तमिलनाडु के धारापुरम विधानसभा उपचुनाव के प्रचार के दौरान TVK उम्मीदवार पी. सत्यभामा मंच पर भावुक होकर रो पड़ीं. उन्होंने आरोप लगाया कि AIADMK छोड़ने के बाद उन्हें सोशल मीडिया और राजनीतिक विरोध के बीच बेहद आपत्तिजनक और अश्लील टिप्पणियों का सामना करना पड़ रहा है.

सथ्याभामा ने कहा कि उनके बारे में इस तरह की भाषा का इस्तेमाल किया जा रहा है, जबकि वह एक महिला हैं. उनके भावुक होने पर मंच पर मौजूद TVK प्रमुख और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय आगे आए और उन्हें सांत्वना दी. जिसका वीडियो काफी तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो है इसी के साथ आइए जानते हैं उनको लेकर क्या मामला है जिन पर वो बीच मंच से भाषण देते हुए रोने लगी.

कौन हैं पी. सत्यभामा?

पी. सत्यभामा तमिलनाडु की राजनीति में सक्रिय नेता हैं, जो 2026 के विधानसभा चुनाव में धारापुरम (SC) सीट से AIADMK के टिकट पर पहली बार विधायक चुनी गई थीं. उन्होंने DMK की पी. इंद्राणी को 16,727 वोटों के अंतर से हराया और 81,100 वोट हासिल किए. हालांकि, चुनाव के कुछ ही समय बाद उन्होंने विधायक पद से इस्तीफा दिया और AIADMK छोड़कर मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय की पार्टी TVK में शामिल हो गईं. इसके बाद धारापुरम सीट खाली हुई और 6 अक्टूबर 2026 को होने वाले उपचुनाव के लिए TVK ने एक बार फिर सत्यभामा को अपना उम्मीदवार बनाया है. फिलहाल वह TVK की तिरुप्पुर दक्षिण-पूर्व जिला सचिव हैं.

AIADMK छोड़ने की वजह क्या बताई?

सत्यभामा ने अपने भाषण में दावा किया कि उन्होंने AIADMK इसलिए छोड़ी क्योंकि पार्टी के DMK के साथ संभावित गठबंधन को लेकर चर्चा चल रही थी. उन्होंने इसके बाद विजय की पार्टी TVK का दामन थामा. सत्यभामा ने धारापुरम सीट से विधायक पद से इस्तीफा दिया था और अब TVK ने उन्हें उसी सीट से उपचुनाव में उम्मीदवार बनाया है.

विजय ने क्या कहा?

सत्यभामा के भावुक होने के बाद विजय ने उनका समर्थन किया और AIADMK तथा DMK पर राजनीतिक हमला बोला. विजय ने कहा कि सत्यभामा ने विधायक पद से इस्तीफा देकर TVK में शामिल होने का फैसला किया है और उन्होंने खरीद-फरोख्त के आरोपों को खारिज किया. विजय ने अपने समर्थकों से AIADMK और DMK के खिलाफ राजनीतिक रूप से जवाब देने की अपील भी की. उनके AIADMK और DMK के बीच कथित राजनीतिक समझ को लेकर आरोपों पर AIADMK की ओर से भी प्रतिक्रिया सामने आई है.

आखिर धारापुरम में उपचुनाव क्यों हो रहा है?

धारापुरम और मदुरांतकम सीटों पर 6 अक्टूबर को उपचुनाव होना है और वोटों की गिनती 9 अक्टूबर को होगी. दोनों सीटें तब खाली हुईं जब तत्कालीन AIADMK विधायक पी. सत्यभामा और के. मरगथम कुमारवेल ने विधानसभा से इस्तीफा देकर TVK का रुख किया. TVK ने दोनों को दोबारा उन्हीं सीटों से मैदान में उतारा है.

चुनाव से पहले क्यों बढ़ा राजनीतिक तनाव?

धारापुरम में TVK, AIADMK और DMK के बीच प्रचार अभियान के दौरान बयानबाजी तेज है. सथ्याभामा के पार्टी बदलने को लेकर DMK ने उन पर आरोप लगाए हैं, जबकि सत्यभामा ने इन आरोपों को खारिज किया है. हाल के दिनों में TVK और AIADMK कार्यकर्ताओं के बीच टकराव की खबर भी सामने आई थी. ऐसे में सथ्याभामा का मंच पर भावुक होना उपचुनाव के पहले चल रही राजनीतिक खींचतान का एक और चर्चित घटनाक्रम बन गया है.