पाकिस्तान में Dhurandhar देखें सिर्फ 16 रुपये में! बैन के बावजूद, पाक की पसंद बनी रणवीर सिंह की फिल्म
पाकिस्तान में आधिकारिक रिलीज पर रोक के बावजूद ‘धुरंधर’ की पायरेटेड DVDs खुलेआम बिक रही हैं. नेटफ्लिक्स पर रिलीज के बाद यह फिल्म ग्लोबल टॉप 10 में नंबर 1 तक पहुंच गई.
बैन लगने के बावजूद भी रणवीर सिंह की ब्लॉकबस्टर फिल्म 'धुरंधर' (Dhurandhar) को कोई नहीं रोक पाया. यह फिल्म इतनी लोकप्रिय हो गई है कि पाकिस्तान और कुछ खाड़ी देशों में सिनेमाघरों में रिलीज होने से रोकी गई थी, लेकिन अब यह वहाँ के पायरेटेड (नकली) डीवीडी बाजारों में खुलेआम बिक रही है और सबसे हैरानी वाली बात यह है कि इसकी एक कॉपी की कीमत सिर्फ 50 पाकिस्तानी रुपये यानी लगभग 16 भारतीय रुपये है. इतनी कम कीमत देखकर लोग दंग रह जाते हैं. यह स्पाई थ्रिलर फिल्म आदित्य धर ने निर्देशित की है.
हाल ही में इसे नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीमिंग के लिए रिलीज किया गया, जिसके बाद पाकिस्तान में भी दर्शक इसे आसानी से देख पाए. लेकिन अब तो हालात यह हैं कि कराची के मशहूर रेनबो सेंटर जैसे बाजारों में इसकी पायरेटेड डीवीडी बहुतायत से मिल रही हैं. न्यूजीलैंड के प्रसिद्ध यूट्यूबर कार्ल रॉक ने हाल ही में कराची घूमते हुए एक वीडियो बनाया, जो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है. इस वीडियो में वे रेनबो सेंटर की दुकानों पर घूमते दिखते हैं और वहां एक दुकानदार से बात करते हैं. दुकानदार उन्हें 'धुरंधर' का पोस्टर दिखाता है, जिसमें रणवीर सिंह की तस्वीर है.
कीमत सुनकर हैरान यूट्यूबर
कार्ल रॉक हैरान होकर कहते हैं, 'पाकिस्तान में भारतीय फिल्में तो बैन हैं, लेकिन देखिए मुझे क्या मिल गया..और यह तो एकदम नई फिल्म है, हिंदुस्तान से आई हुई. दुकानदार भी मुस्कुराते हुए कन्फर्म करता है कि हां, यह हाल ही में रिलीज हुई फिल्म है. जब कार्ल ने कीमत पूछी, तो दुकानदार ने बताया, 'सिर्फ 50 पीकेआर (पाकिस्तानी रुपये) में मिल जाएगी. यह सुनकर कार्ल ने तुरंत कहा, 'वाह, बहुत सस्ती है.'
क्या रिश्ता है रणवीर का पाकिस्तान से?
कार्ल ने वीडियो में यह भी बताया कि रणवीर सिंह सिंधी हैं और उनके दादा-दादी कराची के ही थे, जो विभाजन के समय भारत आ गए थे. इस वजह से भी शायद फिल्म पाकिस्तान में लोगों को और ज्यादा पसंद आ रही है. यह वीडियो देखकर सोशल मीडिया पर लोग काफी चर्चा कर रहे हैं. कई यूजर्स ने लिखा कि दोनों देशों के बीच इतनी नफरत और तनाव क्यों है? एक ने कमेंट किया, 'भारत-पाकिस्तान का यह झगड़ा बिल्कुल मजाकिया लगता है. काश एक दिन सब ठीक हो जाए.' किसी ने कहा, 'यह फिल्म पाकिस्तान में भारत से भी ज्यादा हिट हो गई है!.'
IMDB
फिल्म के बारें में
दरअसल, बैन के बावजूद 'धुरंधर' ने डिजिटल प्लेटफॉर्म पर जबरदस्त कमाल किया है. जनवरी 2026 में नेटफ्लिक्स पर रिलीज होने के बाद यह फिल्म वैश्विक स्तर पर नॉन-इंग्लिश फिल्मों की टॉप 10 लिस्ट में नंबर 1 पर पहुंच गई. भारत और पाकिस्तान दोनों में भी यह नंबर 1 रही. लाखों लोग इसे ऑनलाइन देख चुके हैं, और पायरेटेड तरीके से भी इसकी मांग बहुत ज्यादा है.





