जब से रवीश गया... रैपर Dhanda Nyoliwala का मीडिया पर तंज, फैंस बोले- ये है असली 56 इंच वाला
हरियाणवी रैपर Dhanda Nyoliwala एक बार फिर चर्चा में आ गए हैं. हाल ही में हुए उनके लाइव कॉन्सर्ट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह अपने शायराना अंदाज़ में मीडिया पर तीखा तंज कसते नजर आ रहे हैं.
हरियाणवी रैपर ढांडा न्योलीवाला एक बार फिर सुर्खियों में हैं. हाल ही में एक लाइव कॉन्सर्ट के दौरान उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह अपने खास अंदाज़ में मीडिया पर तंज कसते नजर आ रहे हैं. 'जब से रवीश गया' से शुरू हुई उनकी बात ने लोगों का ध्यान खींच लिया और देखते ही देखते यह क्लिप चर्चा का विषय बन गई.
इस वीडियो के सामने आने के बाद फैंस के रिएक्शन्स की बाढ़ आ गई है. कई यूजर्स ने उनकी बेबाकी की तारीफ की, तो कुछ ने उन्हें 'असली 56 इंच वाला' तक बता दिया.
कॉन्सर्ट में मीडिया पर कसा तंज
कॉन्सर्ट के दौरान रैपर ढांडा न्योलीवाला ने अपनी परफॉर्मेंस के बीच ऐसी लाइन्स कही, जिसने लोगों का ध्यान खींच लिया. उन्होंने मीडिया के काम करने के तरीके पर सवाल उठाते हुए इशारों-इशारों में कहा कि अब विचारों की जगह बाजारी सोच हावी हो गई है. उन्होंने मशहूर पत्रकार रवीश कुमार का भी जिक्र किया.
क्या बोले रैपर ढांडा न्योलीवाला?
ढांडा न्योलीवाला ने चंडीगढ़ कॉन्सर्ट में अपने शायराना अंदाज़ से मीडिया पर जोरदार तंज कसते हुए कहा 'जब से रवीश गया है, उस दिन से मीडिया वाले विचार नहीं देखते. ये फूल कलियां चांद तारे सब कुछ ही बाजारी लागे. कौन खेला होई, ये तो खून की पिचकारी लागे. कलाकार 24 घंटे तलवे चाटे नेता के इनकी कलम भी दरबारी लागे. बता इसमें झूठ के, सूख गए पत्ते, जो कला के पेड़ ते टूट गए. मैं लिखा नी करूं जंजीरा ते बांध के मैं लिखया करूं बंदिश और बेड़ियां ते उठके.'
सोशल मीडिया पर लोगों के रिएक्शन्स
कॉन्सर्ट का यह वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर यूजर्स की रिएक्शन्स की बाढ़ आ गई. कई लोगों ने उनकी बेबाकी की तारीफ की और कहा कि उन्होंने दिल की बात को बिना किसी लाग-लपेट के पेश किया. एक यूजर ने लिखा कि उन्होंने सच्चाई को शायरी के जरिए बेहद सटीक तरीके से रखा, जबकि दूसरे ने रवीश कुमार का नाम लेने को लेकर उनकी सराहना की. कुछ लोगों ने तो उन्हें “असली 56 इंच वाला” तक कह दिया.
बेबाक अंदाज़ से बनी अलग पहचान
ढांडा न्योलीवाला अपने अलग अंदाज़ और बेबाक बोल के लिए जाने जाते हैं. उनके गानों और परफॉर्मेंस में अक्सर समाज से जुड़े मुद्दे देखने को मिलते हैं, जो युवाओं के बीच उन्हें खास बनाते हैं. यही वजह है कि उनका हर बयान और स्टेज परफॉर्मेंस चर्चा का विषय बन जाता है. इस बार भी उन्होंने अपनी शायरी के जरिए एक बार फिर यह साबित कर दिया कि वह सिर्फ एक रैपर नहीं, बल्कि अपने विचारों को खुलकर रखने वाले कलाकार हैं.