Begin typing your search...

कॉकपिट में चीख-पुकार, पायलट पर चाकू से हमला और अचानक नीचे जाने लगी फ्लाइट! आखिर दुबई से इजराइल जा रही फ्लाइट में हुआ क्या?-

दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई फ्लाइट FZ1073 की हाइजैकिंग की खबर सामने आने के बाद अब पायट पर चाकू से हमले की खबर सामने आई है. आखिर इस विमान में क्या हुआ था, जानें डिटेल

कॉकपिट में चीख-पुकार, पायलट पर चाकू से हमला और अचानक नीचे जाने लगी फ्लाइट! आखिर दुबई से इजराइल जा रही फ्लाइट में हुआ क्या?-
X

दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 में बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब विमान के कॉकपिट में कथित तौर पर दोनों पायलटों के बीच हिंसक झड़प हो गई. विमान से इमरजेंसी सिग्नल जारी होने के बाद शुरुआत में हाइजैकिंग की आशंका पैदा हो गई और इजरायल ने लड़ाकू विमान भी रवाना किए. बाद में अधिकारियों ने बताया कि मामला हाइजैकिंग का नहीं, बल्कि पायलटों के बीच हुई झड़प से जुड़ा था. विमान को सऊदी अरब के तबूक की ओर मोड़ा गया, जहां वह सुरक्षित उतर गया और सभी यात्री सुरक्षित बताए गए हैं.

विमान में सवार कुछ यात्रियों ने घटना के दौरान बेहद डरावने पल देखने की बात कही. टाइम्स ऑफ इजराइल की रिपोर्ट के मुतबिक, एक यात्री ने बताया कि विमान में चीख-पुकार सुनाई दी और बाद में कॉकपिट खुलने पर अंदर खून दिखाई दिया. यात्री ने दावा किया कि एक पायलट पर पॉकेट नाइफ से हमला किया गया था. हालांकि, इस दावे और कॉकपिट के अंदर हुई पूरी घटना की आधिकारिक तौर पर सभी जानकारियां अभी सामने नहीं आई हैं. इजरायली मीडिया और यात्रियों के बयानों में घटना को लेकर अलग-अलग विवरण सामने आए हैं. कई मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया कि पायलट फ्लाइट को क्रैश करने की बात कर रहा था.

यात्रियों ने क्या बताया?

‘द टाइम्स ऑफ इजरायल’ के मुताबिक, एक महिला यात्री ने चैनल 12 को बताया कि विमान में उन्हें चीखें सुनाई दीं. इसके बाद कॉकपिट खोला गया और यात्रियों ने वहां खून देखा. यात्री ने दावा किया कि किसी ने एक पायलट पर पॉकेट नाइफ से हमला किया था. उसके मुताबिक, इजरायली यात्रियों और क्रू के कुछ सदस्यों ने कथित हमलावर को काबू करने में मदद की.

महिला यात्री ने बताया कि कुछ ऐसे पल भी आए जब यात्रियों को लगा कि वे शायद जिंदा नहीं बच पाएंगे. उसने यह भी कहा कि इस दौरान कुछ यात्रियों ने ‘शेमा इजरायल’ प्रार्थना की. हालांकि, यह यात्रियों का बयान है और अधिकारियों की ओर से कॉकपिट में चाकू से हमले की पूरी घटना की विस्तृत आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं की गई है.

क्या तेजी से नीचे गया विमान?

एक अन्य यात्री, जिसने अपना नाम नोआम बताया, ने चैनल 12 से फोन पर बात की. उसके मुताबिक, यात्रियों को जब कुछ गड़बड़ होने का एहसास हुआ तो विमान में चीख-पुकार शुरू हो गई. नोआम ने दावा किया कि यात्रियों को पता चला कि एक पायलट पर हमला हुआ है और वह गंभीर रूप से घायल है. उसने यह भी बताया कि विमान जैसे नियंत्रण खो रहा था और तेजी से नीचे जाने लगा. उसके शब्दों में, विमान अचानक तेजी से नीचे जाने लगा और यह बेहद डरावना था.

