सिनेमा से सियासत: जयललिता-रामचंद्रन के बाद खत्म हो गया सुपरस्टार इफेक्ट, रजनीकांत-कमल हासन क्यों नहीं दिखा पाए असर?
MGR और जयललिता के दौर के बाद क्या तमिलनाडु में सुपरस्टार इफेक्ट खत्म हो रहा है? जानिए क्यों रजनीकांत और कमल हासन राजनीति में असर नहीं दिखा पाए.
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 के लिए 23 अप्रैल में मतदान होगा और चार मई को चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे. सियासी दलों के बीच चुनाव प्रचार भी जोर पकड़ने लगा है. इस बीच चर्चा यह है कि क्या तमिल सिनेमा का जादू अब प्रदेश की सियासत में फीका पड़ रहा है? कभी एम.जी. रामचंद्रन और जे. जयललिता जैसे सुपरस्टार्स ने पर्दे से सीधे सत्ता तक का सफर तय किया था. जहां उनकी फिल्मी छवि ही राजनीतिक पूंजी बन गई. लेकिन आज, जब रजनीकांत और कमल हासन जैसे दिग्गज भी उसी रास्ते पर चले, तो वैसा असर क्यों नहीं दिखा? क्या तमिलनाडु की राजनीति बदल गई है या फिर ‘सुपरस्टार इफेक्ट’ ही अब अपना दम खो चुका है. जानें सिनेमा से सियासत तक की कहानी क्या है
जयललिता-MGR के बाद क्या खत्म हो रहा है ‘सुपरस्टार इफेक्ट’?
दक्षिण भारतीय राजनीति में सिनेमा और सत्ता का रिश्ता बेहद करीब का रहा है. एम.जी. रामचंद्रन और जे. जयललिता ने इस रिश्ते को शिखर पर पहुंचाया, जहां पर्दे का नायक सीधे जनता का नेता बन गया. लेकिन आज जब साउथ के बिग बी रजनीकांत और कमल हासन जैसे बड़े नाम सक्रिय राजनीति के करीब या भीतर हैं. दोनों अपनी पार्टी भी बनाई, पर सफलता नहीं मिली. सवाल उठ रहा है, क्या तमिल राजनीति में ‘सुपरस्टार इफेक्ट’ अब कमजोर पड़ चुका है?
क्या पहले जैसा जादू अब नहीं रहा?
एमजीआर और जयललिता के दौर में स्टारडम सिर्फ लोकप्रियता नहीं, बल्कि जनविश्वास का पर्याय बन चुका था. फिल्मों में निभाए गए किरदार, गरीबों के मसीहा, न्याय के रक्षक, सीधे उनकी राजनीतिक छवि में बदल जाते थे. उस समय मीडिया सीमित था, सोशल मीडिया नहीं था और जनता के लिए स्क्रीन पर दिखने वाला चेहरा ही असली पहचान बन जाता था.
आज स्थिति बदल चुकी है. दर्शक और मतदाता दोनों अधिक जागरूक हैं. फिल्मी छवि और वास्तविक नेतृत्व के बीच फर्क को लोग बेहतर समझने लगे हैं. ऐसे में सिर्फ स्टारडम के भरोसे चुनावी जीत आसान नहीं रह गई.
रजनीकांत क्यों पीछे हट गए?
रजनीकांत को लंबे समय तक तमिलनाडु की राजनीति में ‘गेम चेंजर’ माना जाता रहा. उनके हर बयान को सियासी संकेत के तौर पर देखा गया. लेकिन जब उन्होंने सक्रिय राजनीति में उतरने की घोषणा की और फिर स्वास्थ्य कारणों का हवाला देकर पीछे हट गए, तो यह साफ हो गया कि स्टारडम को राजनीतिक संगठन में बदलना आसान नहीं है. रजनीकांत ने 'रजनी मक्कल मंद्रम' नाम से पार्टी भी बनाई थी, कुछ समय बाद ही उन्होंने अपनी पार्टी को भंग कर दिया.
जबकि रजनीकांत के पास अपार फैन फॉलोइंग थी, लेकिन उसे बूथ स्तर की राजनीतिक ताकत में बदलने के लिए जिस संगठन, रणनीति और निरंतरता की जरूरत होती है, वह नहीं बन पाई. इससे ‘सुपरस्टार एंट्री = सत्ता’ वाला फार्मूला कमजोर पड़ता दिखा.
कमल हासन का असर सीमित क्यों रहा?
