लियारी में दहशत फैलाने वाले रहमान डकैत के बेटे भी कम नहीं! एक पुलिस की गिरफ्त में तो दूसरा एनकाउंटर में हुआ था ढेर-पूरी कुंडली
पाकिस्तान के कराची शहर का मशहूर गैंगस्टर रहे रहमान डकैत के बेटे को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. आइए, जानते हैं कि रहमान के कितने बेटे हैं और वे क्या करते हैं...;
Rehman Dakait Son Arrested in Karachi: पाकिस्तान के कराची की कलाकोट थाना पुलिस ने लियारी के मशहूर गैंगस्टर रहे अब्दुल रहमान उर्फ रहमान डकैत के बेटे जिब्रान को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी के पास से तलाशी के दौरान एक अवैध पिस्टल भी बरामद की गई है. पुलिस ने बताया कि जिब्रान एक आदतन अपराधी है. इससे पहले भी वह कई मामलों में गिरफ्तार होकर जेल जा चुका है. उसके खिलाफ 2023 और 2024 के बीच कलाकोट थाने में दो एफआईआर दर्ज हैं.
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, 2024 में रहमान डकैत का एक और बेटा भी कराची में पुलिस मुठभेड़ में मारा गया था. उस समय पुलिस ने दावा किया था कि वह लियारी में नया आपराधिक गिरोह खड़ा करने की कोशिश कर रहा था.
कौन था रहमान डकैत?
रहमान डकैत का असली नाम सरदार अब्दुल रहमान बलोच (Sardar Abdul Rehman Baloch) था. वह पाकिस्तान के कराची शहर का मशहूर गैंगस्टर था. उसे लियारी इलाके में लंबे समय तक चले गैंग वॉर का प्रमुख चेहरा माना जाता था. उसे 2009 में कराची पुलिस ने एक एनकाउंटर में मार गिराया था, जिसमें उसके तीन साथी भी ढेर हुए थे.
रहमान डकैत पर 80 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज थे. वह पीपल्स अमन कमिटी (Peoples' Aman Committee) का संस्थापक था, जो पाकिस्तान पीपल्स पार्टी (PPP) से जुड़ा संगठन था. उसके पिता हाजी अबू दाद मुहम्मद (Dadal या Dad Muhammad), ईरानी बलोच मूल के ड्रग स्मगलर थे. उसका परिवार 1960 के दशक से ही ड्रग तस्करी में शामिल था.
रहमान डकैत के कितने बेटे हुए?
रहमान डकैत ने तीन शादियां कीं. इससे उसे 13 से 17 बच्चे हुए. उसके बेटे सरबान बलोच और जिब्रान बलोच भी अपराध में शामिल रहे. वहीं, अब्दुल रहीम (Abdul Raheem), जो तीसरी पत्नी से पैदा हुआ और सबसे छोटा बेटा है, अपराध से दूर रहता है. उसकी ख्वाहिश बॉक्सर बनने की है. रहमान डकैत की कई बेटियां भी हैं, लेकिन उनके नाम या डिटेल्स सार्वजनिक नहीं हैं. कुछ रिपोर्ट्स में कहा गया कि बच्चे लियारी में रहते हैं और रहमान की मौत के बाद परिवार ने गरीबी देखी.
सरबान बलोच कौन था?
सरबान बलोच (Sarban Baloch) रहमान डकैत की दूसरी पत्नी से पैदा हुआ. उसका जन्म 1999 में हुआ. वह अपने पिता की तरह अपराध की दुनिया में सक्रिय था और ल्यारी में गैंग गतिविधियों को फिर से संगठित करने की कोशिश कर रहे था. मार्च 2024 में, उसने एक लड़के का अपहरण किया और उसके साथ सामूहिक बलात्कार किया, जिसके बाद हुए पुलिस मुठभेड़ में उसकी मौत हो गई. यह घटना कराची के पुराने शहर इलाके में हुई थी. पुलिस के अनुसार, सरबान और उसका साथी मकसूद शाह (Maqsood Shah) अपराधी गतिविधियां कर रहे थे. एनकाउंटर में सरबान की मौत हो गई. उस समय वह करीब 25 साल का था, जबकि मकसूद घायल हालत में गिरफ्तार हुआ.
DIG साउथ सैयद असद रजा ने कहा कि सरबान ल्यारी में अपराधियों का नया गैंग बना रहा था. यह एनकाउंटर उनके पिता रहमान डकैत की 2009 वाली मौत से काफी मिलता-जुलता था, जहां पुलिस ने उन्हें और उनके साथियों को मार गिराया था. सरबान ने पिता की तरह ड्रग तस्करी, फिरौती के लिए अपहरण, एक्सटॉर्शन और हत्या जैसे अपराधों में कदम रखा. उसे 2021 में कलाकोट पुलिस ने ड्रग पेडलिंग के आरोप में पकड़ा था. वह हत्या, ड्रग ट्रैफिकिंग, किडनैपिंग फॉर रैनसम और एक्सटॉर्शन जैसे कई मामलों में वांटेड था.
जिब्रान बलोच कौन है?
जिब्रान बलोच (Jibran Baloch) (या गिब्रान) रहमान डकैत का दूसरा बेटा है. वह भी अपराध की दुनिया से जुड़ा रहा है. जिब्रान पहले भी कई मामलों में गिरफ्तार हो चुका है, जिसमें हथियार और विस्फोटक से जुड़े केस शामिल हैं. हाल ही में (2 फरवरी को), उसे कराची की कलाकोट पुलिस ने गिरफ्तार किया. उसके पास से एक अवैध पिस्तौल और गोला-बारूद बरामद हुआ. यह गिरफ्तारी कलाकोट इलाके में हुई. पुलिस का कहना है कि वह ल्यारी माफिया से जुड़े अन्य अपराधियों के साथ मिलकर काम कर रहा था.
रहमान डकैत के अन्य बेटों के नाम या डिटेल्स सार्वजनिक रूप से ज्यादा उपलब्ध नहीं हैं, लेकिन रिपोर्ट्स में कहा गया है कि रहमान के कई बच्चे ल्यारी में रहते हैं. कुछ अपराध से जुड़े रहे हैं.