Agra: देश को गिरवी रखकर हनीमून मनाने दुबई गया लांस नायक, शादी के 19 दिन बाद खुला गद्दारी का राज- कैसे बन गया पाक का जासूस?

देश की रक्षा की जिम्मेदारी निभाने वाले एक नौसेना जवान पर पाकिस्तान के लिए जासूसी करने का गंभीर आरोप लगा है. आगरा के चीतपुर गांव निवासी नेवी के लांस नायक आदर्श कुमार को एटीएस ने गिरफ्तार कर लखनऊ ले जाया है. बताया जा रहा है कि वह केरल के कोचि में तैनात रहते हुए पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी को गोपनीय जानकारियां भेज रहा था।.

( Image Source:  AI GENERATED IMAGE- SORA )
Edited By :  समी सिद्दीकी
Updated On : 11 March 2026 3:05 PM IST

Adarsh Kumar Spying for Pakistan: जिस नौकरी में युवा देश सेवा का जज्बा लेकर जाते हैं और देश की रक्षा के लिए अपनी जान तक न्योछावर करने को तैयार रहते हैं, उसी जिम्मेदारी के साथ जुड़े एक युवक पर गद्दारी का आरोप लगा है. आगरा जिले के कागरौल थाना क्षेत्र के चीतपुर गांव निवासी आदर्श कुमार पर दुश्मन देश पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी को गोपनीय सूचनाएं देने का आरोप है. एंटी टेररिस्ट स्क्वाड (एटीएस) की टीम ने उसे गिरफ्तार कर लखनऊ ले गई है.

रिपोर्ट के मुताबिक वह केरल के कोचि में पोस्टेड था और सेना की पूरी जानकारी पाकिस्तान को मुहैया करा रहा था. फिलहाल एजेंसी इस मामले में जांच कर रही. जानकारी के मुताबिक आरोपी दुबई भी होकर आया था.

कौन है आदर्श कुमार?

आदर्श कुमार नेवी में लांस नायक है और आगरा का रहने वाला है. बताया गया है कि आदर्श कुमार की शादी अभी कुछ ही दिन पहले हुई थी. शादी के बाद वह हनीमून मनाने दुबई गया था. आरोप है कि जासूसी के बदले मिली रकम से ही वह विदेश यात्रा पर गया था. ग्रामीणों के अनुसार, आदर्श कुमार के पिता बलवीर एक शराब के ठेके पर काम करते हैं. आदर्श अपने भाई-बहनों में सबसे छोटा है.

दुबई से लौटने के बाद वह अपने गांव में ही रुका हुआ था. इसी दौरान सोमवार को एटीएस मुख्यालय की टीम ने उसे पकड़ लिया और अपने साथ लखनऊ ले गई. उसकी गिरफ्तारी के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं.

चीतपुर गांव निवासी 24 वर्षीय आदर्श कुमार की 17 फरवरी को सगाई हुई थी. वह इससे करीब एक सप्ताह पहले छुट्टी लेकर घर आया था. 19 फरवरी को कागरौल के किदवई मोड़ स्थित एक मैरिज होम में उसकी शादी हुई थी. शादी के बाद वह हनीमून के लिए दुबई गया था. वहां से लौटने के बाद वह अपने गांव में ही रह रहा था. इसी दौरान एटीएस की टीम ने उसे हिरासत में ले लिया.

कब से नौसेना में काम कर रहा है?

आदर्श कुमार करीब सात साल पहले भारतीय नौसेना में भर्ती हुआ था. जांच एजेंसियों के अनुसार, वह काफी समय से एटीएस के रडार पर था. उस पर आरोप है कि उसने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के लिए जासूसी की और युद्धक पोतों की तस्वीरें एजेंट को भेजीं.

जांच में यह भी सामने आया है कि इन सूचनाओं के बदले उसके खाते में रकम भेजी गई थी. एटीएस को इस मामले में कुछ पुख्ता साक्ष्य मिले हैं, जिनसे यह संकेत मिलता है कि धन के लालच में उसने गोपनीय जानकारियां साझा कीं. गिरफ्तारी के बाद उससे पूछताछ की जा रही है और एटीएस को पूछताछ में कई अहम जानकारियां भी मिली हैं.

उसके खिलाफ जासूसी के आरोप सामने आने के बाद परिवार और गांव के लोगों में भी हैरानी और शर्म की स्थिति है. बताया जा रहा है कि इस घटना के बाद पूरे परिवार का सिर झुक गया है और गांव में इस मामले को लेकर चर्चा का माहौल बना हुआ है.

Similar News