हॉलीवुड में Farhan Akhtar की बड़ी एंट्री, The Beatles फिल्म में निभाएंगे पंडित रवि शंकर का किरदार
हॉलीवुड के बड़े प्रोजेक्ट में फरहान अख्तर को पंडित रवि शंकर की भूमिका मिली है. यह फिल्म 'द बीटल्स' की कहानी पर आधारित चार फिल्मों की सीरीज होगी, जो 2028 में रिलीज होगी.
फरहान अख्तर (Farhan Akhtar) को जल्द ही हॉलीवुड में बड़ा मौका मिलने वाला है. वे एक बहुत ही खास फिल्म प्रोजेक्ट में काम करने जा रहे हैं. इस प्रोजेक्ट में फरहान पंडित रवि शंकर की भूमिका निभाएंगे. पंडित रवि शंकर भारत के महान सितार वादक और शास्त्रीय संगीत के उस्ताद थे. यह फिल्में द बीटल्स नाम की मशहूर ब्रिटिश बैंड की कहानी पर आधारित हैं. द बीटल्स दुनिया की सबसे पॉपुलर बैंड्स में से एक थी, जिसके सदस्य थे- जॉन लेनन, पॉल मैककार्टनी, जॉर्ज हैरिसन और रिंगो स्टार.
इस प्रोजेक्ट को सैम मेंडेस नाम के बहुत फेमस डायरेक्टर बना रहे हैं. सैम मेंडेस ने पहले कई बड़ी हिट फिल्में बनाई हैं जैसे- अमेरिकन ब्यूटी, 1917 और जेम्स बॉन्ड की कुछ फिल्में. यह कोई एक फिल्म नहीं है बल्कि चार अलग-अलग फिल्में हैं. हर फिल्म में बीटल्स के एक सदस्य की जिंदगी और नजरिए से पूरी कहानी बताई जाएगी यानी एक फिल्म जॉन लेनन के नजरिए से दूसरी पॉल मैककार्टनी के तीसरी जॉर्ज हैरिसन के और चौथी रिंगो स्टार के नजरिए से.
कब होगी रिलीज?
ये चारों फिल्में एक-दूसरे से जुड़ी हुई होंगी और 2028 की अप्रैल में दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज होंगी. फरहान अख्तर ने इंस्टाग्राम पर इस बारे में पोस्ट किया है. उन्होंने लिखा कि बीटल्स और पंडित रवि शंकर की विरासत का हिस्सा बनकर उन्हें बहुत सम्मान और कृतज्ञता महसूस हो रही है. उन्होंने कहा कि इन दोनों की क्रिएटिविटी ने कई जनरेशन को इंस्पायर्ड किया है. फरहान ने यह भी बताया कि बीटल्स का म्यूजिक उनके जीवन में बहुत खास रहा है. अच्छे-बुरे समय में यह म्यूजिक उनके साथ रहा और उन्हें बहुत प्रभावित किया. वे इसके बारे में घंटों बात कर सकते हैं. फरहान ने सैम मेंडेस को धन्यवाद दिया और कहा कि वे उनके सभी कामों के बड़े फैन हैं. उनके निर्देशन में काम करना उनके लिए सपने के सच होने जैसा है.
क्या है रवि शंकर का बीटल्स से कनेक्शन?
अब बात करते हैं कि पंडित रवि शंकर का बीटल्स से क्या कनेक्शन था. खासकर जॉर्ज हैरिसन के साथ उनकी बहुत गहरी दोस्ती थी. पंडित जी ने जॉर्ज को सितार बजाना सिखाया. इसी वजह से बीटल्स की कई गानों में सितार और भारतीय संगीत के तत्व शामिल हुए, जैसे 'नॉर्वेजियन वुड' और 'वाइदिन द यू' जैसी धुनें. इससे 1960 के दशक में बीटल्स की म्यूजिक में नया रंग आया और इंडियन क्लासिकल म्यूजिक को पूरी दुनिया में पहचान मिली. यह एक बहुत खूबसूरत कल्चरल एक्सचेंज था. इस फिल्म में बीटल्स के मुख्य सदस्यों के रोल इस तरह हैं:
पॉल मैककार्टनी का किरदार - पॉल मेस्कल
जॉन लेनन का किरदार - हैरिस डिकिंसन
रिंगो स्टार का किरदार - बैरी केओघन
जॉर्ज हैरिसन का किरदार - जोसेफ क्विन
फरहान की पहली हॉलीवुड फिल्म
फरहान अख्तर इससे पहले मार्वल की सीरीज 'मिस मार्वल' में एक छोटी-सी भूमिका कर चुके हैं. लेकिन यह उनकी पहली बड़ी हॉलीवुड फिल्म है. भारत में फरहान ने कई शानदार फिल्मों में काम किया है, जैसे 'भाग मिल्खा भाग', 'कार्तिक कॉलिंग कार्तिक', 'वज़ीर', 'तूफान', 'द स्काई इज़ पिंक' और हाल ही में '120 बहादुर'.




