Begin typing your search...

PM Kisan 22वीं किस्त आज जारी: शाम 5 बजे के बाद किसानों के खाते में आएंगे ₹2000, ऐसे चेक करें अपना स्टेटस और लिस्ट

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत 13 मार्च 2026 को 22वीं किस्त जारी की जा रही है। करीब 9.32 करोड़ किसानों के खातों में DBT के जरिए ₹2000 ट्रांसफर होंगे.

pm kisan 22nd installment release status check beneficiary list 2026
X
( Image Source:  AI Sora )
रूपाली राय
Edited By: रूपाली राय5 Mins Read

Updated on: 13 March 2026 8:37 AM IST

PM Kisan 22nd Installment: देश के करोड़ों छोटे और सीमांत किसानों के लिए आज बहुत खुशी का दिन है. प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 22वीं किस्त आज यानी 13 मार्च 2026 को उनके बैंक खातों में ट्रांसफर होने वाली है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद असम की राजधानी गुवाहाटी से इस राशि को जारी करेंगे. शाम 5 बजे के आसपास या उसके बाद यह पैसा सीधे किसानों के खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के जरिए पहुंच जाएगा. इस बार लगभग 9.32 करोड़ किसानों को फायदा मिलेगा. हर पात्र किसान के खाते में 2,000 रुपये आएंगे. कुल मिलाकर सरकार करीब 18,640 करोड़ रुपये की राशि ट्रांसफर कर रही है. यह योजना साल 2019 में शुरू हुई थी और तब से यह किसानों के लिए एक बड़ा सहारा बन गई है.

हर साल किसानों को कुल 6,000 रुपये मिलते हैं, जो तीन-तीन किस्तों में 2-2 हजार रुपये के रूप में आते हैं. पिछली यानी 21वीं किस्त 19 नवंबर 2025 को तमिलनाडु से जारी की गई थी. अब 22वीं किस्त असम से जारी हो रही है, जहां जल्द ही विधानसभा चुनाव भी होने वाले हैं. केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि यह योजना छोटे किसानों के लिए बहुत बड़ी मददगार साबित हुई है. खेती में निवेश करने, बीज-खाद खरीदने और परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने में इसने बहुत योगदान दिया है. अब तक इस योजना के तहत 21 किस्तों में 4 लाख 9 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि किसानों के खातों में पहुंच चुकी है.

कौन-कौन से किसान इस बार पैसा पा सकते हैं?

जिन किसानों ने अपनी पात्रता की सभी शर्तें पूरी की हैं, जैसे आधार लिंक, बैंक अकाउंट सही होना, eKYC पूरा होना और अधिकतम 2 हेक्टेयर कृषि योग्य जमीन होना, उन्हें यह 2,000 रुपये मिलेंगे. लेकिन अगर कोई किसान इन शर्तों को पूरा नहीं करता है, जैसे गलत जानकारी, डुप्लिकेट एंट्री या अन्य कारणों से नाम कट गया है, तो उन्हें इस बार पैसा नहीं मिल सकता. इसलिए सभी किसानों से अपील है कि वे जल्द से जल्द अपना स्टेटस चेक करें.

शिवराज चौहान ने जताया आभार

मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट के जरिया कहा, 'प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि छोटे किसानों के लिए आधार बन गई है. खेती में निवेश और ग्रामीण आर्थिक सशक्तीकरण को मजबूत करने में इस योजना का योगदान है. मुझे खुशी है कि आदरणीय प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी 13 मार्च को मां कामाख्या की पावन भूमि गुवाहाटी से देशभर के 9.32 करोड़ से अधिक किसानों के खातों में पीएम किसान निधि की 22वीं किश्त के रूप में ₹18,640 करोड़ से अधिक की राशि ट्रांसफर करेंगे...सभी किसानों को बधाई.'

स्टेटस कैसे चेक करें?

  • अगर आप जानना चाहते हैं कि आपके खाते में पैसा आएगा या नहीं, तो ये स्टेप्स फॉलो करें: सबसे पहले ऑफिशियल वेबसाइट pmkisan.gov.in पर जाएं.
  • होम पेज पर "Know Your Status" या "Beneficiary Status" का ऑप्शन दिखेगा, उस पर क्लिक करें.
  • अपना रजिस्ट्रेशन नंबर डालें और कैप्चा कोड भरें.
  • आपके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर OTP आएगा, उसे डालकर सबमिट करें.
  • स्क्रीन पर आपकी पूरी जानकारी दिख जाएगी- जैसे पिछली किस्त आई या नहीं, स्टेटस क्या है, और अगली किस्त का अपडेट.

बेनिफिशियरी लिस्ट कैसे देखें?

  • वेबसाइट पर 'Beneficiary List' पर क्लिक करें
  • अपना राज्य, जिला, उप-जिला, ब्लॉक और गांव चुनें
  • पूरी लिस्ट खुल जाएगी, जिसमें आप अपना नाम सर्च कर सकते है
  • अगर अभी तक लाभ नहीं मिल रहा है, तो रजिस्ट्रेशन कैसे करें?
  • pmkisan.gov.in पर जाएं
  • 'New Farmer Registration' पर क्लिक करें
  • अपना आधार नंबर, मोबाइल नंबर और राज्य चुनकर फॉर्म भरें
  • सभी डिटेल्स सही-सही डालें और सबमिट करें
  • (पात्रता: भारतीय नागरिक होना जरूरी, और अधिकतम 2 हेक्टेयर जमीन होनी चाहिए)

यह योजना किसानों को खेती में आत्मनिर्भर बनाने और उनकी आर्थिक मदद करने के लिए शुरू की गई है. अगर आप पात्र हैं, तो आज शाम तक आपके खाते में 2,000 रुपये आ सकते हैं. ज्यादा जानकारी के लिए ऑफिशियल वेबसाइट चेक करते रहें और eKYC जरूर पूरा कर लें, क्योंकि यह अनिवार्य है.

नरेंद्र मोदी
अगला लेख