भारत-अमेरिका के बीच ट्रेड डील फाइनल, अब 25 की जगह 18% लगेगा टैरिफ; पीएम मोदी से ट्रंप की क्या बातचीत हुई?
भारत और अमेरिका के बीच ट्रेड डील फाइनल हो गई है. सात ही, भारत पर लगाया गया अतिरिक्त टैरिफ भी घटा दिया गया है. पीएम मोदी से बातचीत के बाद ट्रम्प ने यह एलान किया.
पीएम मोदी और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप
India US Trade Deal: भारत और अमेरिका के बीच ट्रेड डील पर आखिरकार बात बन गई है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने खुद इसकी पुष्टि की है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से फोन पर बातचीत के बाद ट्रम्प ने एलान किया कि भारत पर लगाया गया 25% अतिरिक्त टैरिफ घटाकर 18% कर दिया गया है. इसके बाद अब भारत पर अमेरिका का कुल टैरिफ 43% रह गया है.
ट्रम्प ने यह जानकारी अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर दी. उन्होंने पीएम मोदी को अपना करीबी दोस्त बताते हुए कहा कि दोनों देशों के रिश्ते आगे और मजबूत होंगे.
ट्रम्प ने क्या कहा?
ट्रम्प ने कहा कि पीएम मोदी के साथ बातचीत में व्यापार के साथ-साथ रूस-यूक्रेन युद्ध पर भी चर्चा हुई. उनके मुताबिक, भारत अब रूसी तेल खरीदना कम करेगा और अमेरिका व वेनेजुएला से ज्यादा तेल खरीदेगा. ट्रम्प ने दावा किया कि इससे यूक्रेन युद्ध खत्म करने में मदद मिलेगी. हालांकि, भारत सरकार की ओर से इस दावे पर अब तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है.
टैरिफ घटाने का एलान कैसे हुआ?
ट्रम्प ने कहा कि पीएम मोदी के सम्मान और दोस्ती को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है. उन्होंने बताया कि अमेरिका ने भारत पर टैरिफ 25% से घटाकर 18% कर दिया है. भारत भी अमेरिका के खिलाफ अपने टैरिफ और गैर-टैरिफ बाधाएं शून्य की ओर ले जाने पर काम करेगा. इसके साथ ही, भारत 500 अरब डॉलर से ज्यादा के अमेरिकी ऊर्जा, टेक्नोलॉजी, कृषि, कोयला और अन्य उत्पाद खरीदने पर भी राजी हुआ है. ट्रम्प ने कहा, “मोदी और मैं काम करने वाले लोग हैं. सिर्फ बातें करने वाले नहीं.”
ट्रंप ने इंडिया गेट की क्यों की तारीफ?
इसी दिन ट्रम्प ने इंडिया गेट की तस्वीर भी शेयर की और लिखा, “भारत का ट्रायम्फल आर्च बहुत खूबसूरत है, लेकिन हमारा इससे भी शानदार होगा.” दरअसल, ट्रम्प वॉशिंगटन डीसी में अपने नाम से एक भव्य प्रवेश द्वार ‘Arc de Trump’ बनवाने की योजना पर काम कर रहे हैं, जिसका डिजाइन पेरिस के Arc de Triomphe से मिलता-जुलता है.
ट्रंप के दूसरे कार्यकाल में कितनी बार पीएम मोदी से हुई बातचीत?
ट्रम्प के राष्ट्रपति बनने के बाद से, यानी 13 महीनों में, पीएम मोदी और उनके बीच 7 बार फोन पर बातचीत हो चुकी है. इन चर्चाओं में व्यापार, ऊर्जा और रक्षा, वैश्विक शांति और सुरक्षा, जैसे मुद्दे लगातार उठते रहे हैं.
क्या EU-India डील से बढ़ी US की बेचैनी?
इस वक्त विदेश मंत्री एस. जयशंकर अमेरिका में हैं, जहां वे क्रिटिकल मिनरल्स पर एक अहम कॉन्फ्रेंस में शामिल हो रहे हैं. जानकारों का मानना है कि EU-India Free Trade Agreement के बाद अमेरिका को यह एहसास हुआ है कि भारत अब सिर्फ एक साझेदार नहीं, बल्कि मजबूत वैश्विक ताकत बन चुका है.





