Iran Israel War: घुटनों पर अमेरिका! तारीख पर तारीख का चल रहा खेल; बड़बोले ट्रंप का 10 दिन वाला क्या है नया पैंतरा?
Iran Israel War: डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को घोषणा की कि दोनों देशों के बीच बातचीत बहुत अच्छी तरह से आगे बढ़ रही है और इसी के चलते ईरानी ऊर्जा अवसंरचना पर संभावित हमलों को फिलहाल 10 दिनों के लिए टाल दिया गया है.
donald trump
(Image Source: X/ @NewsAlgebraIND )Iran Israel War: मिडिल ईस्ट में जारी जंग अब 28वें दिन में पहुंच गई है, लेकिन अभी तक इस जंग का कोई हल नहीं निकला है उल्टा ईरान द्वारा स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को बंद कर देने से दुनियाभर में तेल और गैस आदि को लेकर मारा-मारी देखने को मिल रही है. भारत पर भी इस जंग का असर देखने को मिल रहा है. ईरान अपने इतने सारे लीडर्स को खोने के बाद भी इजरायल और अमेरिका के सामने सीना तान खड़ा है. वहीं अमेरिकी राष्ट्रपति खुद को इस जंग का विजेता बताने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं. दुनिया देख रही है कि कैसे ईरान लगातार अमेरिका और इजरायल को जवाब दे रहा है लेकिन ट्रंप आए दिन जंग को लेकर नए-नए बयान दे रहे हैं.
इस बीच डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को घोषणा की कि दोनों देशों के बीच बातचीत बहुत अच्छी तरह से आगे बढ़ रही है और इसी के चलते ईरानी ऊर्जा अवसंरचना पर संभावित हमलों को फिलहाल 10 दिनों के लिए टाल दिया गया है. ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए यह स्पष्ट किया कि यह निर्णय ईरानी सरकार के अनुरोध के बाद लिया गया है.
क्या बोले ट्रंप?
ट्रंप ने अपने बयान में कहा “ईरानी सरकार के अनुरोध के अनुसार, कृपया इस बयान को इस बात का प्रतीक मानें कि मैं ऊर्जा संयंत्रों को नष्ट करने की अवधि को 10 दिनों के लिए सोमवार, 6 अप्रैल, 2026 को पूर्वी समयानुसार रात 8 बजे तक के लिए स्थगित कर रहा हूं. बातचीत जारी है और फर्जी समाचार मीडिया और अन्य लोगों द्वारा इसके विपरीत दिए गए गलत बयानों के बावजूद, यह बहुत अच्छी तरह से चल रही है.” यह घोषणा ऐसे समय आई है जब पहले दिए गए 5 दिनों के विराम की अवधि समाप्त होने वाली थी.
पहले क्या थी ट्रंप की चेतावनी?
इससे पहले ट्रंप ने चेतावनी दी थी कि यदि ईरान होर्मुज जलडमरूमध्य को खोलने से इनकार करता है, तो अमेरिका उसके बिजली संयंत्रों को निशाना बना सकता है. हालांकि बाद में उन्होंने बहुत ही सार्थक बातचीत का हवाला देते हुए अस्थायी विराम की घोषणा की थी.
क्या थी ईरान की चेतावनी?
ईरान ने भी कड़ा रुख अपनाते हुए कहा था कि यदि अमेरिका हमले करता है, तो वह क्षेत्र के महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे विशेष रूप से खारे पानी को मीठा करने वाली सुविधाओं को निशाना बनाएगा. इससे खाड़ी देशों में जल संकट और गहरा सकता है.
क्या ईरान को भेजा गया था 15-सूत्रीय प्रस्ताव?
अमेरिकी ने पुष्टि की कि युद्ध समाप्त करने के लिए ईरान को 15-सूत्रीय कार्यसूची भेजी गई थी. हालांकि, तेहरान ने इस प्रस्ताव को एकतरफा बताते हुए खारिज कर दिया. ईरान द्वारा युद्धविराम योजना ठुकराए जाने के बाद ट्रंप ने कहा कि ईरान समझौता करने के लिए गिड़गिड़ा रहा है. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वह बातचीत के लिए दबाव नहीं बना रहे हैं, लेकिन चेतावनी दी कि ईरानी नेतृत्व को बहुत देर होने से पहले कदम उठाना चाहिए.