22 साल पहले LGBTQ+ पर बनी इस फिल्म ने मचाया था बवाल, मूवी के बीच में ही चला गया था एक्ट्रेस का परिवार, थिएटर्स के बाहर तोड़फोड़
शाहिद कपूर, कृति सेनन और रश्मिका मंदाना की कथित LGBTQ+ थीम वाली 'कॉकटेल 2' चर्चा में है. इसी बीच 2004 की विवादित फिल्म 'गर्लफ्रेंड' फिर सुर्खियों में आ गई है, जिसने रिलीज के समय बड़ा बवाल खड़ा कर दिया था.
इन दिनों शाहिद कपूर, कृति सेनन और रश्मिका मंदाना की फिल्म 'कॉकटेल 2' काफी चर्चा में है. तीनों स्टार फिल्म के प्रमोशन में बहुत व्यस्त हैं. खबरों के अनुसार, यह फिल्म लेस्बियन रिलेशनशिप यानी दो महिलाओं के बीच लव अफेयर पर बेस्ड है. लेकिन यह विषय बिल्कुल नया नहीं है. इससे पहले भी बॉलीवुड में समलैंगिकता (LGBTQ+) पर कई फिल्में बन चुकी हैं. इनमें सबसे ज्यादा विवाद वाली फिल्म थी साल 2004 में रिलीज हुई 'गर्लफ्रेंड'. इस फिल्म ने अपने समय में बहुत बवाल मचा दिया था.
'गर्लफ्रेंड' फिल्म की पूरी कहानी
फिल्म 'गर्लफ्रेंड' में मुख्य भूमिकाओं में थे. ईशा कोप्पिकर, अमृता अरोरा और आशीष चौधरी. फिल्म का निर्देशन करण राजदान ने किया था. कहानी मुख्य रूप से तान्या (ईशा कोप्पिकर) के इर्द-गिर्द घूमती है. तान्या अपनी सबसे अच्छी सहेली सपना (अमृता अरोरा) से बहुत ज्यादा लगाव रखती है. वह सपना पर पूरा अधिकार जताती है और उसे किसी के साथ शेयर नहीं करना चाहती. जब सपना को राहुल (आशीष चौधरी) से प्यार हो जाता है, तो तान्या को बहुत बुरा लगता है. उसकी ईर्ष्या और जुनून धीरे-धीरे इतना बढ़ जाता है कि वह खतरनाक रूप ले लेता है. इस वजह से फिल्म में रोमांस, सस्पेंस, प्यार, ईर्ष्या और मनोवैज्ञानिक संघर्ष की पूरी कहानी बन जाती है.
क्यों हुई फिल्म पर इतनी विवाद?
उस समय बॉलीवुड में समलैंगिक संबंधों पर खुलकर बात करना बहुत कम होता था. 'गर्लफ्रेंड' फिल्म को समलैंगिक विषय वाली फिल्म के रूप में खूब प्रमोटेड किया गया. लोगों में इस विषय को लेकर काफी जिज्ञासा थी, इसलिए फिल्म चर्चा में आ गई. लेकिन बाद में कई फिल्म क्रिटिक्स ने कहा कि फिल्म ने इस संवेदनशील विषय को सही और सम्मानजनक तरीके से नहीं दिखाया. इसके बजाय फिल्म में ज्यादा सनसनीखेज सीन्स, कामुक सीन डाली गई थी. जो रियल गे रिलेशनशिप्स को गलत तरीके से पेश करती थी.
विरोध और बवाल
फिल्म रिलीज होते ही भारी विरोध शुरू हो गया. कई राजनीतिक और सामाजिक संगठनों ने फिल्म के खिलाफ मोर्चा निकाला. उनका कहना था कि यह फिल्म भारतीय संस्कृति और मूल्यों को नुकसान पहुंचा रही है. मुंबई और इंदौर जैसे शहरों में सिनेमाघरों के बाहर बड़े-बड़े प्रदर्शन हुए. कुछ जगहों पर तोड़फोड़ की भी कोशिश की गई. लोग फिल्म को बैन करवाने की मांग कर रहे थे.
बॉक्स ऑफिस पर कितना कमाया?
इतने विवाद के बावजूद फिल्म को ज्यादा फायदा नहीं हुआ. पहले दिन सिर्फ 41 लाख रुपये की कमाई हुई. कुल मिलाकर फिल्म ने लगभग 6 करोड़ रुपये ही कमाए.
अमृता अरोरा का पछतावा
कई साल बाद अमृता अरोरा ने करण जौहर के शो 'कॉफी विद करण' में इस फिल्म को लेकर अपना अफसोस जाहिर किया था. जब करण ने उनसे पूछा कि क्या उन्हें फिल्म करने में मजा आया था, तो अमृता ने सीधे जवाब दिया 'नहीं'. उन्होंने कहा, 'मैं आमतौर पर पछतावा नहीं करती, लेकिन अगर मुझे समय में वापस जाने का मौका मिले तो मैं यह फिल्म जरूर छोड़ दूंगी.' अमृता ने आगे बताया कि शुरू में जब उन्हें विषय बताया गया तो लगा कि यह बहुत प्रोग्रेसिव है. लेकिन फिल्म बनकर जब आई तो उन्हें बहुत निराशा हुई.
उन्होंने कहा, 'फिल्म देखकर लगा कि यह तो सिर्फ अश्लीलता से भरी हुई है.' उनके परिवार वालों ने भी फिल्म की स्क्रीनिंग बीच में ही छोड़ दी क्योंकि उन्हें बहुत असहज महसूस हो रहा था. अमृता ने इमोशनल होकर कहा कि माता-पिता को निराश देखकर उन्हें बहुत दुख हुआ. उन्होंने अपने परिवार से कहा कि 'हर किसी से गलती हो जाती है, इसे भूल जाना बेहतर है'. अमृता ने स्पष्ट किया कि उन्हें लेस्बियन रिलेशनशिप दिखाने में समस्या नहीं थी, बल्कि फिल्म में इस विषय को जिस तरीके से दिखाया गया था- 'वह तरीका उन्हें सही नहीं लगा'.




