क्या Iran Israel War रोक देगी आपकी कार? देश में CNG को लेकर ये है नया अपडेट
Middle East में जारी तनाव और तेल-गैस सप्लाई में अस्थिरता के बावजूद IGL ने भरोसा दिया है कि घरेलू PNG और CNG की सप्लाई निरंतर बनी रहेगी. शहरी यातायात और घरों में रसोई गैस पर फिलहाल कोई असर नहीं पड़ेगा.
CNG और PNG की सप्लाई सुरक्षित
ईरान और इज़राइल के बीच चल रहे युद्ध ने दुनिया भर में ऊर्जा संकट (Energy Crisis) का डर पैदा कर दिया है, लेकिन CNG (कंप्रेस्ड नेचुरल गैस) वाली गाड़ियों के मालिकों के लिए राहत भरी खबर है. यह जंग आपकी कार नहीं रोकेगी. सरकार ने आपकी गाड़ी चलती रखने के लिए एक नया 'इमरजेंसी प्लान' लागू किया है.
मिडिल ईस्ट की जंग के बीच भी दिल्ली और आसपास के घरों और वाहनों के लिए CNG और PNG की आपूर्ति जारी रहेगी. इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) ने भरोसा दिया है कि घरेलू रसोई गैस और वाहन ईंधन में कोई बाधा नहीं आएगी. आइए, जानते हैं कि सरकार ने क्या-क्या उपाय किए हैं...
सरकार का नया 'सुरक्षा कवच': Natural Gas Supply Order, 2026
गैस की किल्लत न हो, इसके लिए भारत सरकार ने 'नेचुरल गैस सप्लाई रेगुलेशन ऑर्डर, 2026' जारी किया है. इसके तहत गैस के बंटवारे में CNG और PNG (घरेलू) को 'Top Priority' (सबसे ऊपर) रखा गया है. इसका मतलब हुआ कि विदेश से आने वाली या देश में बनने वाली गैस सबसे पहले आपकी गाड़ी (CNG) और घर की रसोई (PNG) को दी जाएगी. इसका खामियाजा इंडस्ट्रीज (जैसे फर्टिलाइजर, सिरामिक्स) को भुगतना पड़ सकता है, क्योंकि उनकी सप्लाई काट कर आपको दी जाएगी.
IGL और MGL का आश्वासन, "लाइन में लगने की जरूरत नहीं"
दिल्ली-NCR में Indraprastha Gas Limited (IGL) और मुंबई में Mahanagar Gas Limited (MGL) ने आधिकारिक बयान जारी किए हैं. उन्होंने साफ कहा है कि सप्लाई अनइंटरप्टेड (बिना रुकावट) रहेगी. LPG की तरह CNG के लिए कोई राशनिंग या लंबी कतारों का संकट अभी नहीं है.
क्या दाम बढ़ेंगे? (Price Alert)
भले ही सप्लाई सुरक्षित है, लेकिन जेब पर बोझ बढ़ सकता है. दिल्ली में CNG का रेट ₹77.09/kg और नोएडा में ₹85.70/kg के आसपास स्थिर है. चूंकि भारत अपनी जरूरत की लगभग 50% गैस इम्पोर्ट करता है और होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) पर तनाव है, तो ग्लोबल मार्केट में गैस महंगी हो रही है. अगर युद्ध लंबा चला, तो आने वाले हफ्तों में ₹2 से ₹4 की बढ़ोतरी हो सकती है. LPG सिलेंडर वालों की तरह आपको फिलहाल घबराने की जरूरत नहीं है. आपकी CNG गाड़ी बेरोकटोक चलती रहेगी, बस भविष्य में इसके लिए थोड़ी ज्यादा कीमत चुकाने को तैयार रहें.
क्या बोले एक्सपर्ट?
ऊर्जा उद्योग के विशेषज्ञ मानते हैं कि Strait of Hormuz में किसी भी तरह की बाधा या तनाव से CNG और PNG की सप्लाई प्रभावित हो सकती थी, लेकिन सरकारी आदेश और IGL की प्राथमिकता के कारण घरेलू और शहरी उपयोग के लिए आपूर्ति स्थिर बनी रहेगी. इसलिए, ईरान और मध्य पूर्व के संकट के बावजूद आम घर और शहरों में CNG और PNG की आपूर्ति पर फिलहाल कोई संकट नहीं है.




