खत्म होने वाली है तेल बाजार की घबराहट! ट्रंप ने ऐसा क्या बयान दिया कि धड़ाम से गिरी क्रूड ऑयल की कीमतें

अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के एक बयान ने तेल बाजार में हलचल मचा दी. ट्रंप के बयान के बाद तेल की कीमतों में भारी गिरावट देखने को मिली है.

Edited By :  समी सिद्दीकी
Updated On :

अमेरिका और इज़राइल और ईरान के बीच चल रहे संघर्ष के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि यह युद्ध लगभग खत्म होने की स्थिति में है. ट्रंप ने सोमवार को सीबीएस न्यूज़ से बात करते हुए यह भी चेतावनी दी कि ईरान कोई गलत कदम उठाने की कोशिश न करे. ट्रंप के इस बयान के बाद तेल की कीमतों में काफी फर्क आया है.

28 फरवरी को अमेरिका और इज़राइल ने संयुक्त सैन्य अभियान के तहत ईरान पर हमले शुरू किए थे. इन हमलों के बाद यह स्थिति धीरे-धीरे बड़े संघर्ष में बदल गई और मध्य पूर्व के कई देश क्षेत्रीय युद्ध के कगार पर पहुंच गए. सीबीएस न्यूज़ के रिपोर्टरों से बातचीत में ट्रंप ने कहा कि यह युद्ध लगभग पूरी तरह समाप्त हो चुका है.

क्या बोले डोनाल्ड ट्रंप?

उन्होंने कहा, "उनके पास अब नौसेना नहीं है, संचार व्यवस्था नहीं है और उनके पास वायुसेना भी नहीं बची है. उनकी मिसाइलें बिखर चुकी हैं. उनके ड्रोन लगातार नष्ट किए जा रहे हैं और ड्रोन बनाने की उनकी क्षमता भी खत्म हो रही है.” ट्रंप ने यह भी कहा कि सैन्य दृष्टि से तेहरान के पास अब ज्यादा कुछ नहीं बचा है.

जब युद्ध शुरू हुआ था तब ट्रंप ने कहा था कि ईरान के खिलाफ अमेरिका की कार्रवाई कम से कम चार से पांच सप्ताह तक चल सकती है. लेकिन सोमवार को उन्होंने कहा कि अमेरिका अपनी समयसीमा से काफी आगे निकल चुका है और यह संघर्ष जल्द समाप्त हो सकता है. अमेरिकी राष्ट्रपति ने ईरान को चेतावनी देते हुए कहा कि इस्लामिक रिपब्लिक किसी तरह की चालाकी करने की कोशिश न करे.

ट्रंप ने कहा, "उन्होंने जितना भी हथियार चलाना था, सब चला चुके हैं. अब उन्हें कोई चालाकी नहीं करनी चाहिए, नहीं तो उस देश का अंत हो जाएगा. अगर उन्होंने कुछ भी गलत किया तो ईरान का नाम तक सुनाई नहीं देगा."

होर्मुज पर क्या बोले डोनाल्ड ट्रंप?

ट्रंप ने यह भी कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य अब खुला हुआ है और जहाज वहां से गुजर रहे हैं. उन्होंने यह भी दावा किया कि अमेरिका इस महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग को अपने नियंत्रण में लेने पर विचार कर रहा है.

ट्रंप की प्रेस कॉन्फ्रेंस का क्या है मतलब?

अमेरिकी रक्षा विभाग की ओर से हाल ही में कहा गया था कि अमेरिका की लड़ाई अभी केवल शुरू हुई है. इस बीच ट्रंप जल्द ही एक प्रेस कॉन्फ्रेंस भी करने वाले हैं, क्योंकि इस संघर्ष का असर दुनिया भर में तेल की कीमतों पर पड़ रहा है.

क्या तेल की कीमतों में आई गिरावट?

ट्रंप के युद्ध खत्म होने के संकेत देने वाले बयान के बाद तेल की कीमतों पर भी असर पड़ा है. मंगलवार को एशियाई बाजार में शुरुआती कारोबार के दौरान कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट देखी गई. सोमवार को तेल की कीमतों में काफी उतार-चढ़ाव रहा. पहले कीमतें तेजी से बढ़कर लगभग 120 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गई थीं, लेकिन बाद में गिरकर 90 डॉलर प्रति बैरल से नीचे आ गईं.

Similar News