Begin typing your search...

IndiGo को मिल गया नया CEO, कौन हैं William Walsh? इस दिन से संभालेंगे कमान

भारत की सबसे बड़ी लो-कॉस्ट एयरलाइन IndiGo ने नेतृत्व में बड़ा बदलाव करते हुए William Walsh को नया CEO नियुक्त करने का ऐलान किया है. यह फैसला पूर्व CEO Pieter Elbers के अचानक इस्तीफे के कुछ हफ्तों बाद लिया गया है. 3 अगस्त 2026 से इंडिगो के CEO का पद संभाल सकते हैं.

IndiGo को मिल गया नया CEO, कौन हैं William Walsh? इस दिन से संभालेंगे कमान
X
( Image Source:  @27saurabhsinha-X )
सागर द्विवेदी
By: सागर द्विवेदी4 Mins Read

Updated on: 31 March 2026 4:46 PM IST

भारत की सबसे बड़ी लो-कॉस्ट एयरलाइन IndiGo ने नेतृत्व में बड़ा बदलाव करते हुए नए मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) की घोषणा कर दी है. पूर्व CEO Pieter Elbers के अचानक इस्तीफे के कुछ हफ्तों बाद कंपनी ने यह अहम फैसला लिया है, जो आने वाले समय में एयरलाइन के लिए नई दिशा तय कर सकता है.

मंगलवार को कंपनी ने आधिकारिक तौर पर घोषणा की कि वैश्विक एविएशन इंडस्ट्री के दिग्गज William Walsh (विली वॉल्श) को नया CEO नियुक्त किया गया है. वॉल्श फिलहाल International Air Transport Association (IATA) के डायरेक्टर जनरल हैं और इससे पहले British Airways और International Airlines Group जैसे बड़े एयरलाइन समूहों का नेतृत्व कर चुके हैं.

इंडिगो ने William Walsh को ही क्यों चुना?

इंडिगो के चेयरमैन Vikram Singh Mehta ने वॉल्श की नियुक्ति को कंपनी के लिए “नए दौर की शुरुआत” बताया. उन्होंने कहा कि 'मुझे बेहद खुशी है कि विली इंडिगो की कमान संभालेंगे. वे एक असाधारण वैश्विक एविएशन लीडर हैं, जिनका कई एयरलाइनों में शानदार नेतृत्व का बेहतरीन रिकॉर्ड रहा है.” उनके मुताबिक, वॉल्श का अनुभव और लीडरशिप स्किल्स इंडिगो को तेजी से बदलते ग्लोबल एविएशन मार्केट में आगे बढ़ाने में मदद करेंगे.

नए CEO विली वॉल्श ने क्या कहा?

नियुक्ति के बाद विली वॉल्श ने इंडिगो का नेतृत्व करने को लेकर खुशी जाहिर की. उन्होंने कहा कि 'इंडिगो का नेतृत्व करने का अवसर पाकर मैं बेहद खुश हूं. यह एयरलाइन मजबूत नींव, प्रभावशाली विजन और बेहतरीन प्रतिष्ठा के साथ खड़ी है.” वॉल्श ने खासतौर पर इंडिगो की टीम की तारीफ करते हुए कहा कि कंपनी के लोगों का जुनून और प्रोफेशनलिज्म इसे अलग बनाता है.

पिछले CEO पीटर एल्बर्स ने क्यों दिया इस्तीफा?

पूर्व CEO Pieter Elbers ने अपने कार्यकाल के खत्म होने से करीब 18 महीने पहले ही पद छोड़ दिया था. उनका इस्तीफा ऐसे समय आया, जब एयरलाइन को बड़े संकट का सामना करना पड़ा. दिसंबर 2025 में पायलटों की कमी और फ्लाइट ड्यूटी टाइम लिमिट (FTDL) नियमों के कारण बड़ी संख्या में फ्लाइट्स कैंसिल करनी पड़ी थीं, जिससे हजारों यात्री प्रभावित हुए थे.

विली वॉल्श कब संभालेंगे जिम्मेदारी?

जानकारी के मुताबिक, वॉल्श का IATA में कार्यकाल 31 जुलाई 2026 तक है. इसके बाद वे 3 अगस्त 2026 से इंडिगो के CEO का पद संभाल सकते हैं, हालांकि यह नियामकीय मंजूरी पर निर्भर करेगा. इंडिगो के मैनेजिंग डायरेक्टर Rahul Bhatia ने कहा कि कंपनी एक नए ट्रांसफॉर्मेशन फेज में प्रवेश कर रही है और ऐसे समय में वॉल्श का अनुभव बेहद महत्वपूर्ण साबित होगा.

कौन हैं विली वॉल्श?

विली वॉल्श (पूरा नाम: विलियम वॉल्श) दुनिया के सबसे अनुभवी और प्रभावशाली एविएशन लीडर्स में गिने जाते हैं. उनका जन्म आयरलैंड में हुआ और उन्होंने अपने करियर की शुरुआत एक पायलट के रूप में की थी. बाद में उन्होंने मैनेजमेंट में कदम रखा और तेजी से एयरलाइन इंडस्ट्री में बड़ा नाम बना लिया.

वॉल्श सबसे पहले British Airways के CEO बने, जहां उन्होंने कंपनी को वित्तीय संकट से निकालकर मुनाफे की राह पर लाने में अहम भूमिका निभाई. इसके बाद वे International Airlines Group के प्रमुख बने, जो यूरोप के सबसे बड़े एयरलाइन समूहों में से एक है. इस ग्रुप के तहत Aer Lingus, Iberia और Vueling जैसी प्रमुख एयरलाइंस आती हैं.

वर्तमान में वॉल्श International Air Transport Association (IATA) के डायरेक्टर जनरल हैं, जो वैश्विक एयरलाइन उद्योग का प्रतिनिधित्व करने वाली सबसे बड़ी संस्था है. यहां उन्होंने कोविड-19 के बाद एविएशन सेक्टर को संभालने और नीतियों को संतुलित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. उनकी पहचान एक सख्त लेकिन दूरदर्शी लीडर के रूप में होती है, जो बड़े फैसले लेने और संकट के समय कंपनियों को संभालने के लिए जाने जाते हैं. इंडिगो के नए CEO के रूप में उनकी नियुक्ति को कंपनी के लिए एक बड़ा रणनीतिक कदम माना जा रहा है.

अगला लेख