Begin typing your search...

दिल्ली-NCR में बढ़ेगी गर्मी, होली पर पहाड़ों में बारिश-बर्फबारी; IMD का अलर्ट

IMD के अनुसार उत्तर-पश्चिम भारत में इस हफ्ते अधिकतम तापमान सामान्य से 4-6°C ज्यादा रह सकता है. होली के आसपास पहाड़ी राज्यों में बारिश-बर्फबारी और कुछ इलाकों में घना कोहरा छाने की संभावना है.

imd weather update temperature rise northwest india holi rain alert
X
( Image Source:  AI Sora )
रूपाली राय
Edited By: रूपाली राय3 Mins Read

Updated on: 4 March 2026 6:20 AM IST

सर्दी अब धीरे-धीरे अलविदा कह रही है और मौसम गर्म होने की ओर बढ़ रहा है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा अनुमान के अनुसार, इस हफ्ते के ज्यादातर दिनों में उत्तर-पश्चिम भारत के कई इलाकों में दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक ज्यादा रह सकता है. यानी जहां पहले तापमान सामान्य रूप से 28-30 डिग्री के आसपास होता था, वहां अब 34-36 डिग्री या इससे भी ज्यादा पहुंच सकता है. मध्य भारत में भी गर्मी बढ़ने वाली है. यहां अधिकतम तापमान सामान्य से 2 से 4 डिग्री सेल्सियस ज्यादा रहने की उम्मीद है. यानी यहां भी दिन काफी गर्म महसूस होंगे.

पहाड़ी इलाकों में क्या होगा?

होली के आसपास या होली के दिन जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड जैसे पहाड़ी राज्यों में बारिश होने के साथ-साथ ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी भी हो सकती है. वहीं, मेघालय और पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में सुबह के समय घना कोहरा छाया रह सकता है, जिससे विजिबिलिटी कम हो सकती है.

उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में तापमान कैसे बदलेगा?

मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी हिमालय क्षेत्र (पहाड़ी भाग) में अगले 3 दिनों तक अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे करीब 2 डिग्री की बढ़ोतरी होगी. उसके बाद अगले 4 दिनों में तापमान में 3-4 डिग्री तक की कमी आ सकती है. लेकिन मैदानी इलाकों (जैसे दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश आदि) में बात अलग है. यहां अगले 4 दिनों में तापमान 2-3 डिग्री तक बढ़ेगा और उसके बाद अगले 3 दिनों में कोई खास बदलाव नहीं होगा इसलिए अगले पूरे 7 दिनों तक उत्तर-पश्चिम भारत के कई मैदानी इलाकों में दिन का तापमान सामान्य से 4 से 6 डिग्री ज्यादा रहने की संभावना बनी हुई है. गर्मी पहले से ही महसूस होने लगी है और यह और बढ़ेगी.

मध्य भारत में भी पारा चढ़ेगा

मध्य भारत जैसे मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, विदर्भ आदि में अगले 4 दिनों तक अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री की धीरे-धीरे बढ़ोतरी होगी. उसके बाद अगले 3 दिनों में ज्यादा बदलाव नहीं दिखेगा. हालांकि छत्तीसगढ़ और विदर्भ में अगले 3 दिनों में करीब 2 डिग्री की बढ़ोतरी होगी और फिर स्थिर रहेगा. कुल मिलाकर यहां भी गर्मी बढ़ने वाली है.

कुछ और राज्यों की स्थिति

महाराष्ट्र में अगले 4 दिनों में तापमान 2-3 डिग्री बढ़ेगा, उसके बाद कोई बड़ा बदलाव नहीं

गुजरात में अगले 2 दिनों में 2-3 डिग्री की बढ़ोतरी होगी और फिर अगले 5 दिनों में स्थिर रहेगा

तमिलनाडु में अगले 2 दिनों में कोई खास बदलाव नहीं, लेकिन उसके बाद 3 दिनों में करीब 2 डिग्री बढ़ेगा और फिर स्थिर

देश के बाकी हिस्सों में अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होने वाला है।

धर्म
अगला लेख