Iran के प्रति सॉफ्ट स्टैंड! सभी प्रतिबंध हटाने को तैयार हुए डोनल्ड ट्रंप, जानें US के 15-पॉइंट सीजफायर प्लान में क्या-क्या है?

Donald Trump के 15-पॉइंट सीजफायर प्लान ने मिडिल ईस्ट की सियासत में हलचल मचा दी है, जहां जंग के बीच अचानक शांति की बड़ी पेशकश सामने आई है. क्या प्रतिबंध हटाने और न्यूक्लियर शर्तों के इस सौदे से ईरान झुकेगा, या टकराव और ज्यादा खतरनाक मोड़ लेने वाला है?

( Image Source:  X-@ANI )
Edited By :  समी सिद्दीकी
Updated On :

US Peace Proposal Detail: पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष चौथे हफ्ते में पहुंच गया है. इस बीच अमेरिका के राष्ट्रपति Donald Trump ने ईरान को लेकर अपने रुख में नरमी दिखाई है. मंगलवार को ट्रंप ने कहा कि उन्होंने ईरान को एक शांति प्रस्ताव भेजा है, जिससे करीब एक महीने से चल रहे युद्ध को खत्म करने का संकेत मिला है. वहीं तेहरान ने फिर दोहराया है कि वह Strait of Hormuz से दुश्मन देशों के जहाजों को गुजरने नहीं देगा.

रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका ने 15 बिंदुओं वाला यह प्रस्ताव पाकिस्तान के जरिए ईरान तक पहुंचाया है. इजरायल के चैनल 12 के अनुसार, ट्रंप ने एक महीने के सीजफायर का प्रस्ताव दिया है. अब देखना होगा कि ये बातचीत आगे कहां जाती है.

इस 15 प्वाइंट्स वाले प्रस्ताव में क्या है?

इस 15 प्वाइंट्स वाले प्रस्ताव में यूरेनियम इनरिचमेंट पर रोक लगाने और उसके पास मौजूद संवर्धित सामग्री को सौंपने जैसे मुद्दे शामिल हैं. प्रस्ताव के तहत ईरान Strait of Hormuz से जहाजों के सुरक्षित गुजरने की अनुमति देगा. इसके बदले तेहरान पर लगे सभी प्रतिबंध हटाए जाएंगे और उसे बुशेहर में सिविल न्यूक्लियर एनर्जी विकसित करने में मदद भी दी जाएगी.

इसके अलावा, ईरान को नतांज, इस्फहान और फोर्डो में अपने परमाणु ठिकानों को बंद करना होगा. साथ ही क्षेत्र में अपनी प्रॉक्सी रणनीति खत्म करनी होगी और इन समूहों को फंडिंग व हथियार देना बंद करना होगा. रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि ईरान के मिसाइलों की संख्या, उनकी रेंज और इस्तेमाल को सीमित करने पर भी चर्चा हुई.

क्या करना चाह रहे हैं ट्रंप?

हालांकि ट्रंप कूटनीति को प्राथमिकता दे रहे हैं, लेकिन इसी बीच खबरें हैं कि अमेरिका पश्चिम एशिया में अपनी सैन्य मौजूदगी बढ़ाने की तैयारी कर रहा है. रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका 82वीं एयरबोर्न डिवीजन के करीब 3,000 सैनिकों को इस क्षेत्र में भेजने पर विचार कर रहा है. गौरतलब है कि अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर संयुक्त हवाई हमलों से ठीक दो दिन पहले वॉशिंगटन परमाणु समझौते पर चर्चा कर रहा था.

क्या चल रही है पीस टॉक?

ट्रंप ने यह भी दावा किया कि ईरान ने अमेरिका को एक 'बहुत बड़ा तोहफा' दिया है, जिसे उन्होंने तेल और गैस से जुड़ा “महत्वपूर्ण इनाम” बताया. हालांकि उन्होंने इसके बारे में ज्यादा जानकारी नहीं दी. ट्रंप ने कहा कि इस समय बातचीत जारी है और इसमें उपराष्ट्रपति JD Vance और विदेश मंत्री Marco Rubio समेत कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं. उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि तेहरान किसी समझौते के लिए तैयार है.

वहीं पश्चिम एशिया में संघर्ष का 26वां दिन बुधवार को भी जारी रहा. ईरान और इजरायल के बीच हमले जारी हैं. रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान ने मिसाइलों से इजरायली शहरों पर हमला किया, जिससे कई लोग घायल हुए. दूसरी ओर, ईरान ने इजरायल पर बुशेहर पर दूसरी बार हमला करने का आरोप लगाया है.

Similar News