कितनी चैलेंजिंग थी रियल मगरमच्छ के साथ शूटिंग, इस थाई फिल्म की रीमेक है शनाया कपूर की Tu Ya Main
आदर्श गौरव और शनाया कपूर की ‘तू या मैं’ एक रोमांटिक सर्वाइवल थ्रिलर है, जिसमें असली मगरमच्छ के साथ खतरनाक सीन्स फिल्माए गए हैं. बेजॉय नांबियार के निर्देशन में बनी यह फिल्म 13 फरवरी 2026 को रिलीज होगी.
आदर्श गौरव और शनाया कपूर अभिनीत फिल्म 'तू या मैं' (Tu Yaa Main) अब बस कुछ ही दिनों में सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली है. यह रोमांचक सर्वाइवल ड्रामा 13 फरवरी 2026 को रिलीज हो रही है, जो वैलेंटाइन वीक के ठीक बीच में एक अनोखा ट्विस्ट लेकर आ रही है. बेजॉय नांबियार के निर्देशन में बनी यह फिल्म एक नए और दिलचस्प रोमांटिक-सर्वाइवल कथानक के साथ दर्शकों को बांधने का वादा करती है. दरअसल, यह फिल्म थाईलैंड की पॉपुलर हॉरर-सर्वाइवल फिल्म 'द पूल' (2018) का आधिकारिक हिंदी रीमेक है. मूल थाई फिल्म में एक खाली स्विमिंग पूल में फंसे लोगों की जानलेवा जद्दोजहद दिखाई गई थी, जहां एक खूंखार मगरमच्छ उनका पीछा करता है.
'तू या मैं' भी इसी आधार पर बनी है, लेकिन इसे भारतीय रिफ्रेंस में ढाला गया है. कहानी मुंबई की बैकग्राउंड पर बेस्ड है, जहां अलग-अलग सोशल और अमीर बैकग्राउंड से आने वाले दो कंटेंट क्रिएटर्स (आदर्श गौरव और शनाया कपूर) एक फार्महाउस में छुट्टियां मनाने जाते हैं. जो शुरू में रोमांटिक और मजेदार लगता है, वह जल्द ही एक भयावह सर्वाइवल गेम में बदल जाता है, जब वे एक खाली पूल में फंस जाते हैं और मगरमच्छों से अपनी जान बचाने के लिए संघर्ष करते हैं.
फिल्म की क्वालिटी हॉलीवुड से
ट्रेलर को दर्शकों से जबरदस्त पॉजिटिव रिस्पॉन्स मिला है. ट्रेलर में किरदारों के रिश्तों, उनके बीच की टेंशन और कहानी को बहुत बारीकी से स्टैब्लिश किया गया है. जहां हॉलीवुड फिल्म 'द पूल' के ट्रेलर में मगरमच्छ को काफी देर बाद दिखाया गया था और सीन कुछ कच्चे लगते थे, वहीं 'तू या मैं' में फिल्म की क्वालिटी कहीं ज्यादा बेहतर और शानदार नजर आती है. हिंदी वर्जन में बैकग्राउंड म्यूजिक इतना शक्तिशाली है कि घुटन और डर का माहौल और गहरा हो जाता है. किरदारों के भाव, उनके डर और एक-दूसरे के साथ के रिश्ते पर ज्यादा फोकस है, जिससे कहानी ज्यादा जुड़ाव वाली लगती है.
