कौन हैं अक्षय यादव, चतरा में क्रैश हुए एयर एंबुलेंस से क्या है कनेक्शन? हादसे में मरने वालों की हुई पहचान

चतरा जिले में सोमवार रात एक दर्दनाक विमान हादसे ने पूरे राज्य को झकझोर दिया. रांची से नई दिल्ली जा रही एक एयर एम्बुलेंस जंगल क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गई. यह विमान रेडबर्ड एयरवेज द्वारा संचालित किया जा रहा था,

Ranchi Air Ambulance Crash

(Image Source:  X/ @ANI )
Edited By :  विशाल पुंडीर
Updated On : 24 Feb 2026 8:37 AM IST

झारखंड के चतरा जिले में सोमवार रात एक दर्दनाक विमान हादसे ने पूरे राज्य को झकझोर दिया. रांची से नई दिल्ली जा रही एक एयर एम्बुलेंस जंगल क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें सवार सभी 7 लोगों के मारे जाने की आशंका जताई जा रही है. यह विमान गंभीर रूप से झुलसे एक मरीज को बेहतर इलाज के लिए दिल्ली ले जा रहा था. डीजीसीए के बयान के अनुसार, दिल्ली स्थित रेडबर्ड एयरवेज का बीचक्राफ्ट सी90 विमान सोमवार शाम 7:11 बजे बिरसा मुंडा हवाई अड्डा से रवाना हुआ.

उड़ान भरने के बाद शाम 7:34 बजे को कोलकाता एटीसी से संपर्क स्थापित हुआ. बताया गया कि वाराणसी से लगभग 100 समुद्री मील दक्षिण-पूर्व में विमान का कोलकाता से संपर्क और रडार से जुड़ाव अचानक टूट गया. इसके तुरंत बाद यह विमान सिमरिया के पास जंगल क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गया.

कौन हैं अक्षय यादव?

यह विमान रेडबर्ड एयरवेज द्वारा संचालित किया जा रहा था, जिसका स्वामित्व अक्षय यादव के पास है. साल 2018 में स्थापित इस एयरलाइन को 2019 में अनियमित उड़ानों के संचालन की अनुमति मिली थी. विमानन नियामक नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) के अनुसार, कंपनी के बेड़े में कुल 6 विमान शामिल हैं.

विमान में कौन-कौन थे सवार?

इस एयर एम्बुलेंस में कुल 7 लोग सवार थे. इनमें 41 वर्षीय मरीज संजय कुमार शामिल थे, जो 63% तक झुलस चुके थे और उन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची के देवकमल अस्पताल और अनुसंधान केंद्र से दिल्ली ले जाया जा रहा था. विमान में मौजूद अन्य लोगों में शामिल थे....

1. डॉ. विकास कुमार गुप्ता

2. पैरामेडिक सचिन कुमार मिश्रा

3. अर्चना देवी

4. धुरु कुमार

5. विवेक विकास भगत (कप्तान)

6. सवराजदीप सिंह (कप्तान)

क्या खराब मौसम बना हादसे की वजह?

रांची हवाई अड्डे के निदेशक विनोद कुमार ने बताया कि खराब मौसम दुर्घटना का एक संभावित कारण हो सकता है. हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि वास्तविक कारणों का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा.

मरीज को दिल्ली क्यों ले जाया जा रहा था?

देवकमल अस्पताल के सीईओ अनंत सिन्हा ने पीटीआई को बताया कि एयर एम्बुलेंस की व्यवस्था मरीज के परिजनों द्वारा की गई थी. परिवार ने बेहतर इलाज के लिए उसे दिल्ली स्थानांतरित करने का निर्णय लिया था. उन्होंने कहा "मरीज शाम करीब 4:30 बजे अस्पताल से दिल्ली के लिए रवाना हो गया."

Similar News