'ट्रस्ट पर नहीं ट्रस्ट', राम मंदिर चढ़ावा विवाद में नृपेंद्र मिश्रा के इतने सारे इंटरव्यू के मायने क्या, किस-किस स्तर पर हो सकते हैं बड़े बदलाव?
राम मंदिर चढ़ावा विवाद के बीच नृपेंद्र मिश्रा ने पारदर्शिता, जवाबदेही और पेशेवर प्रबंधन पर जोर दिया. जानिए ट्रस्ट में क्या बड़े बदलाव संभव हैं.
अयोध्या राम मंदिर के चढ़ावा विवाद के बीच श्रीराम जन्मभूमि निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्रा के लगातार सामने आकर एक के बाद एक इंटरव्यू देना अपने आप में कई संकेत छोड़ रहा है. दिलचस्प बात यह है कि उन्होंने केवल आरोपों का जवाब देने तक खुद को सीमित नहीं रखा, बल्कि मंदिर प्रबंधन, दान व्यवस्था, जवाबदेही और संस्थागत सुधार जैसे मुद्दों पर खुलकर बात की. "ट्रस्ट पर नहीं ट्रस्ट" का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि लोगों के भरोसे को और ज्यादा मजबूत करना है.
उन्होंने यह संकेत दिया कि विवाद को केवल चोरी या अनियमितता के आरोपों तक नहीं देखा जाना चाहिए, बल्कि इसे पूरे सिस्टम की समीक्षा और सुधार के अवसर के रूप में भी समझना होगा. सवाल यह है कि क्या ये इंटरव्यू सिर्फ तत्काल विवाद को शांत करने की कोशिश हैं या फिर राम मंदिर ट्रस्ट और प्रबंधन व्यवस्था में बड़े बदलावों की भूमिका तैयार की जा रही है? CEO नियुक्ति से लेकर दान प्रबंधन और जवाबदेही तक, कई स्तरों पर बदलाव की चर्चा अब तेज हो गई है.
अयोध्या में राम मंदिर करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है. ऐसे में जब मंदिर के चढ़ावे और दान प्रबंधन को लेकर कथित अनियमितताओं के आरोप सामने आए तो स्वाभाविक रूप से पूरे देश का ध्यान इस मुद्दे पर गया. विपक्ष ने सवाल उठाए, जांच की मांग हुई और उत्तर प्रदेश सरकार ने एसआईटी का गठन कर दिया. इस बीच श्रीराम जन्मभूमि निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्रा सामने आए और उन्होंने पूरे विवाद को एक अलग नजरिए से देखने की बात कही.
टीवी चैनलों को दिए साक्षात्कार के पीछे उनका बड़ा संदेश था- "गड़बड़ी हुई, इसलिए ट्रस्ट पर और ट्रस्ट नहीं, लेकिन लोगों को भरोसे को और ज्यादा बढ़ाना है." यानी विवाद का उद्देश्य किसी व्यक्ति या संस्था को कटघरे में खड़ा करना नहीं, बल्कि श्रद्धालुओं का भरोसा और मजबूत करना होना चाहिए.
आखिर राम मंदिर चंदा विवाद क्या है?
विवाद की शुरुआत तब हुई जब मंदिर में चढ़ावे और दान राशि के प्रबंधन को लेकर सवाल उठे. आरोप लगाए गए कि दान संग्रह और उसकी निगरानी की व्यवस्था में खामियां हैं. समाजवादी पार्टी और अन्य विपक्षी नेताओं ने इस मुद्दे को उठाते हुए पारदर्शिता की मांग की. इसके बाद मामला राजनीतिक बहस का विषय बन गया.
हालांकि, उन्होंने श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने किसी भी तरह की वित्तीय गड़बड़ी के आरोपों को खारिज किया और कहा कि नियमित ऑडिट की व्यवस्था मौजूद है. इसके बावजूद बढ़ते विवाद को देखते हुए उत्तर प्रदेश सरकार ने जांच के लिए एसआईटी गठित कर दी. यही वह बिंदु था, जहां से मामला आरोप-प्रत्यारोप से निकलकर संस्थागत सुधार की बहस में बदल गया.
नृपेंद्र मिश्रा ने क्या कहा?
अपने साक्षात्कार में नृपेंद्र मिश्रा ने स्पष्ट कहा कि इस पूरे प्रकरण को केवल चोरी या अनियमितता के आरोपों तक सीमित नहीं देखा जाना चाहिए. उनके अनुसार इसके दो पहलू हैं. पहला, यदि कहीं कोई अपराध हुआ है तो उसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और जिम्मेदार लोगों की पहचान होनी चाहिए. दूसरा, इससे भी महत्वपूर्ण पहलू यह है कि भविष्य में ऐसी स्थिति पैदा ही न हो. मिश्रा का मानना है कि किसी भी बड़े धार्मिक संस्थान की विश्वसनीयता केवल आरोपों का खंडन करने से नहीं बढ़ती, बल्कि मजबूत और पारदर्शी व्यवस्था बनाने से बढ़ती है. इसलिए उन्होंने जांच और सुधार दोनों को समान महत्व दिया.