असली मगरमच्छ के साथ शूटिंग
आदर्श गौरव और शनाया कपूर की मचअवेटेड सर्वाइवल थ्रिलर 'तू या मैं' में सबसे ज्यादा चर्चा मगरमच्छ के उन खतरनाक और रोंगटे खड़े कर देने वाले सीन्स की हो रही है. निर्देशक बेजॉय नांबियार ने हाल ही में मिड-डे को दिए एक इंटरव्यू में इसकी शूटिंग के पीछे की चुनौतियों और रोमांचक प्रक्रिया के बारे में खुलकर बात की. उन्होंने बताया कि फिल्म में मगरमच्छ के सीक्वेंस को लेकर उन्होंने एक बहुत ही सोचा-समझा और बहादुरी भरा फैसला लिया था. बेजॉय ने खुलासा किया कि पूरी शूटिंग को तीन अलग-अलग हिस्सों में बांटा गया था- असली मगरमच्छ के साथ शूटिंग, एनिमेट्रॉनिक मगरमच्छ का इस्तेमाल और तीसरा वीएफएक्स और डिजिटल इफेक्ट्स.
मगरमच्छ को कराया गया कम्फर्ट
उन्होंने कहा, 'मेरे क्रू मेंबर्स और सबने मुझे असली मगरमच्छ के साथ शूट करने से मना किया था. लेकिन मैंने सोचा कि अगर मुझे सिर्फ एक भी असली और ऑथेंटिक शॉट मिल जाए, तो सारी मेहनत सार्थक हो जाएगी.' शूटिंग के दौरान सुरक्षा को लेकर कोई कसर नहीं छोड़ी गई. टीम के पास चार प्रोफेशनल रैंगलर (जानवरों के हैंडलर), एक स्थानीय सुरक्षा टीम और एक छोटा लेकिन सतर्क क्रू था. पहले आधे दिन सिर्फ मगरमच्छ को अकेले शूट किया गया, ताकि वह नए माहौल और सेट के साथ कम्फर्ट हो सके. उसके बाद ही एक्टर्स को बुलाया गया. बेजॉय ने आगे बताया, 'एक समय ऐसा आया जब मगरमच्छ इतना घुलमिल गया कि लगने लगा जैसे हम किसी ट्रेनिंग प्राप्त जानवर के साथ काम कर रहे हों. उसने पूरी शूटिंग के दौरान कभी भी आक्रामक व्यवहार नहीं दिखाया. हमने थाईलैंड में असली मगरमच्छ के साथ शूटिंग की और कुछ कॉम्बिनेशन शॉट्स में आदर्श और शनाया को भी उसके साथ रखा. साथ ही, फिल्म के लिए खासतौर पर बनाया गया एक एनिमेट्रॉनिक मगरमच्छ भी इस्तेमाल किया, जो काफी रियलिस्टिक था.'
IMDB
इस फिल्म की है रीमेक
निर्देशक ने इस बात पर भी जोर दिया कि 'तू या मैं' थाई फिल्म 'द पूल' का ऑफिशियल रीमेक है. ट्रेलर और फिल्म दोनों में ही क्रेडिट्स में इसका साफतौर से जिक्र किया गया है. वे लोगों के उन आरोपों से काफी नाराज हैं, जिनमें कहा जाता है कि यह सिर्फ एक नकल या साधारण रीमेक है. बेजॉय ने कहा, 'यह मेरी पहली बार किसी दूसरी फिल्म का रीमेक बनाने की कोशिश है इसलिए मैंने मूल फिल्म को जानबूझकर नहीं देखा, ताकि मेरी क्रिएटिव विजन पर कोई असर न पड़े और मैं इसे अपनी नजर से नया रूप दे सकूं.' फिल्म में मगरमच्छ के इन सीन्स ने न सिर्फ टीम के लिए चुनौती पेश की, बल्कि स्क्रीन पर एकदम रॉ और रियल टेंशन पैदा करने में अहम भूमिका निभाई है. ट्रेलर देखकर ही अंदाजा लग जाता है कि थिएटर में यह अनुभव कितना इंटेंस होने वाला है. 13 फरवरी 2026 को रिलीज हो रही इस फिल्म में असली मगरमच्छ की मौजूदगी ने इसे और भी खास बना दिया है. बेजॉय नांबियार का यह रिस्क लेना साफ दिखाता है कि वे दर्शकों को एक यादगार और भयावह सर्वाइवल एक्सपीरियंस देने के लिए कितने समर्पित थे.





