Begin typing your search...

राज कपूर-धर्मेंद्र ही नहीं, ये बॉलीवुड सुपरस्टार्स भी नहीं चाहते थे बेटियों को हीरोइन बनते देखना, पत्रकार हनीफ जावेरी ने क्या-क्या खोले राज?

हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में कई ऐसे बड़े परिवार रहे हैं, जहां बेटियों और बहुओं के फिल्मों में काम करने पर पाबंदी थी. राज कपूर, धर्मेंद्र और सुनील दत्त जैसे दिग्गज अभिनेता भी इस सोच के समर्थक थे. अब लेखक और फिल्म पत्रकार हनीफ जावेरी ने खुलासा किया है कि कपूर परिवार में यह परंपरा कैसे चली और करिश्मा-करीना ने इसे कैसे बदला.

राज कपूर-धर्मेंद्र ही नहीं, ये बॉलीवुड सुपरस्टार्स भी नहीं चाहते थे बेटियों को हीरोइन बनते देखना, पत्रकार हनीफ जावेरी ने क्या-क्या खोले राज?
X

मुंबई के प्रसिद्ध लेखक, वरिष्ठ फिल्म पत्रकार, अभिनेता और नाटककार हनीफ जावेरी ने हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के पुराने दौर से जुड़े कई दिलचस्प खुलासे किए हैं. हिंदी रश के साथ बातचीत में उन्होंने बताया कि राज कपूर, धर्मेंद्र, राजेंद्र कुमार और सुनील दत्त जैसे बड़े अभिनेता नहीं चाहते थे कि उनके परिवार की बेटियां फिल्मों में काम करें. कपूर परिवार में तो बहुओं और बेटियों के फिल्मों में काम करने को लेकर एक अलग ही नियम था, जिसे परिवार के कई सदस्यों ने निभाया.

हनीफ जावेरी ने बताया कि राज कपूर का फिल्म इंडस्ट्री में काफी दबदबा था. अगर वह नहीं चाहते तो करिश्मा कपूर के लिए फिल्मों में काम करना आसान नहीं होता. उन्होंने कहा, "राज कपूर अगर होते तो बबीता उनसे दूर भी रहतीं, तब भी वह करिश्मा को फिल्मों में काम नहीं करने देते. राज कपूर का इंडस्ट्री में इतना होल्ड था कि अगर वह नहीं चाहते तो कोई प्रोड्यूसर करिश्मा कपूर को अपनी फिल्म में नहीं लेता."

धर्मेंद्र और सुनील दत्त भी नहीं चाहते थे बेटियां करें फिल्मों में काम

हनीफ जावेरी के मुताबिक, सिर्फ कपूर परिवार ही नहीं, बल्कि धर्मेंद्र और सुनील दत्त जैसे अभिनेता भी अपनी बेटियों के फिल्मों में काम करने के पक्ष में नहीं थे. धर्मेंद्र की पहली पत्नी प्रकाश कौर की बेटियों की तस्वीरें भी लंबे समय तक सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आईं. उन्होंने अपने परिवार को फिल्म इंडस्ट्री से दूर रखा.

धर्मेंद्र भी नहीं चाहते थे कि उनकी बेटियां ईशा और अहाना फिल्मों में काम करें, लेकिन हेमा मालिनी खुद फिल्म इंडस्ट्री का हिस्सा थीं. ऐसे में उन्होंने अपनी बेटियों को अभिनय के क्षेत्र में आने के लिए समर्थन दिया. वहीं, सुनील दत्त की बेटियां भी फिल्मों में करियर बनाने के लिए आगे नहीं आईं.

हमें Whatsapp पर फॉलो करें

बबीता की जिद से फिल्मों में आईं करिश्मा और करीना

हनीफ जावेरी ने बताया कि राज कपूर के निधन के बाद रणधीर कपूर और बबीता के बीच रिश्तों में तनाव बढ़ गया था. दोनों ने अलग रहना भी शुरू कर दिया था. रणधीर कपूर नहीं चाहते थे कि उनकी बेटियां फिल्मों में काम करें, लेकिन बबीता इसके पक्ष में थीं. वह करिश्मा को लेकर प्रोड्यूसर्स के पास जाती थीं और उनके लिए फिल्मों में काम तलाशती थीं.

