Begin typing your search...

एकतरफा प्यार, गुस्सा और 50 वार: गुरुग्राम के इंजीनियर ने क्यों की जुड़वां बहन की बेरहम हत्या? दिल दहलाने वाली कहानी

गुरुग्राम के एक इंजीनियर पर आरोप है कि उसने मुरादाबाद में अपनी जुड़वां बहन की बेरहमी से हत्या कर दी. पुलिस जांच में सामने आया कि असफल रिश्ते और करियर को लेकर विवाद के बाद यह खौफनाक वारदात हुई.

Twin Sisters Murder Case Gurugram Engineer
X

गुरुग्राम से जुड़े जुड़वां बहन की क्रूरता के साथ हत्याके मामले में जारी पुलिस जांच में कई चौंकाने वाले खुलासे सामने आ रहे हैं. 25 वर्षीय इंजीनियर हार्दिक मल्होत्रा पर आरोप है कि उसने अपनी ही जुड़वां बहन हिमशिखा पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आया कि युवती के शरीर पर करीब 50 गहरे घाव थे, जिससे इस हत्या की क्रूरता का अंदाजा लगाया जा सकता है. पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी एक असफल रिश्ते को लेकर मानसिक तनाव में था. जबकि उसकी बहन उसे करियर पर ध्यान देने की सलाह दे रही थी. बताया जा रहा है कि इसी बात को लेकर हुई बहस ने देखते ही देखते एक खौफनाक वारदात का रूप ले लिया.

मुरादाबाद में सामने आए जुड़वां बहन हत्याकांड ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है. 25 वर्षीय इंजीनियर हार्दिक मल्होत्रा पर अपनी ही जुड़वां बहन हिमशिखा की बेरहमी से हत्या करने का आरोप है. शुरुआती जांच के बाद अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच से इस मामले के कई चौंकाने वाले पहलू सामने आए हैं.

टीआईआर ने मुरादाबाद के एसपी कुमार रणविजय हवाले से बताया है कि आरोपी पिछले कुछ महीनों से एक असफल ऑनलाइन रिश्ते की वजह से मानसिक रूप से परेशान था, जबकि उसकी बहन उसे बार-बार करियर पर ध्यान देने की सलाह देती थी. यही तनाव धीरे-धीरे इतना बढ़ गया कि 7 मार्च की शाम एक मामूली बहस खौफनाक वारदात में बदल गई.

क्या था भाई-बहन के बीच विवाद का कारण?

पुलिस जांच में सामने आया है कि हार्दिक मल्होत्रा पिछले सात महीनों से सोशल मीडिया के जरिए दूसरे धर्म की एक युवती के साथ ऑनलाइन रिश्ते में था. दोनों की बातचीत इंटरनेट पर होती थी और वे कभी आमने-सामने नहीं मिले थे. कुछ सप्ताह पहले यह रिश्ता टूट गया, जिसके बाद हार्दिक काफी परेशान और तनाव में रहने लगा. जांचकर्ताओं के मुताबिक उसकी बहन हिमशिखा उसे बार-बार समझाती थी कि वह इन बातों से निकलकर अपने करियर पर ध्यान दे. इसी बात को लेकर दोनों के बीच कई बार बहस भी हो चुकी थी.

घटना वाले दिन क्या हुआ था?

7 मार्च की शाम दोनों के बीच एक बार फिर इसी मुद्दे पर बहस हो गई. पुलिस के अनुसार बहस के दौरान हार्दिक का गुस्सा बेकाबू हो गया और उसने रसोई में रखा चाकू उठा लिया. इसके बाद उसने अपनी बहन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया. बताया जाता है कि हमला इतना अचानक और हिंसक था कि हिमशिखा को बचने का मौका ही नहीं मिला.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में क्या खुलासा हुआ?

मुरादाबाद के एसपी कुमार रणविजय के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने इस हत्या की क्रूरता को उजागर कर दिया है. डॉक्टरों ने हिमशिखा के शरीर पर कम से कम 50 गहरे घाव पाए. गर्दन, छाती, पेट, हाथ, पैर, कंधे और चेहरे तक पर वार किए गए थे. दिल, लिवर और किडनी जैसे कई अहम अंग गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गए थे. पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह उनके करियर में देखे गए सबसे क्रूर हत्या स्थलों में से एक था.

आरोपी का बैकग्राउंड क्या है?

हार्दिक मल्होत्रा मूल रूप से बदायूं का रहने वाला है और वह गुरुग्राम में एक इंजीनियर के तौर पर काम कर चुका था. पुलिस पूछताछ में उसने बताया कि उसने करीब एक साल पहले अपनी सॉफ्टवेयर इंजीनियर की नौकरी छोड़ दी थी और सोशल मीडिया कंटेंट डेवलपमेंट में करियर बनाना चाहता था. दूसरी ओर उसकी जुड़वां बहन हिमशिखा गुरुग्राम की एक निजी कंपनी में काम कर रही थी और साथ-साथ MBA की परीक्षा की तैयारी भी कर रही थी. दोनों भाई-बहन गुरुग्राम में साथ रहते थे और होली के मौके पर मुरादाबाद अपने घर आए हुए थे.

क्या मां पर भी हुआ हमला?

पुलिस के अनुसार हार्दिक ने बहन की हत्या के बाद अपनी मां नीलिमा मल्होत्रा को लेने उनके ऑफिस पहुंचा और उन्हें घर लेकर आया. जब मां ने घर में अपनी बेटी की लाश देखी तो वह चीख पड़ीं. इसी दौरान हार्दिक ने उन पर भी हमला कर दिया. हालांकि, उन्हें कई चोटें आईं, लेकिन वह किसी तरह बच गईं. फिलहाल उनका इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है.

पुलिस जांच अब किस दिशा में बढ़ रही है?

पुलिस ने आरोपी हार्दिक को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है. अधिकारियों का कहना है कि घटना के पीछे मानसिक तनाव, असफल रिश्ता और पारिवारिक विवाद जैसे कई पहलुओं की जांच की जा रही है. फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट और शुरुआती पूछताछ से यह साफ हो गया है कि मामूली विवाद के बाद शुरू हुआ गुस्सा कुछ ही मिनटों में एक बेहद क्रूर हत्या में बदल गया.

UP NEWS
अगला लेख