कमल हासन ने राजनीति में कदम रखते हुए मक्कल नीधि मय्यम (MNM) की स्थापना की. उनकी छवि एक बौद्धिक और प्रगतिशील अभिनेता की रही है, लेकिन चुनावी राजनीति में यह छवि वोट में पूरी तरह तब्दील नहीं हो सकी.
कमल हासन को शहरी और शिक्षित वर्ग में समर्थन मिला, लेकिन ग्रामीण और पारंपरिक वोट बैंक तक उनकी पहुंच सीमित रही. इसके अलावा, मजबूत क्षेत्रीय दलों के बीच नई पार्टी के लिए जगह बनाना अपने आप में एक बड़ी चुनौती है. इससे यह संकेत मिलता है कि आज की राजनीति में सिर्फ पहचान नहीं, बल्कि जमीनी नेटवर्क और गठबंधन भी जरूरी हैं.
क्या बदल गया है तमिलनाडु का राजनीतिक समीकरण?
तमिलनाडु में आज भी द्रविड़ मुनेत्र कड़गम और अन्नाद्रमुक जैसी पार्टियां गहरी जड़ें रखती हैं. इनके पास दशकों पुराना संगठन, कैडर और सामाजिक समीकरण है. इसके मुकाबले नए चेहरे, चाहे वे सुपरस्टार ही क्यों न हों, को जगह बनाना कठिन हो गया है. इसके अलावा, जातीय समीकरण, वेलफेयर पॉलिटिक्स और क्षेत्रीय पहचान जैसे मुद्दे अब ज्यादा प्रभावी हो चुके हैं. ऐसे में ‘हीरो इमेज’ अकेले चुनाव जिताने के लिए पर्याप्त नहीं है.
ये भी पढ़ें :जयललिता की ‘परछाई’ से नई पार्टी तक: कौन हैं VK शशिकला, क्यों फिर चर्चा में ‘चिन्नम्मा’?
क्या सोशल मीडिया ने बदल दिया खेल?
आज के दौर में सोशल मीडिया ने राजनीति को अधिक पारदर्शी और प्रतिस्पर्धी बना दिया है. नेता की हर बात, हर निर्णय तुरंत जांच के दायरे में आ जाता है. पहले जहां स्टार की छवि बिना चुनौती के चलती थी, अब उसे लगातार परखा जाता है. इस बदलाव ने ‘सुपरस्टार इफेक्ट’ को कमजोर किया है, क्योंकि अब जनता केवल करिश्मे से नहीं, बल्कि काम, नीतियों और विश्वसनीयता से प्रभावित होती है.
क्या पूरी तरह खत्म हो गया सुपरस्टार इफेक्ट?
ऐसा कहना जल्दबाजी होगी कि सुपरस्टार इफेक्ट पूरी तरह खत्म हो गया है. आज भी लोकप्रिय चेहरे राजनीति में शुरुआती बढ़त दिला सकते हैं. मीडिया अटेंशन, भीड़ और चर्चा के रूप में. लेकिन यह सिर्फ शुरुआत भर है, अंत नहीं. अब जीत के लिए संगठन, रणनीति, गठबंधन और जमीनी पकड़ उतनी ही जरूरी है जितनी लोकप्रियता.
बदलते दौर में स्टारडम पॉलिटिक्स
एमजीआर और जयललिता का दौर एक अलग समय था, जहां सिनेमा और राजनीति का मेल सीधे सत्ता तक पहुंचाता था. आज वही रास्ता ज्यादा जटिल हो गया है. रजनीकांत और कमल हासन के अनुभव यह दिखाते हैं कि ‘सुपरस्टार इफेक्ट’ अब अपने आप में पर्याप्त नहीं है. यह अब केवल एक एंट्री प्वाइंट है. सफलता की गारंटी नहीं.
यानी, सिनेमा से सियासत का रास्ता अब भी खुला है, लेकिन वहां तक पहुंचने के लिए सिर्फ स्टारडम नहीं, बल्कि मजबूत राजनीतिक जमीन भी जरूरी है.
जयललिता के सियासी गुरु कौन थे?
तमिलनाडु की पूर्व मुख्यमंत्री और एआईएडीएमके (AIADMK) की दिग्गज नेता जे. जयललिता के सियासी गुरु एम.जी. रामचंद्रन (MGR) थे. वे तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री और एक बेहद लोकप्रिय अभिनेता थे. एमजीआर ने ही जयललिता को राजनीति में प्रवेश कराया और पार्टी में आगे बढ़ने का मौका दिया.
