Begin typing your search...

Ranveer Singh की Dhurandhar 2 में ऐसा क्या जिससे भड़की ओवैसी की पार्टी AIMIM, बैन तक करने को कह दिया

रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर: द रिवेंज’ पर AIMIM प्रवक्ता वारिस पठान ने प्रोपेगेंडा और नफरत फैलाने का आरोप लगाया है. फिल्म जहां बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा रही है, वहीं इसे लेकर राजनीतिक और सामाजिक विवाद भी बढ़ता जा रहा है.

dhurandhar 2 controversy waris pathan demand ban ranveer singh film
X
( Image Source:  IMDB )
रूपाली राय
Edited By: रूपाली राय4 Mins Read

Updated on: 21 March 2026 12:48 PM IST

ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के राष्ट्रीय प्रवक्ता वारिस पठान ने रणवीर सिंह की नई फिल्म 'धुरंधर: द रिवेंज' (Dhurandhar 2) पर जमकर निशाना साधा है. उन्होंने इस फिल्म को प्रोपेगेंडा फिल्म बताया है और मांग की है कि सरकार ऐसी फिल्मों पर प्रतिबंध लगा दे, क्योंकि इनमें मुसलमानों को गलत तरीके से दिखाया गया है और समाज में नफरत फैलाई जा रही है. वारिस पठान ने मुंबई में ANI से बातचीत में कहा कि वे ऐसी 'बकवास' और 'दुष्प्रचार वाली' फिल्में बिल्कुल नहीं देखते.

उनके अनुसार, कुछ लोग सिर्फ पैसे कमाने के लिए झूठ और नफरत फैलाने का काम कर रहे हैं. उन्होंने फिल्म मेकर्स पर आरोप लगाया कि वे मुसलमानों को खलनायक बनाकर अच्छा-खासा पैसा कमा रहे हैं. वारिस ने कहा, 'फिल्में तो मनोरंजन के लिए बननी चाहिए या फिर सच्चा इतिहास दिखाने के लिए. लोगों को खुश करने के लिए बनाइए, न कि नफरत फैलाने के लिए.'

क्यों खड़ी की ऐसी समस्या?

उन्होंने आगे कहा कि अगर फिल्म पाकिस्तान के खिलाफ बनाई गई है, तो इसे पाकिस्तान में ही दिखाइए. भारत में क्यों ऐसी समस्या खड़ी की जा रही है? उन्होंने कुछ और बड़े मुद्दों का जिक्र किया, जैसे एपस्टीन फाइल्स कांड, जिन पर फिल्म बनाई जा सकती है. साथ ही, नोटबंदी जैसे वास्तविक घटनाओं का गलत इस्तेमाल करने का भी आरोप लगाया. उनका कहना था कि नोटबंदी के समय लोग लंबी-लंबी कतारों में खड़े थे, यह सबको पता है, लेकिन फिल्म में इसे गलत तरीके से दिखाया जा रहा है. यह विवाद ऐसे समय में उठा है जब फिल्म की रिलीज के बाद कई लोग और नेता इसे लेकर बोल रहे हैं. राम्या, प्रकाश राज जैसे कुछ एक्टर और ध्रुव राठी जैसे यूट्यूबर भी फिल्म की आलोचना कर चुके हैं. कुछ लोग कह रहे हैं कि फिल्म में राजनीतिक मैसेज दिए गए हैं और कुछ फैसलों को गलत तरीके से महान बताया गया है.

फिल्म 'धुरंधर: द रिवेंज' के बारे में

यह फिल्म आदित्य धर ने लिखी और निर्देशित की है. इसे जियो स्टूडियोज और बी62 स्टूडियोज ने मिलकर बनाया है. यह 2025 में आई सुपरहिट फिल्म 'धुरंधर' की दूसरी कड़ी है. कहानी में भारतीय जासूस जसकिरत सिंह रंगी को पाकिस्तान में एक बड़े आतंकी संगठन को खत्म करने का मिशन दिया जाता है. लीड रोल में रणवीर सिंह हैं फिल्म में अर्जुन रामपाल, संजय दत्त, आर माधवन, सारा अर्जुन, राकेश बेदी, गौरव गेरा, दानिश पंडोर और मानव गोहिल जैसे कलाकार भी हैं.

फिल्म का कलेक्शन

फिल्म 19 मार्च 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई. एक दिन पहले यानी 18 मार्च को पेड प्रीमियर शुरू हो गए थे. हिंदी के अलावा तेलुगु, तमिल और मलयालम में डब करके 21 मार्च से दिखाई जा रही है. रिलीज के बाद फिल्म को मिली-जुली समीक्षाएं मिली हैं. पहली फिल्म की तरह ही इसे कुछ खाड़ी देशों में बैन कर दिया गया है. लेकिन बॉक्स ऑफिस पर यह जबरदस्त कमाई कर रही है. अभी तक भारत में 234 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई हो चुकी है. पहली फिल्म 'धुरंधर' ने दुनिया भर में 1300 करोड़ रुपये से ज्यादा कमाए थे. सीक्वल भी उसी रास्ते पर चल रही है. अल्लू अर्जुन, राकेश रोशन, जूनियर एनटीआर, महेश बाबू, राम चरण जैसे कई बड़े सितारों ने फिल्म की तारीफ की है. कुल मिलाकर, फिल्म को लेकर एक तरफ दर्शकों का खूब प्यार और बॉक्स ऑफिस पर धमाल है, तो दूसरी तरफ राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर विवाद भी खूब हो रहा है. वारिस पठान जैसी आवाजें इसे नफरत फैलाने वाली बता रही हैं, जबकि कई लोग इसे एंटरटेनमेंट और एक्शन से भरपूर फिल्म मान रहे हैं.

Ranveer Singhbollywood
अगला लेख