Begin typing your search...

'तुम्हारा पति मर जाएगा', अपने जाल में कैसे महिलाओं को फंसाता था ज्योतिषी Ashok Kharat? जानें ब्लैकमेलिंग से रेप तक का खेल

महाराष्ट्र के नासिक से सामने आया कथित बाबा रेप कांड अब और भी गंभीर होता जा रहा है. स्वयंभू धार्मिक नेता और ज्योतिष कैप्टन अशोक खरात की गिरफ्तारी के बाद लगातार नए खुलासे हो रहे हैं, जिन्होंने पूरे राज्य में सनसनी फैला दी है.

Ashok Kharat Nashik Baba rape Case
X

Ashok Kharat

विशाल पुंडीर
Edited By: विशाल पुंडीर4 Mins Read

Updated on: 21 March 2026 2:44 PM IST

महाराष्ट्र के नासिक से सामने आया कथित बाबा रेप कांड अब और भी गंभीर होता जा रहा है. स्वयंभू धार्मिक नेता और ज्योतिष कैप्टन अशोक खरात की गिरफ्तारी के बाद लगातार नए खुलासे हो रहे हैं, जिन्होंने पूरे राज्य में सनसनी फैला दी है. इस मामले में कई प्रभावशाली लोगों के नाम सामने आने की चर्चाओं ने इसे और अधिक संवेदनशील बना दिया है.

इसी बीच एक पीड़ित महिला ने आरोपी पर कई सालों तक यौन शोषण और धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं. महिला का दावा है कि आरोपी ने उसे डराकर शारीरिक संबंध बनाने के लिए मजबूर किया और मना करने पर उसके पति की जान लेने की धमकी दी. पुलिस जांच में भी कई चौंकाने वाले सबूत सामने आए हैं, जिससे मामला और गहरा गया है.

कौन है अशोक खरात?

पुलिस के अनुसार, 67 वर्षीय अशोक खरात सिन्नर तालुका के मिरगल स्थित श्री ईशानेश्वर महादेव मंदिर ट्रस्ट का अध्यक्ष है. वह खुद को धार्मिक गुरु और ज्योतिषी बताता था और लोगों की निजी समस्याओं का समाधान करने का दावा करता था.

कैसे शुरू हुआ पूरा मामला?

पीड़िता पहली बार साल 2019 में अपने रिश्तेदारों के साथ आरोपी से मिलने गई थी, ताकि उसे शादी के लिए उपयुक्त जीवनसाथी मिल सके. हालांकि कोरोना महामारी के कारण कुछ समय तक उसका संपर्क टूट गया. बाद में जब उसे शादी का प्रस्ताव मिला, तो वह दोबारा आरोपी के पास पहुंची. इसी दौरान आरोपी ने उसे एक लॉकेट दिया और कहा कि वह इसे कभी न उतारे, वरना उसका रिश्ता टूट जाएगा.

क्या है लॉकेट का रहस्य?

पीड़िता के अनुसार, परीक्षा के दौरान उसे मजबूरी में लॉकेट उतारना पड़ा, जिसके कुछ ही दिनों बाद उसका रिश्ता टूट गया. इस घटना ने उसके मन में आरोपी के प्रति अंधविश्वास को और मजबूत कर दिया, जिसका फायदा उठाकर अशोक खरात ने उसे अपने जाल में फंसा लिया. इसके बाद आरोपी ने धमकी दी कि यदि वह उसकी यौन मांगों को पूरा नहीं करेगी, तो उसकी शादी कभी नहीं होगी. महिला का आरोप है कि शादी के बाद भी यह शोषण 2025 तक जारी रहा और आरोपी उसके पति को जान से मारने की धमकी देता रहा.

पुलिस जांच में क्या हुए खुलासे?

पुलिस ने आरोपी के ठिकानों पर छापेमारी के दौरान कई अहम सबूत बरामद किए हैं. मीरगांव स्थित घर से दस्तावेज, एक पिस्तौल और कारतूस जब्त किए गए. सबसे बड़ा खुलासा एक पेन ड्राइव से हुआ, जिसमें कुल 58 वीडियो मिले हैं. इनमें कई आपत्तिजनक क्लिप शामिल हैं.

मामले की गंभीरता को देखते हुए राज्य सरकार ने विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है. इस टीम की अगुवाई तेजस्वी सतपुते कर रही हैं, जिन्होंने नासिक पहुंचकर आरोपी से दो घंटे से अधिक समय तक पूछताछ की. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, क्राइम ब्रांच एसआईटी की निगरानी में जांच कर रही है और आरोपी के नासिक स्थित आवास व सिन्नर के फार्महाउस की भी तलाशी ली गई है.

क्या बोले गृह राज्य मंत्री?

महाराष्ट्र के गृह राज्य मंत्री योगेश कदम ने इस मामले में सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया है. उन्होंने कहा “मैं उन सभी महिलाओं से अपील करता हूं जिनकी उस ज्योतिषी के खिलाफ कोई शिकायत हो, वे आगे आएं. हम उन्हें सुरक्षा प्रदान करेंगे और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे. इस मामले का राजनीतिकरण नहीं किया जाना चाहिए. महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी उपाय किए जाएंगे.”

India News
अगला लेख