एग्जाम हॉल बना चीटिंग सेंटर, पुलिसकर्मी ही बन गए ‘नकल मास्टर’, DC ने रद्द की बोर्ड परीक्षा

हरियाणा के पानीपत में बोर्ड परीक्षाओं को लेकर बड़ा खुलासा सामने आया है, जहां दो परीक्षा केंद्रों पर सामूहिक नकल का मामला पकड़ा गया. वायरल वीडियो में पुलिसकर्मी और सेंटर सुपरिटेंडेंट खुद छात्रों को नकल कराते नजर आए, जिसके बाद प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए इन केंद्रों की परीक्षाएं रद्द कर दीं.

पानीपत में बोर्ड एग्जाम रद्द

(Image Source:  AI SORA )
Edited By :  हेमा पंत
Updated On : 2 April 2026 4:25 PM IST

हरियाणा के पानीपत में बोर्ड परीक्षाओं के दौरान सामने आया नकल कांड अब बड़ा घोटाला बनता जा रहा है. एग्जाम सेंटर, जहां छात्रों को ईमानदारी से परीक्षा देनी चाहिए थी, वहीं पर पुलिसकर्मी और स्टाफ खुद ‘नकल मास्टर’ बनकर बच्चों को चीटिंग कराते नजर आए. इस पूरे मामले का खुलासा तब हुआ जब सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो वायरल हुए, जिनमें खुलेआम नियमों की धज्जियां उड़ती दिखाई दीं.

वीडियो सामने आने के बाद प्रशासन ने तुरंत सख्त कदम उठाते हुए दो एग्जाम सेंटरों की परीक्षाएं रद्द कर दीं. जिला उपायुक्त ने साफ कर दिया है कि मामले में शामिल पुलिसकर्मियों, शिक्षकों और अन्य स्टाफ पर कार्रवाई होगी. साथ ही, जांच के बाद दोषियों के खिलाफ कानूनी कदम भी उठाए जाएंगे, जिससे भविष्य में ऐसी घटनाओं पर पूरी तरह लगाम लगाई जा सके.

वीडियो वायरल होने के बाद हुई कार्रवाई

मामले की शुरुआत उन वीडियो से हुई, जिनमें परीक्षा केंद्र पर तैनात पुलिसकर्मी और सुपरिटेंडेंट छात्रों को नकल कराते दिखे. जैसे ही ये वीडियो सामने आए, प्रशासन हरकत में आया और तुरंत जांच के आदेश दिए गए.

दो परीक्षा केंद्रों की परीक्षाएं रद्द

जिला अधिकारी वीरेंद्र दहिया ने बताया कि इसराना और डाहर स्थित परीक्षा केंद्रों पर हुई सभी परीक्षाओं को रद्द करने का फैसला लिया गया है. साथ ही वहां तैनात पुलिस और शिक्षण स्टाफ के खिलाफ विभागीय जांच शुरू कर दी गई है. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

कैमरे बंद कर कराई जाती थी नकल

रैपिड एक्शन फोर्स की जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि परीक्षा के दौरान सीसीटीवी कैमरों को बंद कर दिया जाता था. जब फ्लाइंग स्क्वॉड जांच के लिए पहुंचता, तब कैमरे चालू कर दिए जाते थे, लेकिन उनके जाते ही फिर बंद कर नकल शुरू हो जाती थी. जांच एजेंसियों ने पुलिसकर्मियों और सेंटर सुपरिटेंडेंट के खिलाफ विभागीय कार्रवाई और एफआईआर दर्ज करने की सिफारिश की है. इसके अलावा यह भी आशंका जताई जा रही है कि इस पूरे मामले में स्थानीय चेकिंग टीम की भी भूमिका हो सकती है.

छात्रों पर भी होगी कार्रवाई

हालांकि प्रशासन ने पहले छात्रों पर केस दर्ज करने से बचने की बात कही थी, लेकिन अब साफ किया गया है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले छात्रों पर भी कार्रवाई की जाएगी.

दोबारा चेक होंगी आंसर शीट्स

बोर्ड जांच में सामने आया कि 2 फरवरी और 12 मार्च को हुई परीक्षाओं में बड़े स्तर पर नकल कराई गई थी. इन परीक्षाओं की पूरी प्रक्रिया अब जांच के दायरे में है. बोर्ड चेयरमैन डॉ पवन कुमार ने कहा कि संदिग्ध आंसर शीट्स की दोबारा जांच कराई जाएगी. साथ ही आगे ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए पूरे राज्य में विशेष टीमें तैनात की जाएंगी, जो हर परीक्षा पर नजर रखेंगी.

Similar News