Israel Dubai Flight: कैसा होता है कॉकपिट, विमान का सबसे सुरक्षित हिस्सा ही कैसे बना सबसे खतरनाक?
Israel Dubai Flight में कॉकपिट के अंदर हुई घटना ने विमान सुरक्षा पर सवाल खड़े किए. जानिए कॉकपिट की सुरक्षा, 7500 और 7700 कोड का मतलब और पूरा घटनाक्रम.
Israel Dubai Flight Latest News: दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 में 30 सितंबर 2026 को कॉकपिट के अंदर हुई घटना ने दुनियाभर में विमान की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. अभी तक की मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, उड़ान के दौरान को-पायलट ने कथित तौर पर कैप्टन पर हमला किया और उसे चाकू मार दिया. इसी बीच विमान तेजी से नीचे जाने लगा. घटना के दौरान इमरजेंसी रेडियो कोड भी सक्रिय किए गए और बाद में यात्रियों व क्रू के कुछ सदस्यों ने कॉकपिट में पहुंचकर हमलावर को काबू किया.
कैप्टन ने विमान को सऊदी अरब के तबुक एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारा गया. इस घटना ने पूरी दुनिया का ध्यान इसलिए भी खींचा क्योंकि कॉकपिट को विमान का सबसे ज्यादा सेफ हिस्सा माना जाता है, लेकिन इस बार खतरा वहीं से पैदा हुआ.
1. Israel Dubai Flight में 30 सितंबर को आखिर क्या हुआ?
30 सितंबर को फ्लाईदुबई की उड़ान FZ1073 दुबई से तेल अवीव के लिए रवाना हुई थी. उड़ान के दौरान कॉकपिट (Cockpit) में कैप्टन और को-पायलट के बीच कथित तौर पर हिंसक झड़प हुई. रिपोर्टों के अनुसार, को-पायलट ने कैप्टन पर चाकू से हमला किया, जिससे वह घायल हो गया. इसी दौरान विमान तेजी से नीचे आने लगा.
फ्लाइट-ट्रैकिंग डेटा के मुताबिक, विमान करीब 33 हजार फीट की ऊंचाई से लगभग 17 हजार फीट तक नीचे आया. स्थिति गंभीर होने पर विमान से पहले 7700 और फिर 7500 कोड प्रसारित किए गए. बाद में यात्रियों और चालक दल के कुछ सदस्यों ने कॉकपिट तक पहुंचकर हमलावर को काबू किया. दूसरे पायलट ने विमान का नियंत्रण संभालने में मदद की और फ्लाइट को सऊदी अरब के तबुक एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारा गया. फिलहाल, घटना की वजह और कथित हमले के मकसद की जांच जारी है.
2. कॉकपिट आखिर क्या होता है और इसमें क्या-क्या होता है?
कॉकपिट विमान का अगला हिस्सा होता है, जहां कैप्टन और को-पायलट बैठकर पूरे विमान का संचालन करते हैं. इसे विमान का कंट्रोल रूम भी कहा जा सकता है. यहां पायलटों के सामने विमान की ऊंचाई, गति, दिशा, इंजन, नेविगेशन और दूसरी जरूरी जानकारियां दिखाई देती हैं.
कॉकपिट में बड़ी संख्या में बटन, स्विच और अलग-अलग स्क्रीन होती हैं, जिनकी मदद से विमान को उड़ाया और नियंत्रित किया जाता है. टेकऑफ से लेकर उड़ान के दौरान दिशा और ऊंचाई बनाए रखने तथा सुरक्षित लैंडिंग तक कॉकपिट की भूमिका अहम होती है. इसी वजह से आम यात्रियों की यहां पहुंच सीमित होती है. कॉकपिट का दरवाजा भी सुरक्षा के लिहाज से मजबूत और नियंत्रित प्रवेश व्यवस्था वाला बनाया जाता है.
3. कॉकपिट को विमान की सबसे सुरक्षित जगह कैसे?
कॉकपिट को विमान के सबसे सुरक्षित हिस्सों में इसलिए गिना जाता है, क्योंकि वहां प्रवेश केवल तय चालक दल के लिए होता है. कॉकपिट का दरवाजा बाहर से किसी व्यक्ति के जबरन अंदर घुसने की कोशिश को रोकने के लिए मजबूत होता है.
