Greater Noida के मंदिर में चोरी से हड़कंप, मूर्ति से चांदी के छत्र ले गया चोर, ऐसे दिया घटना को अंजाम

ग्रेटर नोएडा के एक मंदिर में चोरी हुई है. चोर चांदी के के दो छत्र लेकर फरार हो गया. इस घटना को अंजाम देते चोर का वीडियो भी सामने आया है. पूरी खबर पढ़ें.

By :  मोहम्मद रज़ा
Updated On : 7 April 2026 12:34 PM IST

Greater Noida Mandir Chori: ग्रेटर नोएडा के दादरी इलाके में स्थित एक दुर्गा मंदिर में चोरी की घटना सामने आई है, जहां देर रात अज्ञात चोरों ने मंदिर को निशाना बनाते हुए माता की मूर्ति से कीमती सामान चुरा लिया. यह घटना दादरी थाना क्षेत्र के बिसाहड़ा रोड स्थित मंदिर की है और पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई.

इस पूरी घटना की वीडियो भी सामने आई है, जिसमें चोर चोरी करता दिख रहा है. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश की जा रही है.

मंदिर से क्या हुआ चोरी?

मिली जानकारी के अनुसार, चोर रात के समय मंदिर में घुसे और माता दुर्गा की मूर्ति पर लगे करीब ढाई किलोग्राम के करीब के चांदी के छत्र लेकर फरार हो गए. सीसीटीवी फुटेज में एक शख्स साफ तौर पर मंदिर के अंदर जाता हुआ और मूर्ति से छत्र उतारकर बैग में रखते हुए दिखाई दे रहा है.

घटना का खुलासा सुबह उस समय हुआ जब मंदिर के पुजारी रोज की तरह पूजा करने पहुंचे. मंदिर खोलते ही उन्होंने देखा कि माता का श्रृंगार और चांदी का छत्र गायब है. इसके बाद मंदिर परिसर में लगे कैमरों की जांच की गई, जिसमें चोरी की पूरी घटना सामने आ गई.

मंदिर के पुजारी ने क्या कहा?

मंदिर के पुजारी का कहना है कि जह हम सुबह मंदिर में आए तो वहां भगवान के दोनों कुंडे कटे हुए थे. फिर मैंने आसपास देखना शुरू किया कि आखिर चोर कहां से आया. जब सफाई वाली आई तो मैंने गेट खोला और अंदर गया और पता लगा कि खिड़की से चोर आया है. भवन खोला तो पता लगा कि मैय्या के मुकुट नीचे पड़े हुए थे. दोनों छत्र गायब है जिनका वजन 1.25 किलोग्राम-1.25 किलोग्राम है. हमने इसकी जानकारी कमेटी को दी और उन्होंने थाने में इसकी शिकायत की है.

इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी देखने को मिल रही है. रिपोर्ट्स के मुकाबकि, मामले की सूचना दादरी पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शिकायत के आधार पर मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की गई. पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है और जल्द ही उन्हें पकड़ने का दावा किया गया है.

गौरतलब है कि दादरी क्षेत्र में मंदिरों को निशाना बनाने की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं. इससे पहले भी नकाबपोश चोरों ने एक मंदिर में चोरी की थी, जिसकी तस्वीरें भी कैमरे में कैद हुई थीं. उस मामले में बुलंदशहर पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया था.

Similar News