राज कपूर के निधन के बाद परिवार में पहले जैसी रोक नहीं रही और बबीता अपनी बेटियों को फिल्म इंडस्ट्री में लाने में कामयाब रहीं. इसी के बाद करिश्मा कपूर और करीना कपूर ने फिल्मों में अपनी पहचान बनाई. आज करीना कपूर इंडस्ट्री की जानी-मानी अभिनेत्रियों में शामिल हैं.

हमें Instagram पर फॉलो करें

वहीं, ऋषि कपूर ने अपनी बेटी रिद्धिमा कपूर को फिल्मों में नहीं लाया. उनकी शादी साहनी परिवार में हुई. दूसरी ओर, रणधीर और बबीता की बेटियों ने अभिनय की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाई.

कपूर परिवार की बहुओं के लिए भी था फिल्मों से दूरी बनाने का नियम

हनीफ जावेरी ने बताया कि कपूर परिवार में सिर्फ बेटियों ही नहीं, बल्कि बहुओं के लिए भी फिल्मों में काम नहीं करने का नियम था. बबीता ने शादी के बाद फिल्मों में काम करना बंद कर दिया था. इसी तरह नीतू सिंह ने साल 1980 में ऋषि कपूर से शादी करने के बाद परिवार की इस परंपरा का पालन करते हुए फिल्मों से दूरी बना ली थी.

हनीफ के मुताबिक, यह सोच कपूर परिवार में लंबे समय से चली आ रही थी. परिवार के कई सदस्यों ने इस नियम को माना. हालांकि, राज कपूर के निधन के बाद परिवार की अगली पीढ़ी में यह सोच बदलने लगी और करिश्मा-करीना जैसी अभिनेत्रियों ने फिल्म इंडस्ट्री में अपनी जगह बनाई.

रणधीर कपूर ने राज कपूर से की थी पढ़ाई छोड़ने की बात

हनीफ जावेरी ने रणधीर कपूर के करियर से जुड़ा एक किस्सा भी साझा किया. उन्होंने बताया कि राज कपूर ने लेखक और निर्देशक लेख टंडन से फोन पर कहा था कि उनका बेटा रणधीर पढ़ाई में ज्यादा अच्छा नहीं है और वह डायरेक्टर बनना चाहता है. इसके बाद रणधीर कपूर ने राज कपूर से कहा कि वह आगे पढ़ाई नहीं करना चाहते और आरके फिल्म्स की टीम से जुड़कर असिस्टेंट डायरेक्टर के तौर पर काम करना चाहते हैं.

इस पर लेख टंडन ने राज कपूर से कहा कि वह रणधीर को अपने साथ असिस्टेंट डायरेक्टर के तौर पर रख लें. वह उनके सेट पर उनके बेटे की तरह रहेगा और काम सीख सकेगा. बाद में रणधीर कपूर ने फिल्म 'कल आज और कल' का निर्देशन किया. इस फिल्म में वह खुद हीरो थे और बबीता उनकी हीरोइन थीं.

ऋषि कपूर ने रणबीर को क्यों नहीं दिया निकनेम?

हनीफ जावेरी ने बताया कि ऋषि कपूर अपने निकनेम से चिढ़ते थे. यही वजह थी कि उन्होंने रणबीर कपूर को कोई निकनेम नहीं दिया. उन्होंने यह भी बताया कि कपूर परिवार में बेटियों और बहुओं के फिल्मों में काम करने को लेकर काफी सख्त सोच थी. यह मानसिकता पृथ्वीराज कपूर के समय से चली आ रही थी.

उस दौर में फिल्मों में काम करने वाली महिलाओं को लेकर समाज में अलग नजरिया था. पहले के समय में फिल्मों में काम करने के लिए तवायफें आती थीं. इसी वजह से कपूर परिवार में यह धारणा बन गई थी कि घर की बहू-बेटियों को फिल्म इंडस्ट्री से दूर रखा जाए. राज कपूर भी इसी सोच को आगे बढ़ाते थे.

bollywood
अगला लेख