एक तरफ जहां सम्राट चौधरी दे रहें अपराध और क्राइम की परिभाषा का ज्ञान तो दूसरी तरफ मधुबनी ने ASI ने 4 लोगों पर चलाई गोली- DM ने भी दिया अनोखा बयान
CM सम्राट चौधरी ने कहा बिहार में अपराध का कॉन्सेप्ट खत्म, उधर मधुबनी में ASI की गोलीबारी से एक की मौत और तीन घायल. DM के बयान पर भी ग्रामीणों में गुस्सा.
बिहार में अपराध को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का बयान चर्चा में है. उन्होंने दावा किया कि राज्य में अपराध का कॉन्सेप्ट खत्म हो चुका है. उनके मुताबिक, क्राइम हो सकता है, लेकिन अपराध नहीं हो सकता. मुख्यमंत्री के इस बयान के बीच मधुबनी में एक ऐसी घटना सामने आई, जिसने पुलिस और प्रशासन दोनों को सवालों के घेरे में खड़ा कर दिया. यहां एक ASI पर चार ग्रामीणों को गोली मारने का आरोप है. गोली लगने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए.
मामला मधुबनी जिले के बाबूबरही थाना क्षेत्र के बलिराजगढ़ गांव का है. यहां पुलिस पिकेट पर तैनात ASI चंद्रमोहन सिंह पर आरोप है कि वह देर रात गांव की एक महिला के घर पहुंचा था. ग्रामीणों के मुताबिक, पड़ोस के लोगों को इसकी भनक लगी तो उन्होंने विरोध शुरू कर दिया. देखते ही देखते कई लोग मौके पर इकट्ठा हो गए और ASI को घर के अंदर ही घेर लिया.
बताया जा रहा है कि ग्रामीणों ने घर के बाहर से कुंडी लगा दी थी. खुद को घिरा देखकर ASI ने अपनी सर्विस पिस्टल निकाल ली और खिड़की या दरवाजे की तरफ से फायरिंग शुरू कर दी. इस दौरान करीब चार से पांच राउंड गोलियां चलने की बात सामने आई है. गोलीबारी में 50 वर्षीय अशोक यादव गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. वहीं, फूलो देवी, विजेंद्र यादव और धनिक लाल यादव भी गोली लगने से घायल हुए हैं.
ASI पर हत्या का केस, 25 हजार का इनाम
घटना के बाद आरोपी ASI मौके से फरार हो गया. पुलिस प्रशासन ने उसे तत्काल निलंबित कर दिया है और उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है. मधुबनी के SSP योगेंद्र कुमार ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दो विशेष टीमें गठित की हैं. साथ ही उसकी सूचना देने वाले को 25 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की गई है. SSP ने मामले में स्पीडी ट्रायल कराने और आरोपी को कड़ी सजा दिलाने की बात भी कही है. पुलिस की ओर से लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और सोशल मीडिया पर अपुष्ट जानकारी साझा नहीं करने की अपील की गई है.
DM को ग्रामीणों के गुस्से का सामना, महिला ने पकड़ी कॉलर
गोलीकांड के बाद बलिराजगढ़ गांव में लोगों का गुस्सा फूट पड़ा. घटना की जानकारी लेने और ग्रामीणों को समझाने पहुंचे जिला प्रशासन के अधिकारियों को भी भारी विरोध का सामना करना पड़ा. इसी दौरान एक महिला ने DM का कॉलर पकड़ लिया. कुछ महिलाओं के हाथों में चप्पल भी नजर आई.
इस पूरे घटनाक्रम के बीच DM का कथित बयान भी विवाद की वजह बन गया. वायरल जानकारी के मुताबिक, उन्होंने कहा, 'जो ईश्वर के पास जाना है, वो जाना है.' इस टिप्पणी पर ग्रामीणों ने नाराजगी जताई और प्रशासन की भूमिका पर सवाल उठाए. हालांकि, इस बयान का पूरा संदर्भ और आधिकारिक पक्ष सामने आना जरूरी है.
सम्राट चौधरी ने क्या कहा था?
इस घटना से अलग, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दिल्ली में एक समारोह के दौरान बिहार में अपराध की स्थिति पर अपनी सरकार का पक्ष रखा था. उन्होंने कहा था कि राज्य में अपराध का कॉन्सेप्ट खत्म हो चुका है. उनके शब्दों में, 'क्राइम हो सकता है, लेकिन अपराध नहीं हो सकता है. कोई अपराधी नहीं है.'
सम्राट चौधरी ने आगे कहा कि जो भी गड़बड़ी करेगा या अपराध करेगा, उसे जेल भेजा जाएगा. अपराधियों के लिए बिहार में कोई जगह नहीं है और ऐसे मामलों में किसी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी. उन्होंने दावा किया कि अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है और तकनीक तथा AI कैमरों की मदद से उनकी पहचान कर तुरंत कार्रवाई की जा रही है. मुख्यमंत्री ने सरकार की नीति को जीरो टॉलरेंस बताते हुए कहा कि अपराध करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा.
अपराध और क्राइम में क्या फर्क है?
आम बोलचाल में 'अपराध' और 'क्राइम' एक ही अर्थ में इस्तेमाल होते हैं. अपराध हिंदी का शब्द है, जबकि क्राइम अंग्रेजी का. दोनों का मतलब ऐसे काम से है, जिसे कानून के तहत गलत माना गया हो और जिसके लिए सजा का प्रावधान हो.
ऐसे में मुख्यमंत्री के 'क्राइम हो सकता है, लेकिन अपराध नहीं' वाले बयान ने राजनीतिक और सामाजिक चर्चा को जन्म दे दिया है. दूसरी तरफ मधुबनी की घटना में एक पुलिसकर्मी पर ही गोलीबारी का गंभीर आरोप लगा है. अब इस मामले में आरोपी ASI की गिरफ्तारी, घायलों का इलाज और ग्रामीणों को न्याय दिलाना प्रशासन के सामने बड़ी चुनौती है.




