मंदिर चढ़ावा विवाद: योगी के बयान के मायने क्या? असली रामद्रोही कौन, चंदा चोरी करने वाला SP या Congress के नेता
राम मंदिर चढ़ावा विवाद पर योगी आदित्यनाथ ने SP और कांग्रेस को घेरते हुए रामद्रोही शब्द का इस्तेमाल किया. जानिए बयान के राजनीतिक और चुनावी मायने.
अयोध्या में राम मंदिर के चढ़ावे और दान को लेकर उठे विवाद ने अब सीधा राजनीतिक रंग ले लिया है. मामला सिर्फ कथित गड़बड़ी या जांच तक सीमित नहीं रहा, बल्कि उत्तर प्रदेश की राजनीति में "रामद्रोही" बनाम "रामभक्त" की नई बहस शुरू हो गई है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या में एक कार्यक्रम के दौरान विपक्षी दलों, खासकर कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला और उन्हें रामद्रोही राजनीति का प्रतीक बताया.
दिलचस्प यह है कि योगी के इस बयान से ठीक एक दिन पहले अखिलेश यादव ने कहा था कि "श्री प्रभु राम जो कहेंगे, मैं वही करूंगा." ऐसे में सवाल उठ रहा है कि आखिर मंदिर चढ़ावा विवाद से शुरू हुई बहस 2027 के चुनावी रण में रामद्रोह तक कैसे पहुंच गई? और योगी का निशाना आखिर किस पर था- कथित चंदा घोटाले के आरोपी या फिर विपक्षी दल?
योगी ने किसे कहा रामद्रोही?
19 जून 2026 को अयोध्या में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सीधे नाम लिए बिना कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर हमला बोला. उन्होंने कहा, "देश भूला नहीं है कि किस तरह अयोध्या में राम भक्तों पर गोलियां चलवाई गईं. इनका दोगला चरित्र देखिए कि कांग्रेस ने कोर्ट में शपथ पत्र दिया कि राम हैं ही नहीं. श्रीराम का अस्तित्व ही मानने से इंकार कर दिया. कांग्रेस ने पुरजोर कोशिश की कि मंदिर न बन पाए, और आज इन्हें अयोध्या को बदनाम करने का मौका मिल रहा है."
इसके बाद उन्होंने और भी तीखे शब्दों का इस्तेमाल करते हुए कहा, "अब तो श्री अयोध्या धाम में राम भक्त के अलावा कोई 'रामद्रोही' घुस ही नहीं सकता. ऐसी व्यवस्था कर दी गई है." योगी का यह बयान सीधे उन राजनीतिक दलों और नेताओं की ओर इशारा माना गया जो अतीत में राम मंदिर आंदोलन के विरोधी रहे हैं या जिन पर बीजेपी लंबे समय से राम विरोधी राजनीति का आरोप लगाती रही है.
कालनेमि और रामद्रोही का जिक्र क्यों?
योगी आदित्यनाथ ने अपने भाषण में "कालनेमि" का भी उल्लेख किया. रामायण में कालनेमि वह पात्र है जिसने छल और भ्रम फैलाकर भगवान राम के कार्य में बाधा डालने की कोशिश की थी. बीजेपी लंबे समय से अपने राजनीतिक विरोधियों की तुलना कालनेमि जैसे पात्रों से करती रही है. योगी के भाषण का संदेश यह था कि कुछ लोग राम मंदिर निर्माण का विरोध करने में सफल नहीं हुए तो अब मंदिर, अयोध्या और रामभक्तों को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं. उनके अनुसार ऐसे लोग सीधे-सीधे रामद्रोही मानसिकता का प्रतिनिधित्व करते हैं.
मंदिर चढ़ावा विवाद क्या है?
हाल के दिनों में राम मंदिर में चढ़ावे और दान राशि के प्रबंधन को लेकर कुछ आरोप सामने आए थे. इन्हीं आरोपों के बाद उत्तर प्रदेश सरकार ने मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित की. विपक्ष ने इस मुद्दे को पारदर्शिता और जवाबदेही से जोड़ा, जबकि बीजेपी का आरोप है कि कुछ लोग बिना जांच पूरी हुए अयोध्या और राम मंदिर की छवि खराब करने में जुटे हैं.
इसी संदर्भ में योगी आदित्यनाथ ने एक दिन पहले कहा था कि "जो लोग आज सवाल उठा रहे हैं, वो अयोध्या को बदनाम न करें. सरकार ने एसआईटी (SIT) का गठन किया है. मेरा राम भक्तों से अनुरोध है कि जांच पूरी होने तक कोई बयानबाजी न करें. 15 दिन रुकिए, दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा." योगी का तर्क है कि जांच पूरी होने से पहले आरोपों को राजनीतिक हथियार नहीं बनाया जाना चाहिए.
अखिलेश यादव ने क्यों कहा- जो कहेंगे प्रभु राम, वही करूंगा?
योगी के बयान से एक दिन पहले समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने अयोध्या और राम मंदिर से जुड़े सवालों के जवाब में कहा था कि "श्री प्रभु राम जो कहेंगे, मैं वही करूंगा."
राजनीतिक विश्लेषक इसे सपा की बदली हुई रणनीति के रूप में देखते हैं. एक समय राम मंदिर आंदोलन का विरोध करने वाली पार्टी अब खुलकर रामभक्तों और अयोध्या से दूरी बनाकर नहीं चलना चाहती. 2024 लोकसभा चुनाव के बाद भाजपा लगातार विपक्ष पर राम विरोधी राजनीति का आरोप लगा रही है, इसलिए अखिलेश यादव भी खुद को राम विरोधी छवि से बाहर निकालने की कोशिश करते दिखाई देते हैं.
2027 की लड़ाई रामद्रोही बनाम रामभक्त क्यों?
उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव अभी दूर हैं, लेकिन राजनीतिक विमर्श की जमीन तैयार होने लगी है. बीजेपी एक बार फिर राम मंदिर, अयोध्या और हिंदुत्व को बड़ा चुनावी मुद्दा बनाना चाहती है. दूसरी तरफ सपा और कांग्रेस भी नहीं चाहतीं कि बीजेपी उन्हें राम विरोधी करार देने में सफल हो जाए.
यही वजह है कि मंदिर चढ़ावा विवाद अब सिर्फ प्रशासनिक या धार्मिक मुद्दा नहीं रह गया है. बीजेपी इसे रामभक्त बनाम रामद्रोही की लड़ाई के रूप में पेश कर रही है, जबकि विपक्ष इसे पारदर्शिता और जवाबदेही का मामला बता रहा है.
असल राजनीतिक सवाल यही है कि जनता किस तर्क को स्वीकार करती है. मंदिर प्रबंधन पर सवाल उठाने वालों को या फिर उन लोगों को जो सवाल उठाने वालों को ही रामद्रोही बता रहे हैं. फिलहाल, इतना तय है कि अयोध्या का यह विवाद आने वाले समय में उत्तर प्रदेश की राजनीति का बड़ा मुद्दा बनने जा रहा है.