Karan Kundrra और Tejasswi Prakash ने गुपचुप रचाई शादी? वीडियो वायरल होने के बाद कपल का कुछ ऐसा था रिएक्शन
करण कुंद्रा और तेजस्वी प्रकाश की शादी की खबरें एक वायरल वीडियो के बाद फिर चर्चा में हैं. हालांकि कपल ने इन अफवाहों को खारिज करते हुए फिलहाल शादी से इनकार किया है.
करण कुंद्रा (Karan Kundrra) और तेजस्वी प्रकाश (Tejasswi Prakash) टीवी इंडस्ट्री के सबसे पसंदीदा और पॉपुलर जोड़ों में से एक हैं. इन दोनों की प्यार भरी केमिस्ट्री और सार्वजनिक रूप से एक-दूसरे के प्रति दिखाया जाने वाला प्यार देखकर फैंस हमेशा खुश हो जाते हैं. दोनों की जोड़ी देखने वाले लोग अक्सर कहते हैं कि इनमें बहुत अच्छी अंडरस्टैंडिंग है. अब एक बार फिर इस जोड़े की शादी की खबरें जोर पकड़ रही हैं. हाल ही में लाफ्टर शेफ्स सीजन 3 के एक वीडियो के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर हलचल मच गई है. इस वीडियो में शो के क्रू मेंबर्स एक बैनर थामे हुए नजर आए, जिसमें करण कुंद्रा और तेजस्वी प्रकाश को उनकी 'नई शुरुआत' के लिए बधाई दी गई थी.
इस क्लिप के वायरल होने के बाद फैंस में शादी को लेकर उत्साह और चर्चा दोनों बढ़ गई है. कुछ समय पहले तेजस्वी प्रकाश की सास-बहू और साजिश नाम के इंस्टाग्राम चैनल ने एक वीडियो पोस्ट किया था, जिसमें करण और तेजस्वी को शादीशुदा जोड़े के रूप में दिखाया गया था. वीडियो में उन्हें विवाहित कपल की तरह पेश किया गया था. हालांकि कुछ देर बाद इस वीडियो को डिलीट कर दिया गया, लेकिन तब तक यह काफी वायरल हो चुका था. लोग इसे बार-बार शेयर कर रहे थे और इसकी चर्चा सोशल मीडिया पर छा गई थी.
क्या कर ली है गुपचुप शादी?
इंडिया फोरम्स की एक रिपोर्ट में भी दावा किया गया है कि करण कुंद्रा और तेजस्वी प्रकाश ने गुपचुप तरीके से शादी कर ली है. रिपोर्ट में एक अंदरूनी सूत्र के हवाले से कहा गया कि सोशल मीडिया पर जो शादी की अफवाहें चल रही हैं, वे सच हो सकती हैं। इस खबर के बाद फैंस और भी ज्यादा एक्साइटेड हो गए और हर तरफ यही चर्चा छा गई कि क्या आखिरकार ये दोनों शादीशुदा हो चुके हैं? लेकिन करण कुंद्रा ने इन अफवाहों को साफ तौर पर खारिज कर दिया है. जब एक न्यूज पोर्टल ने उनसे इस बारे में पूछा तो उन्होंने कहा, 'यह बात पिछले 2-4 महीनों से चल रही है. पहले भी मेरे पास ऐसे स्क्रीनशॉट आए थे. कुछ लोग जानबूझकर ये अफवाहें फैला रहे हैं.'
क्या है कपल की शादी की प्लानिंग?
तेजस्वी प्रकाश ने भी कुछ समय पहले बॉम्बे टाइम्स को दिए इंटरव्यू में शादी की अटकलों पर साफ जवाब दिया था. उन्होंने कहा कि अभी शादी की कोई योजना नहीं है. उन्होंने बताया कि लाफ्टर शेफ्स सीजन 3 में करण के साथ काम करते हुए उन्हें बहुत कुछ सीखने को मिला. करण उनसे सीनियर हैं, इसलिए उनके साथ काम करना तेजस्वी के लिए एक अच्छा लर्निंग एक्सपीरियंस रहा. उन्होंने जोर देकर कहा कि फिलहाल उनका फोकस काम पर है और शादी जैसा कोई फैसला अभी नहीं लिया गया है.
कब हुई थी दोनों की मुलाकात?
करण और तेजस्वी की पहली मुलाकात रियलिटी शो बिग बॉस सीजन 15 में हुई थी. शो के अंदर दोनों की केमिस्ट्री इतनी अच्छी थी कि पूरा सीजन इन्हीं दोनों की जोड़ी की चर्चाओं से गूंजता रहा. शो खत्म होने के बाद दोनों ने खुद कबूल किया कि अब वे घर के बाहर भी एक-दूसरे के साथ हैं. तब से लेकर अब तक दोनों अक्सर साथ नजर आते रहते हैं और फैंस उनकी जोड़ी को बहुत प्यार करते हैं. तेजस्वी प्रकाश ने हाल ही में अमेज़न MX Player की वेब सीरीज 'साइको सैयां' से ओटीटी प्लेटफॉर्म पर अपना डेब्यू किया है. इस सीरीज में रवि किशन भी मुख्य भूमिका में हैं.




