मतगणना में BNP आगे, तारिक दोनों सीटों से जीते; मतदान के दौरान हिंसा में 9 लोगों की मौत, बांग्लादेश चुनाव में अब तक क्या-क्या हुआ?

बांग्लादेश के 13वें संसदीय चुनाव में खालिदा जिया के बेटे तारिक रहमान की पार्टी बीएनपी बड़ी जीत की ओर बढ़ रही है. अभी तक उसे 96 सीटों पर जीत मिली है.;

बीएनपी ने मतगणना में बनाई बढ़त
Edited By :  अच्‍युत कुमार द्विवेदी
Updated On : 13 Feb 2026 1:04 AM IST

Bangladesh Election 2026 Results Update: बांग्लादेश के 13वें राष्ट्रीय संसदीय चुनाव के लिए मतदान खत्म हो चुका है और मतगणना जारी है. लेकिन नतीजों से पहले ही सियासी घमासान तेज हो गया है. पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की अवामी लीग ने चुनाव को 'अवैध', 'एकतरफा' और 'संवैधानिक मूल्यों के खिलाफ' बताते हुए पूरी प्रक्रिया को खारिज कर दिया है. पार्टी का आरोप है कि अंतरिम सरकार और मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व में कराया गया यह चुनाव निष्पक्ष नहीं है.

कोलकाता में अवामी लीग नेता एएफएम बहाउद्दीन नसीम ने कहा कि यह चुनाव 'गैरकानूनी चुनाव आयोग' द्वारा आयोजित किया गया है. उन्होंने दावा किया कि उनकी पार्टी को चुनाव लड़ने से प्रतिबंधित किया गया, जिससे बड़ी आबादी वोटिंग प्रक्रिया से बाहर रह गई. पार्टी ने सोशल मीडिया पर बयान जारी कर कहा कि जनता के वोटिंग अधिकार और लोकतांत्रिक मूल्यों को दरकिनार किया गया. अवामी लीग ने चुनाव रद्द करने, मोहम्मद यूनुस के इस्तीफे, राजनीतिक कैदियों की रिहाई और निष्पक्ष अंतरिम सरकार के तहत नए चुनाव की मांग की है.

 बांग्लादेश में BNP गठबंधन की बनने जा रही सरकार? 

  • मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, तारिक रहमान की BNP गठबंधन ने 96 और जमात ए इस्लामी गठबंधन ने 32 सीटों पर जीत दर्ज की है, जबकि उसके सहयोगी दल 16 में से 12 सीटों पर आगे चल रहे हैं.
  • बीएनपी लीडर तारिक रहमान अपनी दोनों सीटों से चुनाव जीत गए हैं. वे ढाका-17 और बोगरा-6 सीट से चुनाव लड़ रहे थे.
  • जमात-ए-इस्लामी 32 सीटों पर और एक सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार ने जीत दर्ज की, 
  • किशोरगंज-4 सीट से BNP के फजलुर रहमान ने बड़ी जीत दर्ज की है.
  • कॉक्स बाजार-1 में भी BNP उम्मीदवार सलाहुद्दीन अहमद बढ़त में बताए जा रहे हैं.
  • BNP प्रवक्ता महदी अमीन ने दावा किया कि उनकी जीत 'स्पष्ट और अनिवार्य' है. उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से मतगणना केंद्रों पर डटे रहने और नतीजों पर नजर रखने की अपील की.
  • बांग्लादेश में पोस्टल बैलेट के जरिए 80.11 प्रतिशत मतदान हुआ है. 

EC वेबसाइट ठप, लाइव अपडेट जारी

बांग्लादेश चुनाव आयोग की आधिकारिक वेबसाइट फिलहाल डाउन है. हालांकि, ढाका के चुनाव आयोग सचिवालय से लाइव प्रसारण के जरिए पोलिंग स्टेशन स्तर के आंकड़े पढ़कर सुनाए जा रहे हैं. अभी तक किसी भी सीट पर आधिकारिक विजेता की घोषणा नहीं हुई है. स्थानीय मीडिया और राजनीतिक दल अपने-अपने स्तर पर अनौपचारिक आंकड़े साझा कर रहे हैं.

हिंसा और सख्त सुरक्षा

  • मतदान के दौरान कुछ जगहों पर हिंसा की खबरें भी आईं.
  • गाजीपुर में BNP और जमात समर्थकों के बीच झड़प के बाद चार लोगों को दो-दो साल की सजा सुनाई गई है.
  • चुनाव खत्म होने के बाद देशभर के पोलिंग स्टेशनों के आसपास सुरक्षा कड़ी कर दी गई है.
  • सेना और सुरक्षा बलों ने समर्थकों को मतदान केंद्रों से दूर रहने के निर्देश दिए हैं.
  • मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, चुनाव के दौरान 9 लोगों की जान गई है, जिसमें बीएनपी का एक नेता भी शामिल है.

मोहम्मद यूनुस ने क्या कहा?

मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस ने मतदान प्रक्रिया को 'देश के इतिहास का सबसे शांतिपूर्ण और उत्सव जैसा चुनाव' बताया. उन्होंने कहा कि जनता की भागीदारी लोकतंत्र के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण है. उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से अपील की कि अंतिम नतीजों के बाद भी लोकतांत्रिक मर्यादा और सहनशीलता बनाए रखें.

Similar News