जयललिता 1982 में एमजी रामचंद्रन के निमंत्रण पर एआईएडीएमके में शामिल हुई थीं. उनके मेंटर एमजीआर ने उन्हें 1984 में राज्यसभा का सदस्य बनाकर सक्रिय राजनीति में उतारा.एमजीआर के निधन के बाद, जयललिता ने खुद को उनकी राजनीतिक विरासत का उत्तराधिकारी घोषित किया और पार्टी का नेतृत्व संभाला. एमजीआर ने ही जयललिता को प्रचार सचिव (Propaganda Secretary) नियुक्त किया था, जिसके बाद उन्होंने एआईएडीएमके में तेजी से सफलता हासिल की.
एमजीआर के संपर्क में कैसे आईं जयललिता
यहां पर इस बात का जिक्र कर दें कि एमजीआर तमिलनाडु के लोकप्रिय अभिनेता भी थे. फिल्म इंडस्ट्री जरिए ही जयललिता उनके संपर्क में आईं. खुद जयललिता भी तमिल फिल्मों की जानी मानी अभिनेत्री थीं. जयललिता ने तमिल फिल्मों में चोटी के अभिनेता एमजी रामचंद्रन के साथ काम किया था.
एमजीआर की कौन सी फिल्में हिट हुईं?
एमजी रामचंद्रन (MGR) तमिल सिनेमा के सबसे सफल अभिनेताओं में से एक थे, जिनकी सुपरहिट फिल्मों में एंगा वीटू पिल्लई (1965), आयिराथिल ओरुवन (1965), उलागम सुत्रुम वलिबन (1973), मदुरै वीरान (1956), और नादोदी मन्नन (1958), अनबे वा (1966), कावलकरन (1967), कुदियिरुंधा कोइल (1968) मलाइकल्लन (1954), मर्मयोगी (1951) और मंथिरी कुमारी (1950). प्रमुख हैं. उनकी फिल्में बॉक्स ऑफिस पर कमाई के रिकॉर्ड तोड़ती थीं और वे मुख्य रूप से एक एक्शन हीरो के रूप में पसंद किए जाते थे. एमजीआर ब्लॉकबस्टर, एक्शन और रोमांटिक और ड्रैमेटिक फिल्में काफी हिीं अुई थीं.
जयललिता की किन फिल्मों ने उन्हें बुलंदियों तक पहुंचाया?
राजनीति से पहले जयललिता साउथ की फिल्मों की हीरोइन हुआ करती थी. ये वो समय था जब जयललिता के ठुमकों के लोग दीवाने थे. 13 साल की उम्र में फिल्मी करियर की शुरुआत करने वालीं जयललिता बॉलीवुड फिल्म 'इज्जत' में धर्मेंद्र के साथ भी काम कर चुकी हैं. जयललिता की जिन फिल्मों ने उन्हें बुलंदियों तक पहुंचाया उनमें, वेन्नइरादई 1965, आयीराथिल ओरूवन 1965, यार ने? 1966 अदिमेई पेन्नै 1969, पत्तीकडा पत्तानामा 1972, कुदयिरुनथा कोविल 1968, देइवा मगन 1969, गौरी कल्याणम 1966, सूर्यग्रंथि 1973, एपिसल 1961 व अन्य शामिल हैं.
एमजीआर और जयललिता जोड़ी की कौन सी फिल्में हुईं हिट?
एममजीआर (M.G. Ramachandran) और जयललिता की जोड़ी 1965 से 1973 के बीच तमिल सिनेमा की सबसे सफल जोड़ियों में से एक थी, जिन्होंने 28 से अधिक फिल्मों में साथ काम किया. उनकी प्रमुख सुपरहिट फिल्मों में अयिरथिल ओरुवन (1965), अदिमाई पेन (1969), कवलकरन (1967), नम नाडु (1969) व अन्य शामिल हैं. इनमें आदिमाई पेन (1969) बॉक्स ऑफिस पर ब्लॉकबस्टर साबित हुईं थी. इसमें जयललिता ने दोहरी भूमिका निभाई थी.1968 में जयललिता ने एक मात्र हिंदी फिल्म 'इज्जत' में काम किया था. उस फिल्म के हीरो मशहूर अभिनेता धमेंद्र थे.
क्यों खास थी यह जोड़ी?
एमजीआर की “गरीबों के मसीहा” वाली इमेज और जयललिता की ग्लैमरस लेकिन मजबूत किरदार वाली छवि—दोनों ने मिलकर स्क्रीन पर एक ऐसा प्रभाव बनाया, जिसने उन्हें सिर्फ फिल्म स्टार नहीं, बल्कि जनता का चहेता चेहरा बना दिया. यही कारण है कि जब दोनों राजनीति में आए, तो जनता ने उन्हें उसी भरोसे के साथ स्वीकार किया.




