दोबारा जंग शुरू करा कर मानेगा इजराइल! मंडराया सीजफायर पर संकट, गुस्साए Iran ने होर्मुज किया बंद

सीजफायर होने के बाद भी इजराइल की हरकतें जारी है. लेबनान पर लगातार हमलों से ईरान नाराज हो गया है और उसने फिर स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को बंद कर दिया है. अमेरिका का कहना है कि तेहरान को इसे जल्द खोलना होगा.

( Image Source:  X-@ANI )
Edited By :  समी सिद्दीकी
Updated On : 9 April 2026 8:28 AM IST

Strait of Hormuz Closed: डोनाल्ड ट्रंप द्वारा ईरान के साथ सीजफायर की घोषणा के 24 घंटे के भीतर ही हालात बदलते नजर आ रहे हैं. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ईरान ने लेबनान पर इज़राइली हमलों के जवाब में स्ट्रेट ऑफ होर्मुज़ को बंद कर दिया है.

बुधवार सुबह अमेरिका और ईरान के बीच दो हफ्तों के सीजफायर का ऐलान हुआ था. इस समझौते के तहत ईरान ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज़ को फिर से खोलने पर सहमति जताई थी, जिससे वैश्विक ऊर्जा सप्लाई सामान्य हो सकती थी. लेकिन इसी बीच इज़राइल की सेना ने लेबनान में 10 मिनट के भीतर 100 से ज्यादा हवाई हमले किए.

इजराइल के प्रधानमंत्री ने क्या कहा?

इज़राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने अमेरिका के सीजफायर फैसले का समर्थन किया, लेकिन साफ कहा कि यह समझौता लेबनान पर लागू नहीं होता. उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि इज़राइल ट्रंप के फैसले का समर्थन करता है, बशर्ते ईरान तुरंत स्ट्रेट ऑफ होर्मुज़ खोले और अमेरिका, इज़राइल व क्षेत्र के अन्य देशों पर हमले बंद करे.

एक अन्य पोस्ट में नेतन्याहू ने कहा कि अमेरिका ने इज़राइल को भरोसा दिलाया है कि वह इन लक्ष्यों को हासिल करने के लिए प्रतिबद्ध है और आने वाली बातचीत में यह मुद्दे उठाए जाएंगे. उन्होंने दोहराया कि दो हफ्तों का यह सीजफायर लेबनान को शामिल नहीं करता.

इज़राइल ने लेबनान में अपने सैन्य अभियान जारी रखे और हिज़्बुल्लाह के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 254 लोगों की मौत और 837 लोगों के घायल होने की खबर है. इन हमलों के बाद ईरान ने विरोध जताया है.

अमेरिका ने क्या कहा?

अमेरिका की ओर से भी इस स्थिति पर प्रतिक्रिया आई है. व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलीन लेविट ने कहा कि ईरान को स्ट्रेट ऑफ होर्मुज़ तुरंत, सुरक्षित और जल्दी खोलना होगा. उन्होंने कहा कि इस अहम समुद्री रास्ते को बंद करना पूरी तरह अस्वीकार्य है और राष्ट्रपति की स्पष्ट मांग है कि इसे तुरंत खोला जाए.

लेबनान पर हुए हमले पर क्या बोले ट्रंप?

इस बीच, ट्रंप ने लेबनान में इज़राइल की सैन्य कार्रवाई का समर्थन भी किया. उन्होंने कहा कि हिज़बुल्लाह को इस सीजफायर समझौते में शामिल नहीं किया गया है. पीबीएस न्यूज से बातचीत में ट्रंप ने कहा कि लेबनान पर हो रहे हमले सीजफायर का हिस्सा नहीं हैं. जब उनसे पूछा गया कि लेबनान को इस समझौते से बाहर क्यों रखा गया, तो उन्होंने कहा कि इसकी वजह हिज़बुल्लाह है और यह एक अलग संघर्ष है.

ट्रंप ने यह भी कहा कि इज़राइल की यह कार्रवाई समझौते का हिस्सा है और सभी को इसके बारे में जानकारी है. उन्होंने इसे एक अलग टकराव बताते हुए कहा कि इसे भी समय के साथ सुलझा लिया जाएगा.

Similar News