सच कड़वा होता है, एक्स DGP ने बताया Dhurandhar 2 में दिखाया Atiq Ahmed का पाकिस्तान कनेक्शन कैसे सही?
जम्मू-कश्मीर के पूर्व डीजीपी एसपी वैद ने विवादों में घिरी फिल्म धुरंधर द रिवेंज का खुलकर बचाव किया है. उन्होंने कहा कि यह फिल्म समाज की उन सच्चाइयों को सामने लाती है, जिन्हें अक्सर नजरअंदाज कर दिया जाता है.
Dhurandhar 2
Dhurandhar 2: बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह की फिल्म धुरंधर-2 बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा रही है. इससे पहले धुरंधर को भी बॉक्स ऑफिस पर सफलता मिली थी. लेकिन अक्सर देखा गया है जो फिल्म ज्यादा हिट होती है उसको लेकर कंट्रोवर्सी भी उतनी ही देखने को मिलती है. वहीं धुरंधर-2 को भी बहुत से लोगों और कांग्रेस नेताओं द्वारा एक प्रोपेगेंडा बताया जा रहा है, जिसको लेकर जम्मू-कश्मीर के पूर्व डीजीपी एसपी वैद ने विवादों में घिरी फिल्म धुरंधर द रिवेंज का खुलकर बचाव किया है.
उन्होंने कहा कि यह फिल्म समाज की उन सच्चाइयों को सामने लाती है, जिन्हें अक्सर नजरअंदाज कर दिया जाता है. वैद ने फिल्म पर लगाए जा रहे प्रोपेगेंडा के आरोपों को भी सिरे से खारिज कर दिया. दूसरी ओर राजनीतिक गलियारों में इस फिल्म को लेकर बहस तेज हो गई है. कांग्रेस नेताओं ने जहां फिल्म पर सांप्रदायिक विभाजन फैलाने का आरोप लगाया है, वहीं वैद का कहना है कि विरोध की असली वजह फिल्म में दिखाई गई कड़वी सच्चाई है.
क्या बोले एक्स DGP वैद?
कांग्रेस की आलोचना पर प्रतिक्रिया देते हुए एक्स DGP वैद ने कहा “सच्चाई कड़वी है. अतीक अहमद एक गैंगस्टर था. पूरी दुनिया जानती है कि उसे अवैध हथियार मिले थे और पाकिस्तान से उसके संबंध जगजाहिर हैं. जो कुछ दिखाया गया है वह सच्चाई पर आधारित है. हमारे अपने नेता नकली नोट रैकेट में शामिल थे.”
कांग्रेस क्यों मचा रही बवाल?
कांग्रेस सांसद तारिक अनवर ने फिल्म की कड़ी आलोचना करते हुए इसे नफरत फैलाने वाला बताया. उन्होंने कहा "यह स्पष्ट है कि फिल्म बनाने वाले लोग मूल रूप से नफरत फैलाने वाले हैं. उन्होंने पूरे देश में नफरत फैलाने का ठेका लिया है. यह भाजपा का एजेंडा है. इस फिल्म को इसी एजेंडे को बढ़ावा देने के लिए बनाया गया है." अनवर ने आरोप लगाया कि फिल्म में दिखाई गई हिंसा एक विशेष समुदाय को निशाना बनाती है और यह सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी के एजेंडे के अनुरूप है.
अतीक अहमद के सीन पर विवाद क्यों?
इस पूरे विवाद के केंद्र में गैंगस्टर अतीक अहमद का फिल्म में किया गया चित्रण है. फिल्म में उन्हें कथित तौर पर पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से जुड़े व्यक्ति के रूप में दिखाया गया है. इस पर बोलते हुए तारिक अनवर ने कहा "अतीक में कई खामियां हो सकती हैं, लेकिन उन्हें ISI एजेंट कहना तर्कहीन है. झूठे आरोप लगाना सही नहीं है. यह भाजपा का दुष्प्रचार है."




