18 में शादी,19 में मिसकैरेज और 4 साल की उम्र से यौन शोषण, Kenishaa Francis कैसे एक 'बार सिंगर' से बनी स्पिरिचुअल हीलर?
म्यूजिशियन और स्पिरिचुअल हीलर केनीशा फ्रांसिस ने इंस्टाग्राम छोड़ने की घोषणा कर सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी. रवि मोहन विवाद के बीच उन्होंने बचपन के शोषण, हिंसक शादी और संघर्षभरे जीवन का खुलासा किया.
म्यूजिशियन और स्पिरिचुअल हीलर केनीशा फ्रांसिस (Kenishaa Francis) ने हाल ही में एक बड़ा फैसला लिया है. उन्होंने अनाउंस किया कि अब वह इंस्टाग्राम छोड़ रही हैं. इस फैसले के पीछे रवि मोहन के साथ उनके रिश्ते को लेकर सोशल मीडिया पर हो रही भारी नफरत और ट्रोलिंग है. रवि मोहन फिलहाल अपनी पत्नी आरती रवि से तलाक की प्रक्रिया से गुजर रहे हैं. इस पूरे मामले में केनीशा को 'घर तोड़ने वाली' कहकर बुरी तरह ट्रोल किया गया. इन सब मुश्किलों के बीच केनीशा ने अपने जीवन के दर्दनाक अनुभवों को खुलकर लोगों के सामने रखा. रवि मोहन से सभी रिश्ते तोड़ने और सोशल मीडिया से दूर होने की अनाउंसमेंट से ठीक एक दिन पहले उन्होंने इंस्टाग्राम पर दो भागों वाला एक लंबा वीडियो पोस्ट किया था. अब वह वीडियो हटा दिया गया है। इस वीडियो में केनीशा ने बचपन से लेकर अब तक की अपनी पूरी जीवन कहानी शेयर की.
बचपन से शुरू हुई म्यूजिक जर्नी
केनीशा ने बताया कि म्यूजिक उनके जीवन में बहुत छोटी उम्र में आ गया था. उन्होंने साक्षी टीवी को दिए इंटरव्यू में बताया था, 'मैंने चर्च में गाना शुरू किया. फिर स्कूल और कॉलेज के सिंगिंग ग्रुप में शामिल हुई. बाद में मुझे एक कॉफी शॉप में सिर्फ 500 रुपये में गाने का मौका मिला. यहीं से मेरी असली यात्रा शुरू हुई.' 2006 में उन्होंने 'द स्टेज' नामक रियलिटी शो में हिस्सा लिया. यह शो भारत में अंग्रेजी गाने गाने वाले भारतीय कलाकारों के लिए था. केनीशा पहले सीजन की टॉप 5 कंटेस्टेंट में शामिल हुईं, लेकिन उसके बाद बाहर हो गईं. इस शो ने उन्हें काफी प्रसिद्धि दिलाई और कई अच्छे मौके भी मिले.
18 साल की उम्र में हुई शादी और दर्द भरा अतीत
केनीशा फ्रांसिस ने इंस्टाग्राम वीडियो में अपने सबसे दर्दनाक अनुभवों के बारे में खुलकर बात की. उन्होंने कहा, 'मेरा जीवन बहुत क्रूर रहा है. मैं अपने माता-पिता की इकलौती बेटी हूं. 2013 में मैंने अपनी मां को और 2017 में अपने पिता को खो दिया.' सबसे चौंकाने वाली बात यह थी कि उन्होंने बताया, 'चार साल की उम्र से ही मेरे परिवार के ज्यादातर पुरुषों ने मेरे साथ यौन शोषण किया.' 18 साल की छोटी उम्र में उनकी शादी एक ऐसे परिवार में हुई जिसकी उन्हें बिल्कुल जरूरत नहीं थी. यह शादी बहुत हिंसक निकली. उनके पति की कई गर्लफ्रेंड और पत्नियां थी. हिंसा इतनी बढ़ गई कि केनीशा ने अपने गर्भ में पल रहे बच्चे को खो दिया. उस समय उनकी उम्र सिर्फ 19-20 साल थी. मां के निधन के बाद उन्होंने एल्जाइमर से पीड़ित पिता की चार साल तक पूरी देखभाल की. पिता के जाने के बाद से वे पूरी तरह अकेली हैं. केनीशा ने गर्व से कहा, 'इंडस्ट्री में कोई यह नहीं कह सकता कि मुझे मौके किसी के सहारे से मिले. मैंने पूरी जिंदगी मेहनत की है.'