'ट्रस्ट पर नहीं ट्रस्ट के मायने क्या?
नृपेंद्र मिश्रा के पूरे साक्षात्कार का केंद्रीय विचार यही था कि करोड़ों श्रद्धालु अपनी आस्था और विश्वास के साथ दान देते हैं. इसलिए यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि दान प्रबंधन की व्यवस्था इतनी मजबूत हो कि किसी प्रकार के संदेह की गुंजाइश ही न बचे. उन्होंने संकेत दिया कि यदि जांच निष्पक्ष और पारदर्शी होगी तो इससे ट्रस्ट की साख कम नहीं होगी, बल्कि और मजबूत होगी. उनके मुताबिक किसी भी संस्था की विश्वसनीयता सवालों से भागने में नहीं, बल्कि जवाबदेही स्वीकार करने में होती है.
सबसे बड़ी समस्या क्या मिली?
नृपेंद्र मिश्रा ने स्वीकार किया कि वर्तमान व्यवस्था में कई प्रशासनिक कमियां मौजूद हैं. उनके अनुसार मंदिर में लगभग 1,500 लोग विभिन्न भूमिकाओं में काम कर रहे हैं, लेकिन इतने बड़े संस्थान के लिए जिस स्तर की संस्थागत व्यवस्था होनी चाहिए, वह अभी पूरी तरह विकसित नहीं हुई है.
उन्होंने कहा कि कार्यों का स्पष्ट विभाजन, लिखित जिम्मेदारियां और जवाबदेही की मजबूत प्रणाली आवश्यक है. मंदिर निर्माण का काम तेजी से हुआ, लेकिन अब प्रबंधन ढांचे को भी उसी स्तर पर विकसित करने की जरूरत है.
पेशेवर CEO की जरूरत क्यों बताई?
नृपेंद्र मिश्रा का मानना है कि राम मंदिर अब केवल एक धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि एक विशाल संस्थान बन चुका है. हर दिन हजारों श्रद्धालु आते हैं और लाखों रुपये का चढ़ावा जमा होता है. ऐसी स्थिति में केवल परंपरागत या अनौपचारिक व्यवस्था पर्याप्त नहीं हो सकती.
इसी वजह से उन्होंने एक पूर्णकालिक और अनुभवी मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) नियुक्त करने की जरूरत बताई. उनका तर्क है कि पेशेवर प्रबंधन से पारदर्शिता बढ़ेगी, जिम्मेदारियां स्पष्ट होंगी और भविष्य में किसी विवाद की संभावना कम होगी.
चंपत राय पर क्या कहा?
विवाद के दौरान कुछ राजनीतिक दलों ने ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय पर भी सवाल उठाए. लेकिन नृपेंद्र मिश्रा ने सीधे तौर पर उनके खिलाफ कोई टिप्पणी करने से इनकार किया.उन्होंने कहा कि चंपत राय लंबे समय से राम मंदिर आंदोलन से जुड़े रहे हैं और उन पर काम का बहुत बड़ा बोझ है. मिश्रा के अनुसार किसी व्यक्ति विशेष को निशाना बनाने के बजाय पूरे सिस्टम को मजबूत बनाने पर ध्यान देना चाहिए.
SIT जांच का समर्थन क्यों?
नृपेंद्र मिश्रा ने एसआईटी जांच का खुलकर समर्थन किया. उन्होंने कहा कि यदि कोई सवाल उठे हैं तो उनकी पूरी जांच होनी चाहिए. इससे न केवल तथ्य सामने आएंगे बल्कि भविष्य की व्यवस्था भी अधिक मजबूत होगी. उनके अनुसार यह जांच ट्रस्ट या मंदिर की छवि खराब करने के लिए नहीं, बल्कि उसे और अधिक विश्वसनीय बनाने के लिए अवसर की तरह देखी जानी चाहिए.
भरोसे की लड़ाई, आरोपों की नहीं
नृपेंद्र मिश्रा के पूरे साक्षात्कार का सार यही है कि राम मंदिर विवाद को राजनीतिक चश्मे से देखने के बजाय संस्थागत सुधार के अवसर के रूप में देखा जाना चाहिए. उनका संदेश साफ है— मंदिर की सबसे बड़ी पूंजी दान नहीं, बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं का विश्वास है. इसलिए लक्ष्य किसी पर अविश्वास पैदा करना नहीं, बल्कि "ट्रस्ट पर नहीं, ट्रस्ट बढ़ाना" होना चाहिए. यही कारण है कि उन्होंने जांच, पारदर्शिता, पेशेवर प्रबंधन और जवाबदेही को राम मंदिर के अगले चरण की सबसे बड़ी जरूरत बताया है.