फ्लाईदुबई विमान में भारतीय पायलट पर हमले का वीडियो आया सामने, खून से लथपथ कैप्टन के पास दबोचा गया को-पायलट- UPDATES
तेल अवीव जा रहे फ्लाईदुबई विमान में भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार पर को-पायलट ने कथित तौर पर हमला किया. घटना के बाद का वीडियो सामने आया है, जिसमें घायल कैप्टन और दबोचा गया आरोपी दिख रहे हैं.
तेल अवीव जा रहे फ्लाईदुबई के विमान में भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार पर हुए हमले के बाद की पहली तस्वीरें सामने आई हैं. वीडियो में आरोपी ओमानी को-पायलट कॉकपिट के बाहर जमीन पर दबोचा हुआ दिखाई दे रहा है. वहीं, घायल भारतीय कैप्टन खून से लथपथ हालत में ऑक्सीजन मास्क लगाए पास ही पड़े हैं. विमान में मौजूद यात्रियों ने आरोपी को काबू करने और विमान को सुरक्षित उतारने में अहम भूमिका निभाई.
एसोसिएटेड प्रेस (AP) से प्राप्त वीडियो में कैप्टन स्मित मच्छार कॉकपिट के बाहर फर्श पर लेटे दिखाई देते हैं. उनके चेहरे और कपड़ों पर खून नजर आ रहा है. इस दौरान एक यात्री उन्हें जागते रहने के लिए कहता सुनाई देता है. वीडियो में आरोपी को-पायलट भी जमीन पर दबोचा हुआ दिख रहा है. उसकी वर्दी पर भी खून के निशान हैं। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि खून उसके शरीर का है या भारतीय कैप्टन का.
यात्रियों ने 50 मिनट तक आरोपी को रखा काबू में
विमान में मौजूद इजरायली यात्री असफ राजुआन के माथे पर भी गहरा घाव दिखाई दे रहा है. वह उन यात्रियों में शामिल थे, जिन्होंने हमले के बाद आरोपी को काबू करने में मदद की. इजरायली मीडिया Ynet News से बातचीत में राजुआन ने बताया कि यात्रियों ने हमलावर को करीब 50 मिनट तक काबू में रखा और विमान को सऊदी अरब में उतारा गया.
एक अन्य यात्री यानिव हायुन भी आरोपी को दबोचने वालों में शामिल थे. उन्होंने विमान के नियंत्रण लीवर संभालने में मदद की, ताकि विमान नीचे की ओर न गोते लगाए. हायुन के मुताबिक, उन्होंने विमानन हादसों पर आधारित एक टीवी शो से इस बारे में जानकारी हासिल की थी.
रिपोर्ट के मुताबिक, हमले के दौरान भारतीय कैप्टन स्मित कॉकपिट का दरवाजा खोलने में कामयाब रहे थे. इसके बाद वह वहीं गिर पड़े और यात्रियों को अंदर पहुंचकर हस्तक्षेप करने का मौका मिला.
नेतन्याहू का दावा- आरोपी चिल्लाया, 'मुझे मार डालो'
इस घटना को लेकर इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने एक और बड़ा दावा किया है। फॉक्स न्यूज को दिए इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि काबू किए जाने के बाद आरोपी को-पायलट चिल्ला रहा था, ''मुझे मार डालो, मुझे मार डालो.'' नेतन्याहू ने आरोपी को आत्मघाती प्रवृत्ति वाला बताते हुए आशंका जताई कि वह विमान को दुर्घटनाग्रस्त करना चाहता था.
हालांकि, हमले के पीछे की वास्तविक वजह और आरोपी की मंशा की जांच अभी जारी है. नेतन्याहू ने कहा कि फिलहाल यह कहना जल्दबाजी होगी कि आरोपी का ईरान से कोई संबंध था या नहीं. उन्होंने उम्मीद जताई कि जांच में कुछ दिनों के भीतर इस बारे में जानकारी मिल सकती है.
विमान दुबई से तेल अवीव जा रहा था. हमले के बाद फ्लाईदुबई की उड़ान FZ1073 की सऊदी अरब के तबुक में आपात लैंडिंग कराई गई, जहां आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया.
क्या हमले के पीछे आतंकी साजिश थी?
- इजरायल के प्रधानमंत्री नेतन्याहू और रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज ने इस घटना को जिहादी आतंकी हमला बताया है. इजरायल के रक्षा मंत्री ने इसे शुरुआती तौर पर ''जिहादी आतंकी हमले की कोशिश'' करार दिया था. भारत में इजरायल के दूतावास ने भी इसी तरह की प्रतिक्रिया दी.
- दूतावास ने कहा कि यह हमला सिर्फ इजरायलियों पर नहीं, बल्कि संयुक्त अरब अमीरात (UAE) और अब्राहम समझौते को कमजोर करने की कोशिश भी था.
- अब्राहम समझौता अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मध्यस्थता में हुआ था, जिसके तहत इजरायल और कुछ अरब देशों के बीच संबंध सामान्य करने की पहल की गई थी.
- हालांकि, इजरायल और यूएई की एजेंसियां इस बात की जांच कर रही हैं कि यह विमान अपहरण की कोशिश थी या आतंकी हमला. इजरायल के यूएई में राजदूत योसी अवराम शेली ने भी जल्दबाजी में निष्कर्ष निकालने से बचने की बात कही है.
को-पायलट के धार्मिक व्यवहार को लेकर भी चर्चा
हमले के बाद आरोपी को-पायलट के व्यवहार को लेकर भी कुछ रिपोर्ट सामने आई हैं. तेल अवीव के चैनल 16 के विदेशी मामलों के संपादक योसेफ इजरायल ने एक फ्लाईदुबई पायलट के हवाले से दावा किया कि आरोपी बेहद धार्मिक व्यवहार करता था और महिलाओं से हाथ मिलाने से परहेज करता था. रिपोर्ट के मुताबिक, उस पायलट ने यह भी कहा कि आरोपी दिन में बार-बार प्रार्थना करता था. हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और संबंधित पायलट की पहचान भी सार्वजनिक नहीं की गई है.
नेतन्याहू ने कहा है कि जांच में यह पता लगाया जाएगा कि आरोपी के साथ कोई और भी शामिल था या नहीं और क्या इस घटना में ईरान की कोई भूमिका थी. फिलहाल, जांच एजेंसियां हमले की मंशा, संभावित सहयोगियों और विमान में हुई घटनाओं की कड़ियों को जोड़ने में जुटी हैं.