कौन हैं हमीदा सुलेमानी अफशार? अमेरिका में हुई गिरफ्तार, ईरान के पूर्व कमांडर कासिम सुलेमानी से क्या रिश्ता?

अमेरिकी विदेश विभाग ने शनिवार को जानकारी दी कि इमिग्रेशन एंड कस्टम्स एन्फोर्समेंट (ICE) ने हमीदा सुलेमानी अफशार और उनकी बेटी को हिरासत में ले लिया है. यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है जब अमेरिका और ईरान के बीच तनाव लगातार बना हुआ है.

हमीदा सुलेमानी अफशार

(Image Source:  X/ @LovaNabaz @RyanRozbiani )
Edited By :  विशाल पुंडीर
Updated On :

मिडिल ईस्ट में जारी जंग के बीच अमेरिका ने अपने देश में ईरानी नागरिकों पर कड़ा एक्शन लिया है. अमेरिका में ईरान से जुड़े नागरिकों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए एक बड़ा कदम उठाया गया है. अमेरिकी विदेश विभाग ने शनिवार को जानकारी दी कि इमिग्रेशन एंड कस्टम्स एन्फोर्समेंट (ICE) ने हमीदा सुलेमानी अफशार और उनकी बेटी को हिरासत में ले लिया है. यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है जब अमेरिका और ईरान के बीच तनाव लगातार बना हुआ है.

बताया जा रहा है कि लॉस एंजिल्स में रह रही हमीदा सुलेमानी अफशार और उनकी बेटी को शुक्रवार को गिरफ्तार किया गया. अमेरिकी एजेंसियों का कहना है कि दोनों पर ईरानी शासन के समर्थन और अमेरिका विरोधी गतिविधियों को बढ़ावा देने के आरोप हैं, जिसके चलते उनके खिलाफ यह कड़ा कदम उठाया गया है.

कौन है हमीदा सुलेमानी अफशार?

हमीदा सुलेमानी अफशार ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड के प्रमुख कमांडर कासिम सुलेमानी की भतीजी है. बता दें, कासिम सुलेमानी की हत्या साल 2020 में इराक के बगदाद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास एक ड्रोन हमले में की गई थी. ये हमला तत्कालीन अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के कहने पर हुआ था. इसके बाद से अमेरिका और ईरान के बीच संबंध और अधिक तनावपूर्ण हो गए थे.

क्यों किया गया गिरफ्तार?

अमेरिकी विदेश विभाग के अनुसार, हमीदा सुलेमानी अफशार पर आरोप है कि उन्होंने अमेरिका में रहते हुए ईरानी शासन के पक्ष में प्रचार किया. साथ ही उन्होंने मध्य पूर्व में अमेरिकी सैन्य ठिकानों और सैनिकों पर हुए हमलों की प्रशंसा भी की.

विदेश विभाग के एक आधिकारिक पत्र में कहा गया है कि "संयुक्त राज्य अमेरिका में रहते हुए, उन्होंने ईरानी शासन के दुष्प्रचार को बढ़ावा दिया, मध्य पूर्व में अमेरिकी सैनिकों और सैन्य सुविधाओं पर हमलों का जश्न मनाया, नए ईरानी सर्वोच्च नेता की प्रशंसा की , अमेरिका को 'महान शैतान' के रूप में निंदा की और एक नामित आतंकवादी संगठन, ईरानी क्रांतिकारी गार्ड कोर के लिए अपना अटूट समर्थन व्यक्त किया."

क्या-क्या लिया एक्शन?

अधिकारियों ने हमीदा सुलेमानी अफशार और उनकी बेटी का लीगल परमानेंट रेजिडेंसी (LPR) स्टेटस रद्द कर दिया है. इसके अलावा हमीदा के पति की अमेरिका में एंट्री पर भी बैन लगा दिया गया है. इस कार्रवाई से पहले अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने ईरान की पूर्व सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल के सचिव अली लारीजानी की बेटी फातिमेह अर्देशिर-लारीजानी और उनके पति सैयद कलंतर मोतमेदी की नागरिकता भी रद्द कर दी थी. दोनों वर्तमान में अमेरिका में नहीं हैं और भविष्य में उनके प्रवेश पर रोक लगा दी गई है.

Similar News