Haryana Rajya Sabha Chunav में आधी रात तक सस्पेंस, निर्दलीय दांव फेल, बीजेपी-कांग्रेस को मिली 1-1 सीट; जानें डिटेल

हरियाणा की दो राज्यसभा सीटों के लिए हुए चुनाव के नतीजे देर रात सामने आए, जिसमें बीजेपी और कांग्रेस को एक-एक सीट मिली है. कांग्रेस के कर्मवीर सिंह बौद्ध और बीजेपी के संजय भाटिया ने जीत दर्ज की, जबकि बीजेपी समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार सतीश नांदल को हार का सामना करना पड़ा.

( Image Source:  X-@ANI )
Edited By :  समी सिद्दीकी
Updated On : 17 March 2026 7:24 AM IST

Haryana Rajya Sabha Chunav Result: हरियाणा की राज्यसभा की दो सीटों के लिए सोमवार को मतदान हुआ, जिसके परिणाम सोमवार रात और मंगलवार सुबह के बीच सामने आए. देर रात तक चली गिनती में बीजेपी और कांग्रेस ने एक-एक सीट अपने नाम की.

मतदान प्रक्रिया सोमवार शाम चार बजे समाप्त हो गई थी, लेकिन गिनती रात साढ़े नौ बजे तक शुरू नहीं हो सकी. चुनाव आयोग की मध्यस्थता के बाद गिनती की प्रक्रिया शुरू हुई और आधी रात तक नतीजे घोषित कर दिए गए.

बीजेपी और कांग्रेस से किसने जीत हासिल की?

राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार कर्मवीर सिंह बौद्ध और बीजेपी उम्मीदवार संजय भाटिया विजयी हुए. वहीं बीजेपी समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार सतीश नांदल को हार का सामना करना पड़ा.

क्या बोले कर्मवीर सिंह बौद्ध?

कर्मवीर सिंह बौद्ध ने बताया कि उन्हें जीत के लिए काफी मेहनत करनी पड़ी. उन्होंने कहा कि कुछ मतदान अवैध रूप से रद्द किए गए, लेकिन उन्हें कांग्रेस पार्टी और जनता का समर्थन मिला. बौद्ध ने यह भी कहा कि उन्हें कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व का पूरा सहयोग मिला है और वह भविष्य में जनता के बीच समय बिताते रहेंगे.

निर्दलीय सतीश नांदल को 16 विधायकों के वोट प्राप्त हुए. हालांकि जीत के लिए निर्धारित वोट वैल्यू कांग्रेस और बीजेपी उम्मीदवारों ने पहले ही हासिल कर ली थी. इस कारण सतीश नांदल के सेकेंड प्रेफरेंस वोट वैल्यू की गिनती करने की आवश्यकता नहीं पड़ी. इस तरह कुल 83 मान्य वोटों की गिनती हुई, जिनकी कुल वोट वैल्यू 8300 थी.

किसको कितना वोट वैल्यू?

वोट वैल्यू और प्रेफरेंस के अनुसार बीजेपी के संजय भाटिया को 2766.66, कांग्रेस के कर्मवीर बौद्ध को 2800 और निर्दलीय उम्मीदवार सतीश नांदल को 2733.33 वोट वैल्यू मिली. जीत के लिए उम्मीदवार को कम से कम 27.66 कोटा वोट की आवश्यकता थी. इस तरह हरियाणा राज्यसभा के दो पदों पर बीजेपी और कांग्रेस दोनों ने सफलता प्राप्त की, जबकि निर्दलीय उम्मीदवार को जीत नहीं मिल सकी.

कांग्रेस लीडर भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने क्या कहा?

भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि आज लोकतंत्र की जीत हुई है और वोट चोरी की कोशिश हार गई. बहुमत के हिसाब से एक सीट बीजेपी को और एक सीट कांग्रेस को मिलनी थी, लेकिन तीसरे उम्मीदवार को उतारकर बीजेपी ने वोट चोरी की कोशिश की, जो सफल नहीं हो पाई. रिटर्निंग ऑफिसर का रवैया भी पक्षपातपूर्ण था, इसके बावजूद हम जीत गए.”

क्रॉस वोटिंग पर उन्होंने क्या कहा?

उन्होंने आगे कहा, “यह कांग्रेस के लिए बड़ी चुनौती थी, एक तरह की अग्नि परीक्षा थी, जिसे हमने आज पार कर लिया.” क्रॉस वोटिंग के सवाल पर उन्होंने कहा, “मैं उन लोगों का नाम नहीं लेना चाहता जिन्होंने ऐसा किया, लेकिन अब जनता सब समझ चुकी है और इसका जवाब जरूर दिया जाएगा.”

Similar News