क्यों रहस्य बनती जा रही साध्वी प्रेम बाईसा की मौत? पिता-ड्राइवर के बयान अलग, पुलिस के हाथ खाली
कथावाचक साध्वी प्रेम बाईसा की मौत रहस्य बनती जा रही है. पुलिस के हाथ अभी तक कोई ठोस सबूत नहीं लगा है. इसके अलावा पोस्टमार्टम रिपोर्ट से भी तस्वीर साफ नहीं हुई है.;
Sadhvi Prem Baisa
(Image Source: X/ @Ramesh_Chouhan0 )Sadhvi Prem Baisa Suspicious Death: जोधपुर में चर्चित कथावाचक साध्वी प्रेम बाईसा की संदिग्ध मौत का मामला लगातार उलझता जा रहा है. घटना के कई दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस अब तक किसी ठोस नतीजे पर नहीं पहुंच पाई है. जांच के लिए गठित एसआईटी (SIT) हर एंगल से मामले की पड़ताल कर रही है, लेकिन सवाल जस के तस बने हुए हैं.
मौत के कारणों को लेकर अलग-अलग बयान, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्पष्ट निष्कर्ष का अभाव और परिजनों की भूमिका इन सभी ने इस केस को और रहस्यमय बना दिया है. पुलिस ने साफ कर दिया है कि अभी तक किसी को भी क्लीन चिट नहीं दी गई है और जांच पूरी सख्ती के साथ जारी है.
क्या कर रही SIT टीम?
बीते दिन एसआईटी की टीम साध्वी प्रेम बाईसा के आश्रम पहुंची, जहां जांच के दौरान कुछ हिस्सों को सील किया गया. टीम ने मौके पर मौजूद साक्ष्यों का बारीकी से निरीक्षण किया और घटनास्थल से जुड़े कई अहम बिंदुओं को खंगाला. इस दौरान साध्वी के पिता विरमनाथ और उनके ड्राइवर से करीब तीन घंटे तक पूछताछ की गई. पूछताछ के बाद विरमनाथ को शाम के समय एसपी ऑफिस भी बुलाया गया, जहां उनसे दोबारा सवाल-जवाब किए गए.
पिता और ड्राइवर का बयान अलग क्यों?
जांच में सबसे बड़ा सवाल साध्वी की मौत के समय की परिस्थितियों को लेकर है। साध्वी के पिता विरमनाथ ने जांच टीम को बताया था कि उन्हें इंजेक्शन दिया गया, जिसके बाद उन्हें सांस लेने में परेशानी होने लगी.
वहीं, ड्राइवर का बयान इससे अलग है. ड्राइवर के मुताबिक, साध्वी के गले में खाना फंस गया था, जिसकी वजह से वह कुछ बोल नहीं पा रही थीं. इन परस्पर विरोधी बयानों ने पुलिस की जांच को और जटिल बना दिया है.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से क्यों नहीं सुलझी गुत्थी?
शुरुआत में माना जा रहा था कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों से पर्दा उठ जाएगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में साध्वी प्रेम बाईसा की मौत का स्पष्ट कारण सामने नहीं आ सका. करीब पांच दिन से जांच में जुटी पुलिस के हाथ फिलहाल खाली हैं. अब पूरा मामला एफएसएल रिपोर्ट और विसरा जांच पर टिका हुआ है, जिनके आने के बाद ही स्थिति साफ होने की उम्मीद जताई जा रही है.
क्या संपत्ति विवाद से हुई मौत?
पुलिस अब जांच का दायरा बढ़ा रही है. साध्वी प्रेम बाईसा की संपत्ति और बैंक खातों की भी जांच शुरू कर दी गई है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि किसी आर्थिक लेन-देन या संपत्ति विवाद का इस मौत से कोई संबंध तो नहीं है.
इसी क्रम में बीते दो दिनों से घटनास्थल पर मौजूद लोगों से लगातार पूछताछ की जा रही है. साध्वी के पिता विरमनाथ से कई घंटों तक सवाल-जवाब किए गए, जबकि उनके सेवादार और मामा सुरेश से भी देर रात तक पूछताछ हुई.