गूंजेगा मिर्ज़ापुर का भौकाल! 4 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी Mirzapur: The Movie, नजर आएंगे ये किरदार
अमेज़न, एमजीएम स्टूडियोज़ और एक्सेल एंटरटेनमेंट मिलकर मिर्ज़ापुर को अब सिनेमाघरों में ला रहे हैं. ‘Mirzapur: The Movie’ 4 सितंबर को रिलीज होगी, जिसमें पुराने चहेते किरदार एक बार फिर भौकाल मचाएंगे.
Mirzapur The Movie: अमेज़न, एमजीएम स्टूडियोज़ और एक्सेल एंटरटेनमेंट मिलकर भारत की सबसे मशहूर और पसंदीदा वेब सीरीज़ 'मिर्ज़ापुर' को अब बड़े पर्दे यानी सिनेमाघरों में ला रहे हैं. यह फिल्म 'मिर्ज़ापुर: द मूवी' (Mirzapur The Movie) के नाम से आएगी और यह मिर्ज़ापुर की दुनिया का एक ऐसा अनकहा और रोमांचक चैप्टर दिखाएगी, जो अब तक किसी ने नहीं देखा है. यह फिल्म रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर ने बनाई है. एक्सेल एंटरटेनमेंट के बैनर तले कासिम जगमगिया और विशाल रामचंदानी ने भी इसे सह-निर्मित किया है.
निर्देशन का काम गुरमीत सिंह ने किया है और स्क्रिप्ट पुनीत कृष्णा ने लिखी है. अब मेकर्स ने फिल्म की रिलीज डेट की अनाउंसमेंट कर दी है. रितेश सिधवानी ने अपने इंस्टा हैंडल पर फिल्म का नया पोस्टर शेयर करते हुए लिखा, 'अब देखिये भौकाल बड़े पर्दे पर 4 सितंबर को अपने नजदीकी सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली #MirzapurTheMovie देखें . इस अनाउंसमेंट ने फैंस के बीच एक्साइटमेंट छोड़ दी है.
कौन-कौन से किरदार आएंगे नजर
मिर्ज़ापुर भारत की सबसे लोकप्रिय ओटीटी (ऑनलाइन) फ्रेंचाइजी में से एक है, जिसके लाखों फैन हैं. अब यह पहली बार सिनेमाघरों में आने वाली है. फिल्म में पुराने पसंदीदा किरदार वापस आ रहे हैं- जैसे कलीन भैया (पंकज त्रिपाठी), गुड्डू पंडित (अली फज़ल) और सबसे ज्यादा इंतज़ार वाला किरदार मुन्ना भैया (दिव्येंदु) भी वापस आ रहा है. यह फिल्म मिर्ज़ापुर की पूरी गैंगस्टर वाली दुनिया को बहुत बड़े और ग्रैंड तरीके से सिनेमाघरों में पेश करेगी, जहां दर्शक उस खतरनाक और ड्रामे से भरी दुनिया को बड़े स्क्रीन पर महसूस कर पाएंगे.
अली फजल की थैंक्स वाली पोस्ट
हाल ही में अली फज़ल ने सोशल मीडिया पर फिल्म की शूटिंग के आखिरी हिस्से की कुछ तस्वीरें और वीडियो शेयर किए. पिछले हफ्ते ही फिल्म की शूटिंग पूरी हो गई थी। अली ने सेट से पीछे की कुछ मजेदार झलकियां दिखाईं, जिसमें गुड्डू भैया के किरदार को बड़े पर्दे के लिए तैयार करने की मेहनत दिख रही थी. अली फज़ल ने कैप्शन में लिखा कि 'ये सिलसिला बहुत लंबा है. ये प्यार और नफरत का सफर है. फिल्म मिर्ज़ापुर का आखिरी शेड्यूल पूरा हो गया है.' उन्होंने एक शेर भी शेयर किया, जो बदायूंनी साहब का था और नानी की आवाज़ में था/ उन्होंने टीम की तारीफ की निर्देशक गुरमीत सिंह (जिन्हें गुरुपा कहते हैं), पुनीत कृष्णा और प्रोड्यूसर बाबा (@kapoorbaba) का शुक्रिया अदा किया. उन्होंने कहा कि बहुत सारी मुश्किलों के बावजूद टीम ने बिना किसी समझौते के शानदार काम किया और जब कैमरा चला तो सबने अपना 100% दिया.'
शामिल है नए चेहरे
फिल्म में और भी कई बड़े नाम हैं जितेंद्र कुमार, रवि किशन, अभिषेक बनर्जी, रसिका दुग्गल, श्वेता त्रिपाठी, श्रिया पिलगांवकर, हर्षिता गौड़, सुशांत सिंह, मोहित मलिक, शीबा चड्ढा, राजेश तैलंग, कुलभूषण खरबंदा, सोनल चौहान, प्रमोद पाठक और अनंगशा बिस्वास जैसे कलाकार इसमें नजर आएंगे.