9/11 के आतंकवादी हमलों के बाद विमानों के कॉकपिट दरवाजों की सुरक्षा और मजबूत की गई थी और इन्हें बेहद मजबूत तथा सुरक्षा मानकों के अनुरूप बनाया गया. इसका मुख्य उद्देश्य बाहरी हमलावरों या किसी यात्री को कॉकपिट पर कब्जा करने से रोकना है.
साथ ही विमान की पूरी उड़ान व्यवस्था पायलटों के पास होती है, इसलिए कॉकपिट की सुरक्षा सीधे विमान और उसमें बैठे यात्रियों की सुरक्षा से जुड़ी होती है.
4. सबसे सुरक्षित हिस्सा अंदर से ही खतरनाक कैसे?
कॉकपिट की सुरक्षा मुख्य रूप से बाहर से आने वाले खतरे को रोकने के लिए बनाई गई है. लेकिन अगर खतरा कॉकपिट के अंदर मौजूद किसी व्यक्ति से ही पैदा हो जाए, तो यही व्यवस्था दूसरी तरह की चुनौती बन सकती है.
ऐसा इसलिए कि विमान के संचालन की जिम्मेदारी पायलटों के पास होती है और पूरी व्यवस्था इस भरोसे पर काम करती है कि कॉकपिट में मौजूद चालक दल सुरक्षित और जिम्मेदारी से विमान संचालित करेगा.
Israel Dubai Flight की घटना में रिपोर्टों के मुताबिक, कथित हमला कॉकपिट के अंदर ही हुआ. ऐसे में बाहर मौजूद यात्रियों और बाकी क्रू के लिए तुरंत अंदर पहुंचना आसान नहीं होता. इस तरह मजबूत सुरक्षा दरवाजा, जो सामान्य परिस्थितियों में सुरक्षा कवच होता है, अंदर पैदा हुए खतरे की स्थिति में मदद पहुंचने में बाधा बन सकता है.
5. 7500 और 7700 कोड आखिर क्या बताते हैं?
विमान में आपात स्थिति की जानकारी एयर ट्रैफिक कंट्रोल यानी ATC तक तेजी से पहुंचाने के लिए खास रेडियो कोड का इस्तेमाल किया जाता है. इनमें 7500 कोड विमान के अपहरण या किसी तरह के अवैध नियंत्रण की स्थिति से जुड़ा होता है. इस कोड से ATC को संकेत मिलता है कि विमान में गंभीर सुरक्षा समस्या हो सकती है. वहीं 7700 सामान्य आपात स्थिति के लिए इस्तेमाल किया जाता है.
इसमें तकनीकी खराबी, इंजन की समस्या, आग या मेडिकल इमरजेंसी जैसी स्थितियां शामिल हो सकती हैं. 7700 सक्रिय होने पर एयर ट्रैफिक कंट्रोल विमान को इमरजेंसी में प्राथमिकता देकर सुरक्षित लैंडिंग में मदद करता है. FZ1073 की घटना के दौरान इन कोड के प्रसारण ने स्थिति की गंभीरता की ओर संकेत किया.
6. इस घटना ने कॉकपिट को लेकर क्या सवाल खड़े किए?
Israel Dubai Flight की घटना ने विमान सुरक्षा के उस पहलू को सामने ला दिया जिसमें बाहरी खतरे से सुरक्षा और अंदरूनी खतरे के बीच बड़ा अंतर है. कॉकपिट का मजबूत दरवाजा, सीमित प्रवेश और पायलटों की विशेष जिम्मेदारी विमान सुरक्षा की महत्वपूर्ण व्यवस्था है. लेकिन जब कथित खतरा कॉकपिट के अंदर ही पैदा हो जाए, तो स्थिति अलग हो जाती है.
FZ1073 में कैप्टन के घायल होने, विमान के तेजी से नीचे आने और आपातकालीन कोड प्रसारित होने के बाद यात्रियों और चालक दल के सदस्यों की प्रतिक्रिया महत्वपूर्ण रही. रिपोर्टों के मुताबिक, हमलावर को काबू करने के बाद विमान को सुरक्षित तबुक पहुंचाया गया. हालांकि, घटना से जुड़े कई दावे सामने आए हैं, लेकिन जांच पूरी होने तक हमले के मकसद और पूरे घटनाक्रम पर अंतिम फैसले तक पहुंचना जल्दबाजी होगी.