4 गोल्ड, 2 सिल्वर और 1 ब्रॉन्ज! एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप में भारत की बेटियों ने रचा इतिहास, हरियाणा की छोरियों ने जीते 5 मेडल

एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप में भारतीय महिला खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 7 मेडल जीते, जिनमें 4 गोल्ड, 2 सिल्वर और 1 ब्रॉन्ज मेडल शामिल है. हरियाणा की खिलाड़ियों ने सबसे ज्यादा पदक हासिल किए.

एशियन बॉक्सिंग में भारतीय बेटियों का दबदबा, 4 गोल्ड जीतकर रचा इतिहास

(Image Source:  X@India_AllSports )
Edited By :  अच्‍युत कुमार द्विवेदी
Updated On : 9 April 2026 11:14 PM IST

Asian Boxing Championship 2026: मंगोलिया की राजधानी उलानबटोर में आयोजित एशियन मुक्केबाजी चैंपियनशिप में भारतीय महिला मुक्केबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 गोल्ड, 2 सिल्वर और 1 ब्रांज मेडल जीतकर देश का नाम रोशन किया. इस शानदार प्रदर्शन में हरियाणा की खिलाड़ियों ने सबसे ज्यादा प्रभाव छोड़ा.

भारत के लिए Preeti Panwar, Meenakshi Hooda, Priya Ghanghas और Arundhati Chaudhary ने गोल्ड मेडल जीते, जबकि Jasmine Lamboria और Alfiya Pathan ने सिल्वर मेडल हासिल किया. वहीं Pooja Rani ने ब्रांज मेडल अपने नाम किया.

फाइनल मुकाबलों का कैसा रहा परिणाम?

  • 54 किलोग्राम - प्रीति पंवार ने ताइवान की तीन बार की विश्व चैंपियन हुआंग ह्सियाओ-वेन को 5-0 से हराया
  • 48 किलोग्राम - मीनाक्षी हुड्डा ने मंगोलिया की नोमुंदारी एंख-अमगालन को 5-0 से मात दी
  • 60 किलोग्राम - प्रिया घणघस ने उत्तर कोरिया की उन ग्योंग वोन को 3-0 से हराया
  • 70 किलोग्राम - अरुंधति चौधरी ने कजाकिस्तान की बकित सेइडिश को 4-1 से हराया
  • 57 किलोग्राम - जैस्मिन लंबोरिया को थाईलैंड की पुनरावी रुएनरोस से 0-5 से हार, रजत पदक
  • 80+ किलोग्राम - अल्फिया पठान को कजाकिस्तान की दीना इस्लम्बेकोवा से हार, रजत पदक

तीन बार की विश्व चैंपियन को हराकर चमकी प्रीति पंवार

हरियाणा के गांव बड़ेसरा की रहने वाली प्रीति पंवार ने फाइनल में तीन बार की विश्व चैंपियन को हराकर बड़ा इतिहास रच दिया. 2017 में बॉक्सिंग शुरू करने वाली प्रीति को उनके चाचा विनोद ने ट्रेनिंग दी, जो महम में बॉक्सिंग अकादमी चलाते हैं. प्रीति की मेहनत को देखते हुए परिवार महम में ही रहने लगा ताकि उन्हें बेहतर ट्रेनिंग मिल सके. अब उनके गोल्ड मेडल जीतने से पूरे परिवार में खुशी का माहौल है.

सेना की सूबेदार जैस्मिन लंबोरिया ने कौन सा मेडल जीता?

भिवानी की बेटी जैस्मिन लंबोरिया, जो भारतीय सेना में सूबेदार हैं, ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक जीता. जैस्मिन पहले भी 2025 में इंग्लैंड, कजाकिस्तान और नोएडा में आयोजित प्रतियोगिताओं में स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं. उनके परिवार ने बताया कि जैस्मिन ने अपने चाचा संदीप और परविंदर के मार्गदर्शन में बॉक्सिंग शुरू की और लगातार देश का नाम रोशन कर रही हैं.

साई सेंटर भिवानी की प्रिया घणघस ने क्या जीता?

भिवानी के धनाना गांव की प्रिया घणघस ने 60 किलोग्राम वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर शानदार प्रदर्शन किया. साई सेंटर भिवानी में अभ्यास करने वाली प्रिया को प्रशिक्षक महावीर सिंह और नवीन शर्मा ने बधाई दी.

कॉलेज से शुरू हुआ पूजा रानी का सफर

कांस्य पदक विजेता पूजा रानी ने कॉलेज के दौरान बॉक्सिंग शुरू की. आदर्श कॉलेज भिवानी में शारीरिक शिक्षक मुकेश रानी ने उन्हें देखकर बॉक्सिंग में भेजा. इसके बाद हवासिंह बॉक्सिंग अकादमी में प्रशिक्षण लेकर उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर तक का सफर तय किया.

Similar News