कौन हैं गौतम सिंघानिया? हादसे के बाद फिर चर्चा में Raymond के चेयरमैन, जानें कितनी है नेटवर्थ
गौतम सिंघानिया एक स्पीडबोट हादसे में घायल हो गए हैं. यह घटना 20 मार्च को मालदीव के पास हुई, जहां पर्यटकों को ले जा रही एक स्पीडबोट अचानक पलट गई. इस हादसे के बाद सिंघानिया को हल्की चोटें आईं और उन्हें तुरंत उपचार दिया गया.
Gautam Singhania
Who Is Gautam Singhania : भारत के प्रमुख उद्योगपतियों में शामिल गौतम सिंघानिया एक स्पीडबोट हादसे में घायल हो गए हैं. यह घटना 20 मार्च को मालदीव के पास हुई, जहां पर्यटकों को ले जा रही एक स्पीडबोट अचानक पलट गई. इस हादसे के बाद सिंघानिया को हल्की चोटें आईं और उन्हें तुरंत उपचार दिया गया.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, हादसे के बाद उन्हें सुरक्षित भारत लाया गया, जहां वह मुंबई में चिकित्सकीय देखरेख में तेजी से स्वस्थ हो रहे हैं. इस घटना ने कारोबारी जगत में हलचल मचा दी है, क्योंकि सिंघानिया देश के प्रतिष्ठित उद्योग समूह रेमंड ग्रुप के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर हैं.
मालदीव में कैसे हुआ हादसा?
यह दुर्घटना मालदीव के V Felidhoo के पास हुई, जब एक स्पीडबोट समुद्र में संतुलन खो बैठी और पलट गई. उस समय नाव में कई पर्यटक सवार थे. हादसे में सिंघानिया को मामूली चोटें आईं, हालांकि स्थिति गंभीर नहीं बताई गई.
कौन हैं गौतम सिंघानिया?
9 सितंबर 1965 को मुंबई में जन्मे गौतम सिंघानिया एक प्रतिष्ठित मारवाड़ी व्यवसायिक परिवार से आते हैं. उनके पिता विजयपत सिंघानिया रेमंड के पूर्व चेयरमैन रहे हैं, जबकि उनकी मां अशाबाई सिंघानिया हैं. परिवार का जुड़ाव JK ग्रुप से रहा है, जिससे उन्हें बचपन से ही व्यापारिक माहौल मिला. उन्होंने अपनी स्कूली शिक्षा सेंट मैरी स्कूल और कैथेड्रल एंड जॉन कॉनन स्कूल से पूरी की. इसके बाद एचआर कॉलेज ऑफ कॉमर्स एंड इकोनॉमिक्स से कॉमर्स की डिग्री हासिल की.
कब रखा रेमंड ग्रुप में कदम?
गौतम सिंघानिया ने 1986 में पारिवारिक व्यवसाय में कदम रखा और 1990 में रेमंड के डायरेक्टर बने. इसके बाद 1999 में मैनेजिंग डायरेक्टर और 2000 में चेयरमैन के पद पर पहुंचे. जून 2024 में उन्हें लगातार पांचवीं बार पांच साल के लिए फिर से मैनेजिंग डायरेक्टर नियुक्त किया गया. उनके नेतृत्व में रेमंड ने खुद को नए सिरे से स्थापित किया. कंपनी ने स्टील, सीमेंट और सिंथेटिक्स जैसे गैर-प्रमुख क्षेत्रों से बाहर निकलकर फैब्रिक, अपैरल और पर्सनल केयर प्रोडक्ट्स पर ध्यान केंद्रित किया.
कितनी है नेट वर्थ?
रिपोर्ट्स के अनुसार, 2024 में गौतम सिंघानिया की कुल संपत्ति लगभग 1.4 बिलियन डॉलर (करीब 11,658 करोड़ रुपये) आंकी गई है. दक्षिण मुंबई में उनका JK हाउस देश की सबसे ऊंची निजी इमारतों में शामिल है. उनके पास लैंबोर्गिनी रेवेल्टो, फेरारी और मस्टैंग जैसी लग्जरी कारों का कलेक्शन है। इसके अलावा उनके पास यॉट, प्राइवेट जेट और हेलीकॉप्टर भी हैं।




