'CM बना पछता रही BJP?' क्राइम-अपराध पर घिरे सम्राट, RJD बोली- 13 करोड़ बिहारियों को किया शर्मिंदा
| सम्राट चौधरी के क्राइम-अपराध बयान पर बिहार में सियासी घमासान छिड़ गया है. RJD ने मुख्यमंत्री और बीजेपी के नेतृत्व पर तीखा हमला बोला है.
दिल्ली में बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की ओर से दिए बयान ने राज्य की राजनीति में नया विवाद खड़ा कर दिया है. दिल्ली में एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि बिहार में 'क्राइम' हो सकता है, लेकिन 'अपराध' नहीं. उनके इस बयान पर पहले नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने तंज कसा और अब राष्ट्रीय जनता दल के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रो. नवल किशोर यादव ने मुख्यमंत्री पर तल्ख टिप्पणी की है. उन्होंने सम्राट चौधरी की भाषा, राजनीतिक समझ और नेतृत्व क्षमता पर सवाल उठाते हुए यहां तक कह दिया कि बीजेपी के पास बिहार में कोई ढंग का नेता नहीं है. पार्टी ने नीतीश कुमार की जगह ऐसे व्यक्ति को मुख्यमंत्री बना दिया है, जो अपने बयानों से बिहार को शर्मिंदा कर रहा है.
बीजेपी में लीडरशिप क्राइसिस!
स्टेट मिरर से बातचीत में आरजेडी प्रवक्ता प्रो. नवल किशोर यादव ने कहा कि बिहार में करीब 13 करोड़ लोग रहते हैं और मुख्यमंत्री उसी राज्य के लोगों के सामने कह रहे हैं कि अपराध का कॉन्सेप्ट खत्म हो गया है. आखिर सम्राट चौधरी कहना क्या चाहते हैं? उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पद पर बैठे व्यक्ति को कम से कम इतनी समझ तो होनी चाहिए कि सार्वजनिक मंच पर क्या बोलना है और क्या नहीं. नवल किशोर यादव ने तंज कसते हुए कहा कि बीजेपी कम से कम कोई ढंग का आदमी तो मुख्यमंत्री बनाती. पार्टी आज लीडरशिप क्राइसिस से जूझ रही है और बिहार में उसके पास कोई अच्छा नेता तक नहीं है.
'दिल बहलाने वाले बयान देते हैं सम्राट'
आरजेडी प्रवक्ता ने आगे कहा कि जब मुख्यमंत्री ही इस तरह की बातें करेंगे तो बिहार का काम कैसे चलेगा? उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी का मौजूदा नेतृत्व ऐसे लोगों को आगे बढ़ाना चाहता है, जो जनता के असली मुद्दों से ध्यान हटाकर दिल बहलाने वाली बातें करें. नवल किशोर यादव के मुताबिक, सम्राट चौधरी के बयान इसी राजनीति का हिस्सा हैं. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कुछ भी बोल सकते हैं, इसमें अब कोई अजूबे वाली बात नहीं रह गई है.
'बीजेपी को चाहिए ही अनुराग ठाकुर जैसे नेता, जो गोली मारने की बात करें'
नवल किशोर यादव ने अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए बीजेपी के दूसरे नेताओं पर भी निशाना साधा. उन्होंने केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर के पुराने 'गोली मारो' वाले बयान का हवाला दिया और कहा कि बीजेपी नेतृत्व को इसी तरह के बयान देने वाले नेता पसंद हैं. उन्होंने केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह का नाम लेते हुए भी उन पर तीखी टिप्पणी की. आरजेडी प्रवक्ता का आरोप था कि बीजेपी में ऐसे नेताओं को आगे किया जा रहा है, जो अपने बयानों से असल मुद्दों को पीछे कर देते हैं.
'सम्राट को सीएम बनाना जनता का फैसला नहीं, बीजेपी ने थोप दिया'
मुख्यमंत्री पर निजी हमला बोलते हुए नवल किशोर यादव ने कहा कि सम्राट चौधरी के बारे में कई बातें पहले से सार्वजनिक हैं. उन्होंने मुख्यमंत्री पर गंभीर आरोपों का जिक्र करते हुए उनकी भाषा और व्यवहार पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि बिहार की धरती पर एक से बढ़कर एक प्रबुद्ध और योग्य लोग सार्वजनिक जीवन में आए, लेकिन आज बीजेपी ने सम्राट चौधरी को मुख्यमंत्री बना दिया है. उनके शब्दों में, सम्राट को मुख्यमंत्री बनाना बिहार की 13 करोड़ जनता का फैसला नहीं, बल्कि बीजेपी का फैसला है. उन्होंने इसे जनता पर थोपा गया निर्णय करार दिया.
सम्राट को आगे करने पर बीजेपी को क्यों घेर रही RJD?
आरजेडी प्रवक्ता ने कहा कि बीजेपी नेतृत्व ने नीतीश कुमार को हटाकर ऐसे लोगों को आगे किया है, जिनके बयान बिहार के लोगों को शर्मिंदा करने वाले हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में विकास, रोजगार और कानून-व्यवस्था जैसे सवालों पर बात करने के बजाय मुख्यमंत्री अपने बयानों से चर्चा में बने हुए हैं. नवल किशोर यादव ने इसे बीजेपी सरकार की अब तक की उपलब्धि बताते हुए तंज कसा.
सम्राट ने ऐसा क्या कहा कि छिड़ गया सियासी घमासान?
दरअसल, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मंगलवार को नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय और बिहार सरकार के बीच नदी जल प्रबंधन तथा गाद निकासी से जुड़े समझौते के कार्यक्रम में शामिल हुए थे. मंच पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे. इसी दौरान बिहार की कानून-व्यवस्था पर बोलते हुए उन्होंने कहा, "हमारे यहां कोई अपराध नहीं है. अपराध का कॉन्सेप्ट ही खत्म हो चुका है. क्राइम हो सकते हैं, लेकिन अपराध नहीं. कोई अपराधी नहीं है." उन्होंने पुलिस को यह निर्देश भी दिया कि पुलिस को चुनौती देने वालों को 48 घंटे के भीतर जवाब दिया जाए और अपराधियों को बख्शा न जाए.
तेजस्वी ने सम्राट को क्यों कहा 'नमूना'?
सीएम सम्राट चौधरी के बयान का वीडियो सामने आने के बाद तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री पर तंज कसा. उन्होंने लिखा कि बिहार में 'क्राइम' हो सकता है, लेकिन 'अपराध' नहीं. तेजस्वी ने सम्राट को 'नमूना मुख्यमंत्री' बताते हुए उनके खिलाफ सात हत्याओं से जुड़े मामले का आरोप भी उठाया. उन्होंने मंच पर मौजूद आईएएस और आईपीएस अधिकारियों से सवाल किया कि मुख्यमंत्री के साथ काम करके वे खुद को सम्मानित महसूस कर रहे हैं या अपमानित. साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए पूछा कि क्या उन्होंने सम्राट चौधरी के हाथों बिहार को बर्बाद करने की जिम्मेदारी दे रखी है.