Begin typing your search...

Elvish Yadav को जान से मारने की धमकी, लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने मांगे 10 करोड़ रुपये; पुलिस ने शुरू की साइबर जांच

फेमस यूट्यूबर और बिग बॉस OTT-2 विजेता एल्विश यादव को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर 10 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगते हुए जान से मारने की धमकी मिली है.

Elvish Yadav को जान से मारने की धमकी, लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने मांगे 10 करोड़ रुपये; पुलिस ने शुरू की साइबर जांच
X
( Image Source:  Instagram: elvish_yadav )
रूपाली राय
Edited By: रूपाली राय4 Mins Read

Updated on: 10 May 2026 3:41 PM IST

फेमस यूट्यूबर और बिग बॉस ओटीटी-2 के विजेता एल्विश यादव (Elvish Yadav) को एक बार फिर से बड़ी मुसीबत का सामना करना पड़ रहा है. लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने उनसे 10 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी है. अगर यह पैसा समय पर नहीं दिया गया तो उन्हें गोली मारकर मार देने की धमकी दी गई है. यह धमकी विदेशी मोबाइल नंबर से भेजे गए वॉट्सएप मैसेज के जरिए आई है. एल्विश यादव और उनके पिता दोनों को इस तरह का मैसेज मिला है. घटना की जानकारी मिलते ही गुरुग्राम के सेक्टर-56 थाने की पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस अब इसकी गहराई से जांच कर रही है. मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 308(2) और 351(2) के तहत कार्रवाई की गई है.

क्या था पूरा मामला?

एल्विश यादव के अनुसार, 5 मई को उनके पास एक विदेशी नंबर से वॉट्सएप कॉल आई थी. उस समय वे कॉल नहीं उठा पाए। थोड़ी देर बाद उसी नंबर से एक मैसेज आया. मैसेज करने वाले व्यक्ति ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का करीबी रणदीप मलिक बताया। उसने साफ-साफ लिखा कि 10 करोड़ रुपये दो दिन के अंदर दे दो, वरना गोली लगवा देंगे. यह धमकी सिर्फ एल्विश के फोन पर ही नहीं आई, बल्कि उनके पिता के मोबाइल नंबर पर भी भेजी गई. एल्विश यादव ने इस पूरे मामले की शिकायत सेक्टर-56 थाने में दर्ज कराई. थाने के प्रभारी ने बताया कि मामला काफी गंभीर है, इसलिए इसे क्राइम ब्रांच को सौंप दिया गया है. पुलिस अब यह पता लगा रही है कि यह कॉल और मैसेज असल में कहां से आए हैं.

पिछले साल घर पर हुई थी फायरिंग

बता दें कि यह पहली बार नहीं है जब एल्विश यादव पर हमला या धमकी हुई हो. पिछले साल 17 अगस्त 2025 को उनके गुरुग्राम स्थित घर पर तीन बदमाशों ने बाइक से आकर अचानक फायरिंग कर दी थी. बदमाशों ने करीब 24 राउंड गोलियां चलाईं, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई. पुलिस ने इस मामले में तेजी से कार्रवाई की थी. फरीदाबाद अपराध शाखा ने इशांत नाम के एक युवक को गिरफ्तार किया. इसके बाद 23 अगस्त को जतिन नाम के दूसरे आरोपी को भी पकड़ा गया. बाकी दो वॉन्टेड आरोपी गौरव और आदित्य को दिल्ली की रोहिणी स्पेशल सेल ने बाद में गिरफ्तार किया. अब इस नए रंगदारी मामले की भी पुलिस अलग-अलग एंगलों से जांच कर रही है.

कौन हैं एल्विश यादव?

एल्विश यादव आजकल देश के सबसे पॉपुलर यूट्यूबर्स और कंटेंट क्रिएटर्स में से एक हैं. वे अपनी देसी स्टाइल की कॉमेडी, मजेदार व्लॉग्स और बोलने के अनोखे तरीके के लिए युवाओं में काफी प्रसिद्ध हैं. खासकर उनकी 'सिस्टम' वाली शब्दावली उनके फैंस को बहुत पसंद आती है. सोशल मीडिया पर उनकी लोकप्रियता देखकर हैरानी होती है. इंस्टाग्राम पर उनके 2.06 करोड़ फॉलोअर्स हैं. यूट्यूब पर उनका मुख्य चैनल 1.59 करोड़ सब्सक्राइबर्स वाला है, जबकि व्लॉग चैनल पर भी 89 लाख लोग उन्हें फॉलो करते हैं. फेसबुक पर भी उनके 4.7 मिलियन फॉलोअर्स हैं. इस तरह करोड़ों युवा उन्हें अपना स्टार मानते हैं।पुलिस इस मामले को बहुत गंभीरता से ले रही है. एल्विश यादव की सुरक्षा बढ़ाने और धमकी के असली स्रोत तक पहुंचने के लिए पूरी टीम लगी हुई है. आमतौर पर इस तरह की विदेशी नंबर वाली धमकियां गैंग्स द्वारा दी जाती हैं, इसलिए साइबर एक्सपर्ट्स भी जांच में शामिल हैं. अभी तक इस मामले में और कोई नई जानकारी सामने नहीं आई है.

अगला लेख