Money Heist Universe में फिर होगी सबसे बड़ी डकैती? Netflix ने शेयर की नई झलक के साथ ऑफिशियल अनाउंसमेंट
Netflix ने आधिकारिक तौर पर पुष्टि कर दी है कि Money Heist Universe अभी खत्म नहीं हुआ है. Berlin Season 2 से पहले जारी वीडियो ने नए स्पिन-ऑफ और बड़ी डकैती की अटकलें तेज कर दी हैं.
नेटफ्लिक्स अपने सबसे पॉपुलर स्पेनिश क्राइम शो मनी हाइस्ट (ला कासा दे पपेल) के यूनिवर्स को और आगे बढ़ाने जा रहा है. बर्लिन स्पिन-ऑफ सीरीज़ के दूसरे सीज़न के प्रीमियर से ठीक पहले इसकी ऑफिशियल अनाउंसमेंट की गई है. रविवार को नेटफ्लिक्स ने यूट्यूब पर एक खास वीडियो जारी करके फैंस को बताया कि यह रोमांचक कहानी अभी खत्म नहीं हुई है. वीडियो में कहा गया, 'इसकी शुरुआत पैसों से हुई. फिर सोना और कीमती खजाने आए. लेकिन क्रांति अभी बाकी है.' वीडियो में शो के यादगार सीन दिखाए गए और अंत में पीले दस्ताने पहने हाथों द्वारा सोने की ईंट निकालने का सीन आया, जिसने सबको और एक्साइटेड कर दिया. आखिर में स्क्रीन पर लिखा था, 'मनी हीस्ट की दुनिया जारी है.'
नेटफ्लिक्स के आधिकारिक बयान में बताया गया कि पहली नकद डकैती से लेकर स्पेन के बैंक से टन भर सोना चुराने वाली बड़ी योजना तक, यह सीरीज़ हमेशा नई-नई चौंकाने वाली कहानियों के साथ आगे बढ़ती रही. अब कंपनी इसे और विस्तार देने वाली है. हालांकि अभी यह साफ नहीं है कि अगली कहानी क्या होगी. क्या मुख्य सीरीज़ का छठा भाग आएगा? या कोई नया स्पिन-ऑफ सीरीज़ लॉन्च होगी? या फिर बर्लिन की कहानी का तीसरा सीज़न? नेटफ्लिक्स ने अभी इन सवालों के जवाब नहीं दिए हैं, लेकिन सोने की ईंट वाला सीन साफ संकेत दे रहा है कि नई कहानी में बड़ी डकैती या खजाने से जुड़ी योजना हो सकती है.
बर्लिन सीज़न 2 आने वाला है
यह घोषणा बर्लिन सीरीज़ के दूसरे सीज़न के रिलीज़ से सिर्फ पांच दिन पहले हुई है. इस नए सीज़न का पूरा नाम 'Berlín y la dama del armiño' यानी 'Berlin and the Lady with an Ermine' है. इसमें पेड्रो अलोंसो द्वारा निभाए गए किरदार बर्लिन (असली नाम एंड्रेस डी फोनोलोसा) की वापसी हो रही है। सीज़न 2 15 मई को नेटफ्लिक्स पर रिलीज़ होगा। प्रशंसक लंबे समय से इसकी बेसब्री से इंतजार कर रहे थे.
मनी हाइस्ट की जबरदस्त सफलता
'मनी हाइस्ट' मूल रूप से स्पेनिश भाषा में बनी थी और 2017 में एंटेना 3 चैनल पर आई थी. बाद में नेटफ्लिक्स ने इसे खरीदा और पूरे वर्ल्ड में ब्रॉडकास्ट किया. शो इतना पसंद किया गया कि नेटफ्लिक्स ने इसे और ज्यादा बजट देकर आगे बढ़ाया. कुल 5 सीज़न बने, जिनमें लास्ट पार्ट को अंतिम बताया गया था. लेकिन अब लगता है कि यह अंत नहीं, बस एक पड़ाव था. नेटफ्लिक्स ने हाल ही में सेविले में एक इवेंट में कुछ आंकड़े भी जारी किए. 2023 से 2025 तक के आंकड़ों के अनुसार, इस शो को 1.3 बिलियन घंटे देखा गया, जो लगभग 16 करोड़ बार पूरे शो देखने के बराबर है. पहले तीन सीज़न आज भी नेटफ्लिक्स की सर्वकालिक सबसे ज्यादा देखी जाने वाली नॉन-इंग्लिश सीरीज़ की लिस्ट में टॉप 10 में जगह बनाए हुए हैं.
बर्लिन स्पिन-ऑफ भी सुपरहिट
'मनी हाइस्ट' के स्पिन-ऑफ बर्लिन का पहला सीज़न भी कमाल का रहा. रिलीज़ के पहले हफ्ते में ही यह दुनिया भर में सबसे ज्यादा देखी जाने वाली सीरीज़ बन गई. यह 91 देशों में नेटफ्लिक्स टॉप 10 में शामिल हुई और लगातार सात हफ्तों तक नॉन-इंग्लिश कैटेगरी में टॉप पर रही. इस सीज़न को 34.8 करोड़ घंटे देखा गया.
शो की खास बातें
'मनी हाइस्ट' की कहानी प्रोफेसर (अल्वारो मोर्टे) के इर्द-गिर्द घूमती है, जो बर्लिन का छोटा भाई है और पूरी डकैती का मास्टरमाइंड है. शो का थीम सॉन्ग 'बेला चाओ' आज भी दुनिया भर में इतना पॉपुलर है कि यह कई देशों के म्यूजिक चार्ट पर छाया रहता है. इसके अलावा, 2022 में इसका दक्षिण कोरियाई वर्जन 'मनी हीस्ट: साउथ कोरिया' भी रिलीज़ हुआ था, जो काफी पसंद किया गया.