हालांकि, इस यात्री के बयान में बताए गए घटनाक्रम की पूरी पुष्टि अभी आधिकारिक जांच से नहीं हुई है. यह भी स्पष्ट नहीं है कि कथित चाकू से हमला किसने किया और विमान के तेजी से नीचे जाने की सटीक वजह क्या थी.

आखिर फ्लाइट में हुआ क्या था?

फ्लाईदुबई की यह फ्लाइट दुबई से तेल अवीव जा रही थी. उड़ान के दौरान विमान से इमरजेंसी सिग्नल जारी हुए. शुरुआत में इससे विमान के संभावित हाइजैक होने की आशंका पैदा हुई. बाद में इजरायली अधिकारियों और सुरक्षा सूत्रों के हवाले से बताया गया कि विमान के कॉकपिट में दोनों पायलटों के बीच शारीरिक झड़प हुई थी. इसी घटना के बाद इमरजेंसी सिग्नल जारी किए गए और विमान का रास्ता बदल दिया गया. फ्लाइट FZ1073 को सऊदी अरब के तबूक एयरपोर्ट पर उतारा गया. फ्लाईदुबई के प्रवक्ता के मुताबिक, विमान सुरक्षित उतरा और सभी यात्री सुरक्षित थे.

हाइजैकिंग की आशंका क्यों पैदा हुई?

घटना के शुरुआती चरण में सबसे बड़ी चिंता विमान के संभावित हाइजैक होने को लेकर थी. इमरजेंसी सिग्नल के बाद इजरायली अधिकारियों ने लड़ाकू विमान रवाना किए. चूंकि विमान में बड़ी संख्या में इजरायली यात्री सवार थे और विमान तेल अवीव जा रहा था, इसलिए इजरायल में सुरक्षा एजेंसियों ने इसे गंभीर स्थिति के तौर पर लिया. बाद में अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह हाइजैकिंग नहीं थी.

विमान कहां उतरा?

फ्लाइट को सऊदी अरब के तबूक की ओर डायवर्ट किया गया. विमान ने वहां सुरक्षित लैंडिंग की. AP के मुताबिक, लैंडिंग के बाद सऊदी सुरक्षा बलों ने विमान को घेर लिया था. यह घटना इसलिए भी संवेदनशील थी क्योंकि इजरायल और सऊदी अरब के बीच औपचारिक राजनयिक संबंध नहीं हैं. इजरायली प्रधानमंत्री कार्यालय ने बाद में कहा कि स्थिति नियंत्रण में है और यात्रियों को वापस लाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं.

इजरायल में भी बढ़ गया था अलर्ट?

हाइजैकिंग की आशंका के बीच इजरायल में सुरक्षा अधिकारियों ने स्थिति की समीक्षा की. प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भी इस घटना को लेकर सुरक्षा अधिकारियों के साथ चर्चा की. शुरुआती आशंका खत्म होने के बाद अधिकारियों ने पुष्टि की कि विमान में सवार सभी लोग सुरक्षित हैं.

क्या पायलट ने विमान क्रैश करने की कोशिश की थी?

इस घटना को लेकर कुछ हिब्रू मीडिया रिपोर्टों में यात्रियों के हवाले से यह दावा भी सामने आया कि एक पायलट ने विमान को क्रैश करने की कोशिश की और दूसरे पायलट ने यात्रियों की मदद से उसे रोक दिया. लेकिन यह दावा अभी अपुष्ट है. उपलब्ध आधिकारिक जानकारी में फिलहाल इतना सामने आया है कि दोनों पायलटों के बीच कॉकपिट में शारीरिक झड़प हुई थी और इसी के बाद विमान ने इमरजेंसी सिग्नल जारी किए. घटना का पूरा क्रम और झड़प की वजह अभी स्पष्ट नहीं है.

अगला लेख