Iran के सबसे खतरनाक नौसैनिक चेहरे का अंत! कौन थे Alireza Tangsiri जिसकी मौत से हिला तेहरान?
जंग में Iran को एक और बड़ा झटका लगा है. इजराइल ने तेहरान के एक और बड़े चेहरे Alireza Tangsiri को हमले में मार गिराया है. इसे एक बड़ा नुकसान माना जा रहा है.
Who is Alireza Tangsiri: ईरान की एलीट नौसेना बल के कमांडर अलीरेज़ा तंगसीरी की दक्षिणी ईरान में एक हमले में मौत हो गई है. यह दावा एक इजरायली अधिकारी ने किया है. जंग अब अपने चौथे हफ्ते में पहुंच चुकी है और यह घटना इस दौरान हुई बड़ी हताहतों में शामिल मानी जा रही है.
तंगसीरी, ईरान के शक्तिशाली इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) की नौसेना शाखा का नेतृत्व कर रहे थे. उनकी मौत बंदर अब्बास पोर्ट सिटी में हुए एक हमले में हुई. अधिकारी ने यह भी बताया कि कमोडोर तंगसीरी स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को बंद कराने की रणनीति की निगरानी कर रहे थे. इस अहम जलमार्ग पर ईरान की पकड़ के चलते मिडिल ईस्ट से तेल और गैस की सप्लाई बुरी तरह प्रभावित हुई है.
हालांकि, इस हमले को लेकर ईरान की तरफ से तुरंत कोई पुष्टि नहीं की गई है और इजरायल डिफेंस फोर्सेस ने भी इस पर कोई टिप्पणी नहीं की है. ईरान के लिए यह अहम झटका माना जा रहा है. खासकर फारस की खाड़ी में उसके नौसैनिक ऑपरेशंस के लिहाज से.
कौन थे अलीरेज़ा तंगसीरी?
अलीरेज़ा तंगसीरी का जन्म दक्षिणी ईरान के बुशेहर प्रांत में हुआ था. उन्होंने ईरान-इराक युद्ध और 1980 के दशक में हुए टैंकर वॉर्स के दौरान अपनी सेवाएं दी थीं, जिसे अमेरिका और ईरान के बीच शुरुआती संघर्ष के तौर पर भी देखा जाता है.
इसके बाद तंगसीरी ने IRGC नेवी में तेजी से तरक्की की. उन्होंने बंदर अब्बास में 1st नेवल डिस्ट्रिक्ट की कमान संभाली और 2010 से 2018 तक डिप्टी कमांडर के रूप में कार्य किया. बाद में वह इस फोर्स के चीफ बने.
तंगसीरी की कथित मौत उन कई सीनियर ईरानी अधिकारियों की सूची में जुड़ गई है, जिन्हें 28 फरवरी से शुरू हुई जंग के बाद निशाना बनाया गया है. इस दिन अमेरिका और इजरायल ने ईरान पर संयुक्त सैन्य हमले शुरू किए थे.
ईरान के टॉप लीडर्स का क्या इजराइल ने किया सफाया?
इन शुरुआती और सबसे महत्वपूर्ण नुकसान में ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत भी शामिल बताई गई है. इसके बाद ईरान के राजनीतिक और सैन्य नेतृत्व के कई शीर्ष चेहरों को एक के बाद एक निशाना बनाया गया.
17 मार्च को ईरान के वरिष्ठ नेता और सुरक्षा प्रमुख अली लारीजानी की तेहरान के बाहरी इलाके में एक इजरायली हमले में मौत हो गई थी. इस हमले में उनके परिवार के सदस्य भी मारे जाने की खबर है.
कुछ दिनों बाद रिवोल्यूशनरी गार्ड्स के प्रवक्ता अली मोहम्मद नाइनी की भी एक संयुक्त अमेरिका-इजरायल हमले में मौत हो गई. उनकी मौत उस समय हुई जब उन्होंने कुछ ही घंटे पहले राष्ट्रीय टीवी पर आकर दावा किया था कि युद्ध के दबाव के बावजूद ईरान की मिसाइल उत्पादन क्षमता पूरी तरह बरकरार है.