कहा कि वे अभी भी कभी-कभी वो झुमके पहनती हैं और हंसते हुए कहती हैं कि 'मैंने इन्हें कमाया है!' जब शनाया ने उससे इस बारे में बात की, तो उसने मामले को बहुत हल्का करके बताया कि 'यह तो बस मैसेजिंग थी, कोई फिजिकल चीज नहीं हुई' लेकिन शनाया के लिए यह इमोशनल चीटिंग थी. उनके लिए भरोसा टूटना सबसे बड़ा दर्द था, चाहे शारीरिक कुछ हुआ हो या न हुआ हो.
शनाया की फिल्म
अब शनाया अपनी नई फिल्म 'तू या मैं' के प्रमोशन में व्यस्त हैं. इस फिल्म में उनके साथ आदर्श गौरव मुख्य भूमिका में हैं. यह फिल्म बेजॉय नाम्बियार ने डायरेक्ट की है. यह एक रोमांटिक थ्रिलर है, जिसमें दो इन्फ्लुएंसर्स की कहानी है जो एडवेंचर पर जाते हैं, लेकिन वहां खतरा हो जाता है. फिल्म 13 फरवरी 2026 को रिलीज हो रही है और बॉक्स ऑफिस पर शाहिद कपूर और तृप्ति डिमरी की फिल्म 'ओ रोमियो' से टकरा रही है. शनाया की यह कहानी बताती है कि रिश्तों में विश्वास कितना जरूरी है और धोखा मिलने पर इंसान कितना मजबूत बन सकता है.