बार में 500 रुपये में गाना गाया
कई लोग उनके शुरुआती करियर को लेकर आलोचना करते हैं कि उन्होंने बार में गाना गाया. इस पर केनीशा ने साफ जवाब दिया, 'मेरी यात्रा बार में 500 रुपये पर नाईट गाने से शुरू हुई. लेकिन इससे क्या फर्क पड़ता है? यह भी आर्ट ही है. उसी ने मुझे आज यहां पहुंचाया जहां मैं अच्छी फीस ले सकती हूं. मुझे इस बात पर गर्व है.' लोग उनकी पर्सनल लाइफ के बारे में तरह-तरह की अफवाहें फैला रहे हैं. कुछ कहते हैं कि वे शादीशुदा हैं, उनका पति जिंदा है, उनके चार बच्चे हैं या वे 50 साल की हैं. केनीशा ने इन सब पर नाराजगी जताते हुए कहा कि लोग बिना सोचे-समझे कुछ भी बोल देते हैं. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने उनके अतीत की जांच के लिए बेंगलुरु में जासूस तक भेजे थे.
स्पिरिचुअल हीलर कैसे बनीं?
रवि मोहन ने अपनी पत्नी आरती रवि से अलग होने की घोषणा की और केनीशा को अपना स्पिरिचुअल हीलर बताया. इसी के बाद केनीशा सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग का शिकार बनी. उन्होंने बताया कि स्पिरिचुअल हीलर बनना उनकी मूल योजना नहीं थी. गुरु की सलाह पर उन्होंने यह रास्ता चुना. कठिन अनुभवों के बाद उन्होंने गुरु को फोन किया और जीवन की पुकार को स्वीकार कर लिया.
रवि मोहन से दोस्ती कैसे हुई?
केनीशा ने साफ किया कि रवि मोहन के साथ उनका रिश्ता थेरेपी और दोस्ती से शुरू हुआ. वे एक ऑडियो लॉन्च इवेंट में दोस्त के रूप में मिले थे. बाद में रवि मोहन ने उनसे मदद मांगी. केनीशा गोवा में उनसे मिलीं और उनकी बातें सुनी. उन्होंने कहा कि प्रोफेशनल हेल्प के लिए वे सबसे सही व्यक्ति नहीं हैं, लेकिन दोस्त के रूप में साथ दे सकती हैं. धीरे-धीरे यह दोस्ती गहरी होती गई. उन्होंने पूछा, 'आप कौन होते हैं जो तय करें कि मुझे अपनी दोस्ती कैसे निभानी चाहिए? अगर कोई व्यक्ति अपने माता-पिता या करीबी दोस्तों के बजाय मुझ जैसे अनजान इंसान के पास मदद मांगता है, तो सोचिए वह कितने दर्द से गुजर रहा होगा.'
लास्ट पोस्ट: पीस और डिटैचमेंट के साथ गुडबाय
इंस्टाग्राम छोड़ने से पहले केनीशा का आखिरी पोस्ट बहुत इमोशनल था. उन्होंने लिखा, 'मैं इस कहानी में प्यार के साथ आई थी. अब मौन के साथ विदा ले रही हूं.' उन्होंने कहा कि इस दुनिया में शोर, अहंकार और झूठी कहानियों ने अच्छाई के लिए जगह ही नहीं छोड़ी है. उन्होंने रवि मोहन की रक्षा करने की कोशिश में अपना हिस्सा कुर्बान किया, लेकिन अब वे पीस, लव और कम्पलीट डिटैचमेंट के साथ इस जगह को अलविदा कह रही हैं. केनीशा ने आखिर में कहा कि उन्होंने जीवन भर इतना दर्द सहा है कि अब ऑनलाइन नफरत उन्हें डराती नहीं है.




