Begin typing your search...

Allu Arjun से मिलने के 42 नियम वाले विवाद पर कावेरी बरुआ ने मांगी माफी, पॉडकास्ट करना पड़ा डिलीट

ब्रांड स्ट्रैटेजिस्ट कावेरी बरुआ ने अल्लू अर्जुन पर लगाए ‘42 नियम’ के दावे को गलत बताते हुए सार्वजनिक माफी मांगी. विवाद बढ़ने पर स्वीकृति टॉक्स ने एपिसोड हटाया, जबकि अभिनेता की टीम ने कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी थी.

allu arjun 42 rules controversy kaveri baruah apology podcast deleted
X
( Image Source:  ANI )
रूपाली राय
Edited By: रूपाली राय

Updated on: 17 Feb 2026 12:12 PM IST

हाल ही में, तेलुगु सुपरस्टार अल्लू अर्जुन (Allu Arjun) एक विवाद में सुर्खियों में आए थे. यह सब तब शुरू हुआ जब ब्रांड स्ट्रैटेजिस्ट कावेरी बरुआ ने स्वीकृति टॉक्स नाम के एक पॉडकास्ट में कुछ चौंकाने वाली बातें कहीं. कावेरी ने दावा किया कि अल्लू अर्जुन से मिलने से पहले उनकी टीम ने उन्हें एक लिस्ट दी थी, जिसमें कुल 42 नियम और सावधानियां लिखी हुई थीं. मतलब, क्या करना है और क्या बिल्कुल नहीं करना है ये सब नियम बताए गए थे. उन्होंने यह भी कहा कि अल्लू अर्जुन के साथ बहुत सख्ती बरती जाती है. जैसे कि उनकी आंखों में सीधे मत देखो, हाथ मत मिलाओ, और उनके मैनेजर के मैनेजर के मैनेजर तक सब बहुत सख्त हैं.

ये बातें सुनकर सोशल मीडिया पर काफी हंगामा मच गया. लोग अल्लू अर्जुन की आलोचना करने लगे कि क्या वे इतने घमंडी हैं? क्या स्टार बनने के बाद उनका व्यवहार बदल गया है? लेकिन इस खबर के वायरल होने के तुरंत बाद अल्लू अर्जुन की टीम ने साफ-साफ इनकार कर दिया. उन्होंने एक आधिकारिक बयान जारी किया जिसमें लिखा था कि ये सारी बातें पूरी तरह से झूठी और बेबुनियाद हैं. अल्लू अर्जुन हमेशा से बहुत सम्मान और गरिमा के साथ पेश आते हैं. उन्होंने कहा कि ये झूठे आरोप हैं और उनकी कानूनी टीम उन लोगों के खिलाफ मानहानि की कार्रवाई शुरू कर रही है साथ ही, उन्होंने फैंस और लोगों से अपील की कि बिना पुष्टि वाली अफवाहें न फैलाएं. अल्लू अर्जुन के कई को-एक्टर्स और दोस्तों ने भी उनका साथ दिया. उन्होंने कहा कि अल्लू अर्जुन बिल्कुल ऐसे नहीं हैं जैसा दावा किया जा रहा है.

क्या सच में दी गई थी लिस्ट?

फिर भारी विरोध और दबाव के बाद बात बदल गई. सबसे पहले कावेरी बरुआ ने सोमवार को एक्स हैंडल पर एक सार्वजनिक माफी जारी की. उन्होंने लिखा कि अब सोच-विचार करने के बाद वे साफ़ करना चाहती हैं कि उनके पहले के बयान गलत थे. कोई भी वेरिफ़िएड डाक्यूमेंट्स या सचाई वाली कोई चीज इसके पीछे नहीं थी. अल्लू अर्जुन और उनकी टीम की ओर से कभी भी उन्हें 42 नियमों वाली कोई लिस्ट नहीं दी गई थी. कावेरी ने आगे कहा, 'मुझे उन बातों के लिए बहुत अफसोस है. इससे जो भी गलतफहमी हुई या किसी की सम्मान को ठेस पहुंची, उसके लिए मैं दिल से माफी मांगती हूं. मैं अपने सारे बयान पूरी तरह वापस लेती हूं. अल्लू अर्जुन और उनके काम के लिए मेरे मन में बहुत सम्मान है. मुझे किसी भी तरह की असुविधा के लिए खेद है.'

क्या दिया स्पष्टीकरण?

उसी तरह, पॉडकास्ट चलाने वाली स्वीकृति ने भी इंस्टाग्राम पर एक लंबा स्पष्टीकरण और माफी वाला पोस्ट डाला. उन्होंने बताया कि वो विवादित पॉडकास्ट एपिसोड और उसकी रील अब डिलीट कर दी गई है- यूट्यूब और इंस्टाग्राम दोनों से हटा दिया गया है. स्वीकृति ने लिखा कि वो पॉडकास्ट में इंडस्ट्री की आम प्रथाओं पर एक सामान्य और जानकारी देने वाली बातचीत हो रही थी. उनका कभी किसी को ठेस पहुंचाने, बदनाम करने या झूठे आरोप लगाने का इरादा नहीं था न ही किसी के नुकसान से फायदा उठाने की सोच थी. भले ही कोई बुरी नीयत न रही हो, लेकिन एक पॉडकास्टर के तौर पर वे अपनी कंटेंट के नतीजों के लिए जिम्मेदार हैं.

बुरी नीयत नहीं थी

उन्होंने यह भी कहा कि जब एपिसोड जारी हुआ था, तब कावेरी के बयान को सही मानकर शेयर किया गया था, क्योंकि उस समय झूठ होने की जानकारी नहीं थी. लेकिन कावेरी के बयान वापस लेने के बाद उन्होंने तुरंत वीडियो हटा दिया. अंत में स्वीकृति ने कहा, 'हम रिकॉर्ड को सही कर रहे हैं और स्पष्टीकरण दे रहे हैं. गेस्ट कावेरी ने बाद में अपने बिना सबूत वाले बयानों को मान लिया और वापस ले लिया है. हमारी तरफ से सभी प्लेटफॉर्म पर वो कंटेंट हटा दी गई है. यह सब सही जानकारी और जिम्मेदार बातचीत के लिए किया गया है. हमें किसी भी अनजाने भ्रम के लिए अफसोस है. हम दोबारा कहते हैं कि इसमें कोई बुरी नीयत नहीं थी. हम लोगों से अनुरोध करते हैं कि होस्ट और हमारे चैनल से जुड़े लोगों को परेशान करना बंद करें.'

अल्‍लू अर्जुन
अगला लेख