भईया माफ कर दो! कानपुर में हैवानियत, किशोर को बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा फिर सिर पर किया पेशाब | Video Viral
कानपुर में एक किशोर के साथ क्रूरता का वीडियो वायरल होने से हड़कंप मच गया है, जिसमें आरोपी उसे बंधक बनाकर बेरहमी से पीटते नजर आ रहे हैं. मुख्य आरोपी पहले से जेल में है, जबकि उसका साथी फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है.
उत्तर प्रदेश कानपुर से एक बेहद चौंकाने वाला और सनसनीखेज मामला सामने आया है. कल्याणपुर इलाके में सेक्स रैकेट चलाने के आरोप में पुलिस ने रोहित वर्मा नाम के व्यक्ति को गिरफ्तार किया था. उसके साथी साहिल उर्फ मुसीबत के साथ मिलकर इन दोनों ने एक किशोर लड़के के साथ बेहद क्रूर और बर्बर तरीके से मारपीट की. इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर लोगों में गुस्सा और रोष फैल गया है. वीडियो में दोनों आरोपी एक बंद पड़े सरकारी स्कूल के बरामदे में उस किशोर को बंधक बनाकर रखे हुए दिख रहे हैं. वे उसे डंडे और जूते से बेरहमी से पीटते नजर आ रहे हैं.
लड़का दर्द से तड़पता हुआ बार-बार 'भईया... भईया...' कहकर छोड़ देने की गुहार लगा रहा है, लेकिन दोनों आरोपी उसकी किसी भी बात पर ध्यान नहीं दे रहे हैं. बल्कि उनकी क्रूरता और बढ़ती जा रही है. एक वीडियो में साहिल उर्फ मुसीबत लड़के के सिर पर पेशाब भी कर देता है. इसके बावजूद लड़का हाथ जोड़कर रहम की भीख मांगता है, लेकिन आरोपी उसे नहीं छोड़ते. रोहित वर्मा वीडियो में यह भी कहता सुनाई दे रहा है कि 'अब हम एसपी साउथ को बुला रहे हैं, तू जेल जाएगा.' यह देखकर लगता है कि आरोपी खुद को बहुत ताकतवर समझ रहे थे. पुलिस की जानकारी के अनुसार, यह घटना कल्याणपुर के बर्रा इलाके में स्थित एक पार्क के अंदर बने सरकारी स्कूल में हुई थी. साहिल पहले से ही बर्रा पुलिस थाने से वांछित था. पुलिस अब उसकी तलाश में पूरी तरह जुट गई है.
सेक्स रैकेट का भंडाफोड़
पुलिस की क्राइम ब्रांच ने बीते सप्ताह ही कल्याणपुर इलाके में छापा मारकर एक बड़े सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया था. इसी कार्रवाई में रोहित वर्मा को गिरफ्तार किया गया था. रोहित के पास से एक फर्जी प्रेस कार्ड भी बरामद हुआ था. पुलिस जांच में पता चला कि वह इस रैकेट का सरगना था.
वायरल वीडियो की डिटेल
सोशल मीडिया पर चार वीडियो वायरल हुए हैं. पहले 17 सेकंड के वीडियो में रोहित हाथ में जूता लेकर खड़ा है, जबकि साहिल डंडे से किशोर को लगातार पीट रहा है. दोनों बीच-बीच में उसे गालियां भी देते जा रहे हैं. दूसरे 19 सेकंड के वीडियो में लड़का रो रहा है और साहिल उसके सिर पर पेशाब कर रहा है. लड़का हाथ जोड़कर माफी मांग रहा है, लेकिन आरोपी नहीं मान रहे हैं. अन्य दो वीडियो में दोनों आरोपी एक कार में घूमते दिख रहे हैं. कार के डैशबोर्ड पर पुलिस की पी-कैप (पुलिस की टोपी) रखी हुई है. वे हूटर बजाते हैं और गाड़ी में तेज आवाज में गाना चला रहे हैं 'दबदबा था, दबदबा है, दबदबा बना रहेगा...' डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि वीडियो में दिखाई गई घटना पुरानी है. रोहित वर्मा इस समय जेल में बंद है, जबकि साहिल उर्फ मुसीबत फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है.
पुलिसकर्मी से जुड़ा विवाद
एक और वीडियो में रोहित वर्मा एक पुलिस वाले के साथ केक काटते नजर आ रहा है. बर्रा थाने के इंस्पेक्टर रवींद्र कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि वीडियो में दिख रहा सिपाही दीपक चौधरी है. इस सिपाही के खिलाफ पहले भी कई शिकायतें आ चुकी थीं. शिकायतों के आधार पर उसकी रिपोर्ट बनाकर ऊपर के अधिकारियों को भेज दी गई थी. इसके बाद उसे बर्रा थाने से हटा दिया गया था. फिलहाल वह सेन पश्चिम पारा में तैनात है. यह पूरा मामला कानपुर पुलिस के लिए शर्मनाक साबित हो रहा है. एक तरफ सेक्स रैकेट चलाने वाले आरोपी पुलिस की टोपी और हूटर का इस्तेमाल करके घूम रहे थे, तो दूसरी तरफ एक किशोर के साथ इतनी क्रूरता की जा रही थी. पुलिस अब पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और साहिल को जल्द गिरफ्तार करने का दावा कर रही है. लोग सोशल मीडिया पर इस घटना की निंदा कर रहे हैं और मांग कर रहे हैं कि दोषियों को सख्त से सख्त सजा दी जाए, साथ ही पुलिस में शामिल भ्रष्ट तत्वों पर भी कार्रवाई हो.